[दीवान]वैलेंटाइन के बरक्स
Ravikant
ravikant at sarai.net
Fri Feb 1 16:42:46 IST 2008
वैलेंटाइन की अगुआई में एक चिंतनपरक लेख, जो शायद जनसत्ता में छपे. सिर्फ़ एक तथ्यात्मक विवाद है
कि लैला मजनूँ भारत के माने जा सकते हैं कि नहीं. महमूद फ़ारूक़ी का कहना है कि हिन्दुस्तानियों, ख़ा
स कर हिन्दी फ़िल्मवालों ने उसे इस क़दर अपना लिया है कि इसे अ-भारतीय सिद्ध करना जोखिम
भरा काम है! महिन्दर पाल जी का शुक्रिया.
-----
वैलेंटाइन के बरक्स ............
महिन्दर पाल
हर साल की तरह एक बार फ़िर वैलेंटाइन डे के रूप में प्रेम की तमाम अभिव्यकियों को मूर्त्त करता
फरवरी का महीना हमारे सामने है .नौजवान दिलों की तमाम धड़कनें कहीं मंहगे तो कहीं सस्ते
उपहारों /फूलों को अपना संदेशवाहक चुनेंगी . बाज़ार की चकाचौंध भरी दुनिया इस त्यौहार को
अपनी अंधी कमाई का औजार बनाएगी . तमाम तरह के ग्रीटिंग कार्डों और उपहारों से दुकानें व शो
रूम पट जाएँगे . जिनमे एक तरफ़ जहाँ वैलेंटाइन को प्रेम का प्रतीक मानते हुए याद किया जाएगा ,
वहीं इसे विदेशी संस्कृति का हमला माना जाएगा . शिवसेना जैसे तमाम हिंदुत्ववादी रणबांकुरे निकलेंगे
और भारतीय संस्कृति के नाम पर कहीं फर्मानों के जरिये , कहीं धमकियों के जरिये , और
कहीं-कहीं तो सीधे अपने लठैतों के माध्यम से युवाओं को अपना निशाना बनायेंगे , उन्हें अपमानित
करेंगे और इस महाभियान में प्रत्येक धर्म के ठेकेदार कहीं पूरी तो कहीं आधी गुंडई अपने-अपने
सम्प्रदायों पर थोपने में कत्तई पीछे नहीं रहेंगे .
प्रेम की अभिव्यक्ति हमेशा व्यक्ति की अस्मिता व सम्मान का प्रतीक बनती रही है और इंसानी
इतिहास के विभिन्न पड़ावों पे इसने हमेशा समाज के सड़े -गले मूल्यों - मान्यताओं , रूढियों और
कठ्मुल्लेपन को चुनौती दी है चाहे वो प्रेम सहज मानवीय इच्छाओं को अभिव्यक्ति देता रहा हो या
बुल्लेशाह , वारिश शाह , मीरा आदि जैसे सूफी -संतों का प्रेम रहा हो . लेकिन यह सच है कि
जिस धर्म का इतिहास जितना पुराना होता है वो उतनी ही कट्टरता के साथ इसके ख़िलाफ़ आ खड़ा
होता है . अगर मीरा , शशि - पुन्नू जैसों के खिलाफ हिंदू संस्कृति के पैरोकार पूरी निर्ममता के
साथ खड़े थे तो वहीं बुल्लेशाह , वारिशशाह , मिर्जा - साहिबा जैसों के विरुद्ध इस्लामी समाज
की रुढियों व कट्टरपन से लैस मौलवियों /हाकिमों की जमात कहीं पीछे नही थी .
भारत जैसे देश में हीर - राँझा , शशि - पुन्नू ,लैला -मजनू , मिर्जा -साहिबा , सोहनी -महिवाल
जैसे प्रेमियों के किस्से भरे पड़े हैं , जिनके पन्नों को पलटते हुए भारतीय सामाजिक जीवन का अत्यन्त
क्रूर व असहिष्णु चेहरा सामने आता है जिसने कभी भी सहज मानवीय इच्छाओं को समान नही दिया और
इसमे भारतीय हिंदू संस्कृति व इस्लामी संस्कृति का प्रायः एक जैसा चेहरा दिखाई देता रहा है .लेकि
न इसी भारतीय समाज में बहुत सी ऐसी संस्कृतियाँ रहीं हैं जिनमें व्यक्ति की गरिमा व उसकी सहज
अभिव्यक्तियों को सम्मान मिलता रहा है .ये वो आदिवासी संस्कृतियाँ हैं जिन्हें आज का 'सभ्य'
व ' प्रगतिशील ' समाज असभ्य व जंगली मानता आया है और अक्सर आज भी मानता है.
