[दीवान]शहर दर शहर/पंकज राग - 6
Ravikant
ravikant at sarai.net
Thu Oct 11 17:13:45 IST 2007
8.
दिल्ली के अनवरत रेंगते ट्रैफिक में
जब कॉकटेल्स की छलकती रंगीनियां सूखने लगती हैं
और हयात या शांगरीला से निकले
कार्पोरेट मल्टीनेशनल धनाढ्यों की भाषा को हिचकियां आने लगती हैं
उस वक्त रेडियो मिर्ची या एफ.एम. से जो 'हिंगलिश' का
लटकेदार प्रलाप होता है
वह उतना बेमानी भी नहीं जितना आप समझते हैं
वह नव साम्राज्यवाद का आलाप है
जहां अर्थहीनता का ही अर्थ है
आप झुंझलायें नहीं , व्यवस्था को गाली न दें
आप एक खिलखिलाती नवयौवना से होलीडे पैकेज ,
आइटम गर्ल्स , हॉलीवुड की चमक और
वॉलीवुड के सितारों की बातें सुन कर समय का सदुपयोग करें
और खुश हो लें कि आप भी ग्लोबल हो गये हैं।
भाषा की अपनी सत्ता होती है
हमेशा से रही है
उस वक्त भी थी जब माल रोड पर टहलते सिविल लाइंस के
अंग्रेजों को देख देख
दिल्लीवालों ने मुगलिया यादें छोड़ अंग्रेजी सीखना शुरू किया।
कश्मीरी गेट पर , १८५७ के मैगजीन विस्फोट के स्थल के
बिल्कुल पास शुरू हुए सेंट स्टीफेंस और हिन्दू कॉलेज
और १८५७ की दहशत को मन में लिये
उत्तर की ओर दूर दूर फैलता गया
एक प्रजातीय अलगाव
सिविल लाइंस के बंगलों की शक्ल में
जहां हेलीबरी से निकले
नये ब्रिटिश राज्य के इंडियन सिविल सर्विस ने
स्टील फ्रेम की तरह एक नयी दिल्ली बसायी।
स्टील फ्रेम में जकड़ी दिल्ली कांपती रही
मिर्जां गालिब अपनी पेंशन के लिये भटकते रहे
सूरज चमकता रहा
चांद टटोलता रहा रास्ते
मेडेन्स की दूधिया दीवारों के बीच , लुडलो कासल के पोर्च के दरम्यान
जिसके अंदर के ठंडे बरामदों पर
जिन और टॉनिक के बीच
ईश्वर सम्राट को बचाता रहा।
दिल्ली में अब नौबतखाना नहीं था , भीड़ भाड़ की वह चटख रंगत भी नहीं
पहलूनशीं होने का वह जमाना भी गया
चहलकदमी के नये अंदाज थे
नसीमे सहर विलायत से चली थी ,
गुनगुनी शाम कश्मीरी गेट में होती थी
और चांदनी चौक उसे नीमनिगाही से देखता था।
कनखियों के इस खेल से दिल्ली बहुत मुफीद होकर निकली
बंगाल की गर्म हवाओं की तुलना में
ठंडे ठंडे लगे यहां के बंगले
राजधानी दिल्ली को फिर बनना ही था
साम्राज्यवाद बहुत जटिल था
और उतना ही ठोस
रस्मी दिल्ली से बहुत अलग
कागजों की सभ्यता के आगे दम तोड़ते आचार और व्यवहार के अदब
कचहरियों की नयी जमात
कारकूनों की नयी कतारें
जमीन और मिल्कियत की नयी हकीकत
जिसके आगे बदतमीज लगते थे उर्दू के अफसाने
और सुरों से भटकता था गजलों का रियाज।
महफिलों का नहीं कैम्पों का जमाना था वह
