[दीवान]बाजार भाव रिपोर्टिंग -1
Ravikant
ravikant at sarai.net
Fri Mar 23 13:34:20 IST 2007
आलोक पुराणिक की पहली खेप...जो याहू के डाकबक्से में से गड़बड़ होकर आई थी.
मज़े लें.
रविकान्त
पहली डाक –आलोक पुराणिक
फर्स्ट पोस्टिंग का यही अनुवाद सटीक लगता है।
सबसे पहले परिचय, मिर्जा गालिब ने बरसों पहले परिचय मांगे जाने पर कहा था-
पूछा है उन्होने कि गालिब है भला कौन, कोई बतलाओ उन्हे कि हम बतलायें क्या।
चचा गालिब अफोर्ड कर सकते थे, बिना परिचय दिये उनका काम चल गया। अपना परिचय अभी ऐसा
नहीं हुआ कि कोई बतलाये कि हम बतलायें क्या। हमें बतलाना पड़ता है कि फैलोशिप के चेक पर अपना
यह नाम होना चाहिए। सो नाम का परिचय और काम का परिचय जरुरी है। खाकसार का नाम आलोक
पुराणिक है।
काम कई तरह के करता हूं, दिल्ली विश्वविद्यालय में कामर्स पढ़ाता हूं। उससे पहले कई सालों तक हिं
दी में आर्थिक पत्रकारिता की। वैसे अभी भी कर रहा हूं। इन दिनों व्यंग्य भी लिख रहा हूं। साथ में
शोध करता हूं। टीवी, रेडियो, प्रिंट, इंटरनेट सब जगह में हाथ आजमाये हैं। आजमाये क्या, अभी भी
आजमा रहा हूं।
वैसे सही परिचय यही है कि एक धांसू सा परिचय बनाने की जुगाड़ में हूं। देखो, कब बनता है। अभी
उपलब्धियों की फाइल इतनी मोटी नहीं हुई कि एक धांसू प्रोफाइल बन जाये। जब बन जायेगा, तब
विस्तार से पोस्ट कर दूंगा।
अभी संक्षेप में यह कि थोड़ी सी पढ़ाई और थोड़ी सी लिखाई करता हूं।
मेरी शोध परियोजना का नाम यूं है-
बाजार भाव रिपोर्टिंग उर्फ मिर्ची भड़की और सुस्त टाटा स्टील
बचपन से अखबारों में मिर्चियों को भड़कता देख रहा हूं। और टाटा स्टील भी सुस्त होता दिखता रहा
है। बचपन में सवाल उठता था कि ये स्टील सुस्त क्यों हो जाता है। बाद में खुद ही जवाब दे देता
था , जरुर यह फलां च्यवनप्राश न खाता होगा। तब ही सुस्त होगा।
थोड़ी उम्र बढ़ी, तो भी यह सब देखा कि मिर्चियों को भड़कना और टाटा स्टील की सुस्ती जारी
है। हिंदी के अखबारों के कारोबारी पेजों पर इस तरह के शीर्षक आम तौर पर मिल जाते हैं-
सोना लुढ़का, चांदी नरम रही
उड़द ने छलांग लगाई, अरहर फिसली
इनफोसिस कूदा, बांबे डाइंग पस्त
तमाम अखबारों में बाजार रिपोर्टिंग इस अंदाज में होती है। रिपोर्टिंग का यह अंदाज खासा
दिलचस्प है। नवभारत टाइम्स के करीब पचास साल पुराने अंक में बाजार रिपोर्टिंग का एक दिलचस्प
नमूना इस प्रकार है-
नवभारत टाइम्स 22 जनवरी, 1956 पेज तीन, पेज का नाम राजधानी और उपनगर
सब्जी बाजार की सैर
एक पुराना खरीदार
दिल्ली शनिवार सब्जी मंडी आजकल हरी मटर, आलू तथा गाजर बिकने के लिए भारी तादाद में आ रही
है। मूली, शलजम तथा पत्तेदार सब्जियां भी खूब आ रही हैं। पालक मैथी बथवा आदि की भी बहार
