[दीवान]शहर दर शहर/पंकज राग - 2
Ravikant
ravikant at sarai.net
Thu Oct 11 16:29:49 IST 2007
२.
सीरी फोर्ट ऑडिटोरियम में अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह चल रहा था
और वहीं बाहर की कार पार्किंग में एक स्विस महिला के साथ बलात्कार
भीड़ अंदर थी , बाहर सन्नाटा था
और वैसे भी दिल्ली की भीड़ ऐसे मौकों पर अलग ही पायी जाती है
वह जल्दी टोकती नहीं
वह चलती है , चलने देती है
उसे अचरज भी नहीं होता
जैसे उस दिन भी नहीं जब अलाउद्दीन खिलजी ने कुतुब छोड़
अपनी राजधानी सीरी को बनाया।
नयी जगह थी , नये अमीर थे
तुर्की अमीरजादों की कमर तोड़ कर और बुलंद था शाही फरमान
विरोध मना था , षडयंत्र पर नजर थी
हौजखास से जमातखाना मस्जिद तक फैला था शहर
इमारतों के गुम्बद अब और चौडे+ थे
अमीर उमरा के नस्ली आधार की तरह
लेकिन सीरी में दरख्तों के बीच जगह कम थी
अमीरी का फैलना शक में डालता था
शायद इसलिये दिल्ली में दावतें खुशनसीब नहीं थीं।
दिल्ली को अभी बहुत कुछ देखना था
अभी तो साम्राज्यवाद का पहला डंका था
जो मलिक कफूर के साथ दक्कन तक बजा
अब कुल का नहीं ताकत और लूट का अभिजात्य था
जिसके आगे जौहर में जल गये कुलीनता के ढोये तकाजे
पता नहीं अलाउद्दीन ने किसी पद्मिनी को देखा भी या नहीं
पर रणथम्भौर और चित्तौड़ ने देख लिया इस नये तेवर की दिल्ली को
जिसकी इमारतों में मंगोल कारीगरों ने पहली बार
पद्म की कलियां बनायी थीं
और बनाये थे सच्चे मेहराब
बिना यह समझे कि उसके ऊपर बैठा था हुकूमत का एक ऐसा सच
जो लूटता था पर बांटता नहीं
जो हिस्सा मांगने पर मंगोलों का खून पानी की तरह बहा सकता था
और उस पानी को अपने हौज ए खास में इकट्ठा कर
दिल्ली वालों को पिला सकता था।
साम्राज्यवाद चाहे छुपा हो या बेबाक
मध्यकालीन हो या नवीन
उसकी जड़ों में कहीं न कहीं पोशीदा रहता है बाजार।
मानों दिल्ली से निकली सेनाओं के हुजूम में बैठे थे तीन जादूगर
- अलाउद्दीन के बनाये तीन बाजार
लगान को बढ़ा कर गल्ले की शक्ल दी गयी
इस शक्ल को मुकद्दमों से बदल कर
दोआब के नये आमिलों की कठोर भंगिमा दी गयी
और इस शक्ल को सीधी वसूली से पाला पोसा
एक ऐसा वयस्क शरीर दिया गया
जिसके आगे बच्चों की तरह मचलती कीमतों ने दम तोड़ दिया।
यह सामंतवादी साम्राज्यवाद की हुंकार थी
जहां घोड़े और गुलामों के दाम भी बंधे थे
और विदेशी कपड़ों का सलीका भी नियंत्रित था
जहां सैनिक और अमीर अभी वैसी पहाड़ी नदियां थे
जो घाट तोड़ नहीं पातीं
और जहां बरनी अमलदारी के अहाते में वजू के लिये हौज की तलाश में
गंगा जमुना को देख नहीं पाता था
लेकिन गंगा भी बह रही थी और जमुना भी
दोनों के पानी से अलग अलग भी स्वर निकलते थे
और साथ साथ भी
अमीर खुसरो की हिंदवी की तरह
जो कभी रबाब के हल्के तरंगों पर
ऐमन और सनम जैसी फारसी रागदारियों के साथ
महफिलों की शमादानों को जलाती थी
तो कभी बिल्कुल अपनी सी बन कर
निजामुद्दीन औलिया और बख्तियार काकी के इर्द गिर्द फैले
तमाम जातियों और मजहबों के हुजूम को
प्रेम का मधवा पिलाती थी।
पनघट की डगर अभी भी कठिन थी
और कई पहेलियां समझ में भी नहीं आती थीं
फिर भी मटकियां जमुना से भरी जा सकती थीं
रात में थक कर लौटने के लिये घर सलामत थे
जिनके अंदर जिहाले मिस्कीं मकुन तगाफुल की दिल्ली
नैना जुड़ाती थी और बतियां बनाती थी।
More information about the Deewan
mailing list