कैम्प भी शहर बन सकते थे
जैसे जॉर्ज के दरबार का किंग्सवे कैम्प
जिसकी शान के आगे झुके झुके थे हमारे सैकड़ों हुक्मबरदार
वफादारी से गलगलाये ,
नजरानों की बौछार में लिजलिजे
कुछ और तोप दगवाने की इनायत से गदगद।
यह बंगाल नहीं दिल्ली थी
यहां कोई स्वदेशी आंदोलन नहीं था
यहां कालीबाड़ी के आगे शपथ लेते नौजवान नहीं थे
और अभी भी मजलिसे रक्सो सरोद की यादों के मातमी बादल तो थे
पर बारिश नहीं थी।
इसलिए दिल्ली को फिर से राजधानी बनाना
लाट साहबों के लिये तो महफूज था
पर दिल्ली अचकचा गयी।
अचकचा कर उठने वालों के दिल अक्सर धड़कते हैं
दिल्ली भी धड़की
जब हार्डिंग पर सरे बाजार बम फेंका गया
पर अपने बाजारों में सड़क के दोनों तरफ चलना
दिल्ली वालों ने कभी नहीं छोड़ा है
लाला हरदयाल का गदर आंदोलन बहुत दूर था
और अब तो बाजार बढ़ रहे थे
उपनिवेशवाद तिजोरियों में नहीं
पूरी दुनिया की तिजारतों , बैंकों और पूंजी के साथ
नये नये रूप धर कर आ रहा था
जिन्हें सम्भालते सम्भालते चांदनी चौक का चेहरा भी बदलने लगा था।
दिल्ली एक बार फिर कई चेहरों के साथ थी
प्रथम विश्वयुद्ध की मार से कराहते चेहरे एक ओर
तो रायसीना की पहाड़ी की तरफ फैलती नयी राजधानी की ओर
उत्सुकता से लगी ठेकेदारी की कल्पनाएं दूसरी तरफ
नयी दिल्ली बनी तो ऐसी बनी जैसे
सूरज कभी ढलेगा ही नहीं
वह सिर्फ लुट्यंस और बेकर का वास्तुशास्त्र लेकर नहीं आयी
वह भव्यता का सदियों पुराना शास्त्र लेकर आयी
जहां नये वाइसराय निवास की किलेनुमा दीवारों से लेकर
विशालकाय बंगलों तक के सिलसिलों में कुछ भी सूफियाना न था
अब ढेर सारे बल्बन थे , कितने ही अलाउद्दीन
और मुंह में चुरुट दबाये , एड़ियां खटखटाते
ऊंचे खम्भों वाले कनाट प्लेस में
पृथ्वी की तरह गोल गोल घूमते
ताजमहल को भी बर्तानिया ले जाने के सपने देखते
कई कई शाहजहां।
औपनिवेशिक रोमांस में भी औरतें आ सकती हैं
जैसे माउंटबैटन का एडविना को दिल्ली में प्रपोज करना
पर वह पुराने वाइसराय निवास की बातें थीं
जहां अब विश्वविद्यालय था
इसलिए वे बातें भी शायद किताबी थीं।
उपनिवेशों में प्रेम हमेशा उपयोगी होना चाहिए
मुनाफे के लिये ऊपर के होंठ को कड़ा रखना चाहिए
साम्राज्यवाद पूर्णतः मर्द होता है
और दिल्ली के हुनर बाजार नहीं , बूढ़ी तवायफों के कोठे थे।
वैसे मुनाफे का हमेशा से कुछ हिस्सा दिल्ली वालों के हाथ भी लगता ही रहा है
अबकी बार ठेकों से उपजी नयी रईसी थी
जिसके खुले बंगलों को विदेशी शिष्टाचार की बयार सम्भ्रांत बनाती थी
यहां बंद कमरे न थे
