[दीवान]कालाहांडी है भूख का घर
neeraj agrawal
neeraj_agrawal_07 at yahoo.co.in
Thu Oct 18 19:26:10 IST 2007
भूख का घर है कालाहांडी
सैकड़ों लोगों की मौत को झुठलाने में लगी सरकार
स्थानः तेलानागी, रामपुर, कालाहांडी
तारीखः 3 सितंबर 2007
आज 3 साल का रोमू भूख और बीमारी से मर गया.
रोमू जबेला का छोटा भाई था.
तारीखः 4 सितंबर 2007
आज पत्ते खा कर बीमार हुए प्रदीप मथोयलो की मौत हो गई.
प्रदीप जबेला के पिता थे.
तारीखः 7 सितंबर 2007
आज दो दिनों से भूख से जुझ रही सोनाई ने दम तोड़ दिया.
सोनाई जबेला की मां थी.
इसके बाद ?
मैं
जब यह सब कुछ लिख रहा हूं तो मुझे नहीं पता कि तेलानागी की 12 साल की
जबेला का क्या हुआ. 5 दिन के भीतर छोटे भाई, पिता औऱ फिर मां को गंवाने
वाली जबेला का अब कोई नहीं बचा था. आंखों में आंसू नहीं, कोई उम्मीद नहीं,
कोई सपना भी नहीं.
लेकिन अपनी झोपड़ी के दरवाजे की ओर एकटक देखती
उसकी आंखों को देखकर मैं सिहर गया था. जाने कितनी-कितनी देर तक वह दरवाजे
को घूरती रही. किसे घूर रही थी जबेला....? लगा कि जैसे इस झोपड़ी के बाहर
मौत चहलकदमी कर रही है और जबेला उसे घूर रही हो- एकटक !
और जबेला
ही क्यों, आदिवासियों के इस गांव में जाने कितने घरों में पथराई-सी आंखों
वाले लोग नजर आए थे. इस छोटे-से गांव में अब तक 20 से अधिक लोगों की मौत
हो गई है. गांव की गलियों में खड़े किसी नौजवान या बुजुर्ग से पूछेंगे तो
वे ऊंगलियों पर मौत को गिनाना शुरु कर देते हैं- एक, दो, तीन....संख्या
बीस से ऊपर चली जाती है.
और इन मौतों का कारण ?
जवाब केवल एक है- भूख.
भूख का भूगोल
आज़ादी
के 60 सालों में कालाहांडी और उसके आसपास के जिलों में हर साल सैकड़ों की
संख्या में लोग भूख और भूख से होने वाली बीमारी का शिकार हो कर दम तोड़
देते हैं. लगता है, जैसे कालाहांडी के खेतों में भूख ही उपजती है.
कालाहांडी
के थुआमुल, रामपुर, गोपीनाथपुर का इलाका हो या कि फिर कोरापुट और रायगडा
के सुदूर गांव. यहां बस एक ही आवाज़ आती है- भूख, भूख और भूख !
लेकिन
नहीं. यह आवाज़ केवल इन गांवों तक ही है. लकदक करते एसी कमरों में बैठने
वाले सरकारी तंत्र के लोग इस आवाज़ पर ज़ोर से चीखते हैं- यह सब झूठ है.
कालाहांडी,
कोरापुट और रायगडा के गांवों में काम करने वाले स्वयंसेवी संगठनों की
मानें तो अब तक 250 से अधिक लोग भूख और भूख से होने वाली बीमारी के कारण
मर गए हैं. हर रोज इस आंकड़े में इजाफा हो रहा है.
हालांकि इन मौतों से
राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री मनमोहन सामल नाराज़ हैं. सामल कहते हैं-
“राज्य में हो रही मौतों के पीछे केवल बीमारी है. देश के हर राज्य में
बरसात के समय इस तरह की बीमारियां फैलती हैं. इसे भूख के कारण होने वाली
मौत बताना बहुत ही आपत्तिजनक है. मीडिया इस तरह की बीमारियों से होने वाली
मौत को भी बहुत बढ़ा-चढ़ा कर पेश कर रहा है.”
राज्य के मुख्यमंत्री
नवीन पटनायक हालांकि इन मौतों के कारण परेशान हैं और उनके समर्थक भी. यही
कारण है कि इन इलाकों में सत्ताधारी दल से जुड़े राजनीतिज्ञ विधानसभा
चुनाव की तरह सक्रिय हो गए हैं. भूख से होने वाली मौतों को हर संभव गांव
की सरहद में ही रोकने की कवायद तेज हो गई है. यहां तक कि इन गांवों में
काम करने वाले स्वयंसेवी संस्थाओं पर भी दबाव बनाया जाने लगा है.
अनाज वितरण की व्यवस्था बेहाल
एक्शन
एड से संबद्ध एक सामाजिक कार्यकर्ता बताते हैं-“हरेक राजनीतिक दल जब
विपक्ष में होता है तो इन मौतों को लेकर हायतौबा मचाता है लेकिन सत्ता में
आते ही उसके स्वर बदल जाते हैं. भूख से होने वाली मौतों को बीमारी बताकर
मामले को रफा –दफा करने की कोशिश पहली बार नहीं हो रही है. हर सरकार यही
करती रही है.”
कालाहांडी के सांसद बिक्रम केशरी के अनुसार उन्होंने
पहले ही पूरे मुद्दे को संसद में उठाया था लेकिन राज्य सरकार ने समय रहते
इस पर ध्यान नहीं दिया. हज़ारों घरों में लोगों के पास खाने को कुछ नहीं
था और सरकारी गोदामों में अनाज सड़ते रहे.
ये और बात है कि
कालाहांडी के कलेक्टर प्रमोदचंद पटनायक अनाज की वितरण व्यवस्था को पूरी
तरह दुरुस्त मानते हैं. लेकिन कलेक्टर के दावे का दूसरा पहलू ये है कि हर
रोज सैकड़ों की संख्या में भूख से बिलबिलाते लोग कलेक्टोरेट परिसर में
अपना राशन कार्ड बनवाने पहुंच रहे हैं. जाहिर है, जब लोगों के पास राशन
कार्ड ही नहीं है, तो सरकार अनाज कहां बांट रही थी ?
इसका जवाब किसी के पास नहीं है.
और
जब कोई ठीक-ठीक जवाब नहीं हो, तो उन सवालों को राजनीति में उलझाने की
कोशिश होती है. फिलहाल उड़ीसा में यही हो रहा है. भूख और उससे होने वाली
मौत अब यहां राजनीति का हिस्सा है, जिसका लाभ हर कोई लेना चाहता है.
नीरज
gyaanology.blogspot.com
Now you can chat without downloading messenger. Go to http://in.messenger.yahoo.com/webmessengerpromo.php
-------------- next part --------------
An HTML attachment was scrubbed...
URL: http://mail.sarai.net/pipermail/deewan/attachments/20071018/f4846a2b/attachment.html
More information about the Deewan
mailing list