मंडी में हरियाली का समां बांधे रहती है। पीली-पीली सरसों , जिसे सब्जियों में बेचने लाया जाता
है, अपनी पीली शोभा से मंडी में बसंत के आगमन को प्रकट करती सी दीखती पड़ती है। केला,
चीकू नागपुरी संतरा, रसभरी आदि चल रही है। गरीबों का मेवा पिंड खजूर भी आजकल खूब बिकने आ
रहा है।
फलों के भाव
सेब 1 ½ से 2 रुपया सेर
पपीता 10 आना सेर
चीकू 10,12 आना सेर
संतरा एक आना दो आना प्रति
माल्टा 1 आना से दो आना प्रति
केला 6-9 आना दर्जन
सब्जियों के भाव
आलू 4-5 आना सेर
गाजर 2,3 आना सेर
मटर देसी 6 आना सेर
मटर शिमला 8 आना सेर
मूली 3 आना सेर
बैंगन रतिया 5,6 आना सेर
पालक 2 आना सेर
इस रिपोर्ट की शैली बहुत रोचक है। वैसे अभी भी अखबारों में सब्जी बाजार और
अन्य बाजारों की रिपोर्टों को बहुत बोरिंग किस्म का काम माना जाता है।
अरसे से सोच रहा था कि मौका मिले, तो इस पूरे सिलसिले को समझा जाये। बाजार रिपोर्टिंग की
भाषा कैसे गढ़ी गयी, इस प्रक्रिया को समझा जाये। मोटे तौर पर इस फैलोशिप में मैं इस प्रक्रिया
और बाजार रिपोर्टिंग की भाषा से जुड़े तमाम पहलुओं को समझने की कोशिश करुंगा।
इस शोध परियोजना के तहत हिंदी के अखबारों में बाजार रिपोर्टिंग के तौर-तरीकों पर गौर किया
जायेगा। पहले यह रिपोर्टिंग किस तरह से होती थी, इसका अध्ययन किया जायेगा।
यह पता लगाने की कोशिश की जायेगी कि पिछले पचास सालों में इन तौर-तरीकों में क्या बदलाव
आये।
मोटे तौर पर इसमें आजादी के समय से यानी 1947 से अब तक की बाजार रिपोर्टिंग को
लिया जायेगा। मुख्यत शेयर बाजार, सोने-चांदी के बाजार और कृषि उत्पादों के बाजारों पर फोकस
किया जायेगा।
प्रस्तावित चैप्टर-1-परिचय-बाजारों के प्रकार
चैप्टर 2-1947 से 1957 तक का सिलसिला
चैप्टर 3-1957 से 1967 तक का सिलसिला
चैप्टर 4-1967-1977 तक का सिलसिला
चैप्टर 5-1977-1987 तक का सिलसिला
चैप्टर 6-1987-1997 तक का सिलसिला
चैप्टर 7- 1997 से 2007 तक की बाजार की रिपोर्टिंग
चैप्टर 8- जो देखा, जो समझा और जो सुना(साक्षात्कार)
चैप्टर 9-क्या कुछ बेहतर संभव है, इस सवाल का जवाब तलाशने की कोशिश
कोशिश यह होगी कि शोध को बोझिल और बोरिंग होने से बचाया जाये। इस लिए प्रस्ताव यह है कि
इसे विवरणात्मक गद्य(NARRATIVE PROSE) में लिखा जाये।
हिंदी के दैनिक हिंदुस्तान और नवभारत टाइम्स दोनों अखबारों की रिपोर्टिंग पर फोकस करने की यो
जना है।
इसके अतिरिक्त पुरानी मंडियों में जाकर पुराने लोगों से बात की जायेगी। इस तरह की रिपोर्टिंग
करने वाले पुराने –नये लोगों से संवाद किया जायेगा।
शोध को विशुद्ध अकादमिक शोध होने से बचाया जायेगा।
More information about the Deewan
mailing list