लेकिन जहां थे वहां कानाफूसी से शुरू होकर बातें बढ़ने लगी थीं
और बढ़ते बढ़ते चौराहों तक भी आने लगी थीं
विदेश ने देश को पहचान दी थी ,
और इस पहचान में जो प्रेम उमड़ा था
वह सूखे सख्त होठों से नहीं
तरल और ऊष्म आवाजों से ओत प्रोत था।
अभ्यावेदनों की दुनिया से हट कर दिल्ली खिलाफत के नये शब्द सीख रही थी
असहयोग , बहिष्कार, सत्याग्रह और सविनय अविज्ञा
लोगों को संगठित करने के नये तरीके
अपने और पराये के भिन्न प्रतीक
मानों विशिष्ट और साधारण के बीच की गहराई को
पाटने के लिये बनाये जा रहे हों कई कई पुल
और बताया जा रहा हो लगातार
कि इन्हें पार करके ही पाओगे तुम श्वेत , शुभ्र लिबास
धारण किये हुए उस गरिमामय औरत की गोद
जो तुम्हारी मां है।
उल्लास के बार बार उठते कई हुजूम थे
सड़कों पर सुबह दोपहर शाम सभी उजले उजले थे
गांधी टोपियों और खादी के कुर्तों और साड़ियों की तरह
जो उमंग की हवाओं से फड़फड़ाते हुए
बार बार यह भूल जाते थे कि सेण्ट्रल असेम्बली के बम के पीछे
उजले कपड़ों की नहीं बिना कपड़ों के मजदूरों की भी बातें थीं
और कि दिल्ली में बिना दरारों के पुल और बिना गढ्ढों
की सड़क कभी नहीं बन पाये हैं।
इसलिए जब आजादी आयी
तो वह किसी करिश्माई गुब्बारे के मानिन्द न थी जो खुले आकाश में उड़ा ले जाता
वह कोई व्यक्ति भी नहीं जो सिर्फ अपने नाम से पहचान लिया जाता
आजाद मुल्क की राजधानी की पहली सुबह को
जिन अहसासों के साथ आना चाहिए था वैसा हुआ नहीं
कुछ तो आदमी हमेशा से खुद अपना दुश्मन रहा ही है
कुछ विभेदों के पूरी तरह मिटने की आशा भी संशकित सी थी
और खुशी के उस दिन भी कुछ काले बादल छाये ही रहे।
एक बहुत बड़ा हिस्सा जो अपना था वह अपना न रहा
रोटियां टुकड़ों में बंट गयीं
दस्तरखान सिमट गये
बरसात की उस टूटी टूटी धूप में
कितनों से इलाके ही नहीं , पूरी की पूरी दिल्ली छूट गयी
मिट्टी की गंध तो ले गये , पर मिट्टी धरी रह गयी।
दिल्ली फिर से सवालों का शहर था
दंगाइयों का खून भी अगर दिल्ली के उन्हीं गली कूचों से निकला था
तो वह कत्ल हुए बाशिंदों से अधिक मजहबी कैसे हो गया ?
पाकिस्तान के इबादतखाने क्या दिल्ली की जामा मस्जिद से अधिक पुख्ता थे ?
लाहौर में कबूतर दिल्ली से ज्यादा करतबी कब से हो गये ?
महात्मा गांधी हे राम बोल कर क्यों मरे ?
वह कौन सा हिन्दू था जिसने उन्हें मार डाला ?
क्या शरणार्थिंयों के कैम्पों की जिल्लत और रंज से ही दिल्ली
कुछ कट्टर हो चली है ?
क्या अंग्रेज सचमुच चले गये ?
तो फिर नयी दिल्ली के उन बंगलों और क्लबों में
हमें घुसने क्यों नहीं दिया जाता ?
ऐसे कई सवाल थे जिनसे दिल्ली आक्रांत रही है
कई अभ्युक्तियां भी कहीं न कहीं अब सवाल ही थीं
जैसे लाल किले पर तिरंगा साल दर साल फहराता रहा
करोल बाग , पटेल नगर और पंजाबी बाग की बड़ी बड़ी कोठियों में शरणार्थियों ने
एक अनूठे जीवट का अध्याय भी लिखा
कॉफी हाउस में नये फलसफे और नयी कहानियों के बीच
ढेर सारी सुलगायी सिगरेटों को अधभरे प्यालों में मसल कर बुझाया गया
कॉलेजों में दुनिया को बदलने की हवा भी चली
नेहरू का शांतिवन विचारधारा का विश्वविद्यालय बन खलबलाता रहा
राष्ट्रीयकरण के सपनीले दौर में नार्थ ब्लाक और साउथ ब्लाक भी खींचते रहे
अदब का एक बहुत बड़ा संसार बांये चला
फिर दिल्ली के बढ़ते यातायात के दबाव में धीरे धीरे
यातायात के नियम तोड़ता गया
तुर्कमान गेट की बस्ती आपातकाल के दौरान तोड़ी गयी
पालिका बाजार वहीं बना जहां पहले कॉफी हाउस था
एशियन गेम्स के समय दिल्ली में रंगीन टी.वी. का आना बड़ी बात बन गयी
सिख दंगों के दौरान कनाट प्लेस और करोलबाग में भी सन्नाटा छाया रहा
इससे भी बड़ा सन्नाटा पूरी दिल्ली की सड़कों पर तब छाया जब
हर हफ्ते रामायण सीरियल दिखाया गया
दिल्ली में जगराते भी इसी दौरान बड़ी तेजी से बढे+
दिल्ली भी उतनी ही तेजी से बढ़ी है
पहाड़गंज में जहां १८०३ में लार्ड लेक ने मराठों को हराया था
वहां मराठे नहीं बिहारी अधिक रहते हैं
दिल्ली के मिस्त्री , रिक्शेवाले, चौकीदार अब सब के सब पुरबिया हैं
दिल्ली में फूलवालों की सैर अब भी बख्तियार काकी की दरगाह से जोगमाया मंदिर जाती है
पर उससे अधिक भीड़ छठ के समय घाटों पर
और दशहरा के दौरान रामलीला मैदान में रहती है।
दिल्ली में उमस बहुत बढ़ गयी है
बहुत सारे लोगों ने अब शीशे चढ़ा रखे हैं
अंदर पूंजी का सामंतवाद बहता है
जो दिमाग को ठंडा रखता है
और जिसे गर्मी महसूस होने पर
खरीदा और बेचा जा सकता है
डी.एल.एफ. के बड़े बड़े शापिंग माल्स में
बड़े बड़े मल्टीनेशनल पे पैकेजों के सहारे
बार्बी डॉल्स की तरह
जिनकी गुड़ियों सी शादी नहीं होती
और जो विचारशून्यता की अंतर्राष्ट्रीय खुशी में
माचो मर्दों से लिपट लिपट कर क्रेजी किया करती हैं।
सुनते हैं कि दिल्ली अब एक फैलता हुआ शहर नहीं दुनिया है
वैसे ही जैसे भारत अब देश नहीं , विश्व हो रहा है
दिल्ली में रहने वाले भी अब विश्व देख रहे हैं
विदेशी कम्पनी वाले , यू.एन.डी.पी. और यहां तक कि भारतीय नौकरशाह भी
उन्हें बता रहे हैं
कि अट्टालिकाओं में जो वैश्वी सोना इकठ्ठा हो रहा है
उसका द्रव्य रिस रिस कर नीचे ही गिरेगा
और यह दिल्ली पर है कि वह सवालों की कैद से बाहर आकर
उसे कितनी तेजी से अपनी हथेलियों में लपक लेती है।
इसी रेलमपेल में भाग रही है दिल्ली
सांसें फुलाते हुए , आसमान की ओर देखती
हवाओं से दुनिया खींच कर मुट्ठियों में बंद करने को व्याकुल
लेकिन गाड़ियों की बेतहाशा बढ़ती कतारों के इस वक्त में
जब सड़क पार करना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन सा हो
हर शाम हजारों चलने वालों के लिये
दिल्ली फिर एक शहर हो जाती है
पसीने से लस्त ऐसे लोगों का शहर
जिन्हें थोड़ी देर के लिये रात का सन्नाटा चाहिए ,
थोड़ी नींद चाहिए
और छोटे छोटे सपने चाहिए
जिसमें विश्व नहीं ,
उनकी ही कदकाठी की
उनकी ही जुबान बोलती
सीधी सादी , सच्ची आंखों वाली शरीके हाल सी दिल्ली हो।
(ख़त्म)
More information about the Deewan
mailing list