छत्तीसगढ़ राज्य के बस्तर क्षेत्र के गोंड आदिवासियों में एक प्रथा चलती आ रही है जिसे 'घोटुल ' के
नाम से जाना जता है जो किसी भी वैलेंटाइन जैसे त्यौहार से कमतर नही है बल्कि किसी रूप में
अधिक प्रगतिशील , अधिक बराबरी पर आधारित रही है . इसमे सभी किशोर व कुंवारे युवक -युवति
यों को एक साथ रहने की आजादी होती है ताकि इनके बीच आपस में सहज सम्बन्ध विकसित हों , साथ
ही साथ इनके अन्दर सामाजिकता व नागरिकता का बोध भी पैदा हो .'घोटुल' के अंतर्गत समाज के
विभिन्न पहलुओं अ मसलों पर सभी युवाओं को सचेत किया जाता है . इस दौरान वे एक दूसरे को बेहतर
ढंग से समझने की कोशिश करते हैं और यदि उनके बीच प्रेम सम्बन्ध विकसित होते हैं तो पूरे समाज द्वा
रा पूरी मान्यता मिलती है . एक महीने के घोटुल प्रवास के बाद जो युवा जोड़े शादी करने का
फ़ैसला करते हैं तो पूरा समाज उन्हें सहर्ष इसकी इजाज़त देता है.
एक अन्य आदिवासी समुदाय ' भतरा' में भी एक प्रथा है जिसे ' बालिफूल' कहा जाता है .
इस समुदाय में मेले के दौरान अलग - अलग गावों के युवा आपस में मिलते हैं और एक दूसरे
को फूल या कोई अन्य सहज उपलब्ध उपहार देकर अपना बालिफूल चुनते हैं . गौरतलब बात है
कि इस प्रक्रिया में कोई तीसरा नही होता , यह सिर्फ़ दो व्यक्तियों की सहज इच्छाओं व उनका
ख़ुद का फ़ैसला होता है . लेकिन जब एक बार कोई लड़का या लड़की किसी को अपना बालिफूल चुन लेते
हैं तो उसे पूरा समाज मान्यता व सम्मान देता है .
मुझे याद आता है ' औस्तु ' नामक चालीस वर्षीय आदिवासी , जो भतरा समुदाय का था . उसने
बताया कि अपने युवा समय में उसने भी अपना बालिफूल चुना और जब वह अपने बालिफूल से मिलने उसके
घर गया , वहाँ जाकर उसने लड़की के माँ - बाप को बताया कि उनकी लड़की उसकी बालिफूल है
और वह उससे मिलने आया है तो उन्होंने उसे ससम्मान घर में बिठाया , आदर - सत्कार किया
और दोनों उस घर में एक सम्मानित व्यक्ति के रूप में मिले . उनके बीच कोई माँ - बाप या बहन- भा
ई पहरेदार बन खड़ा नही हुआ .
औस्तु यह भी बताता है कि बालिफूल चुनने के बाद भी यदि कुछ समय के बाद किसी एक को लगता है कि
वह अपने बालिफूल से विवाह नही करना चाहता/चाहती है तो समाज उसकी इस इच्छा का सम्मान
करते हुए उसे इसकी आज़ादी देता है . दोनों पक्षों में से कोई भी अपने संबंधों के टूटने या तोड़ने पर
किसी भी कुंठा का शिकार नही होते और कई मामलों में स्त्री या पुरूष बिना किसी कुंठा या संकोच
के अपने वर्तमान पति या पत्नी को बताते हैं कि उक्त स्त्री या पुरूष मेरा बालिफूल था . वह इस
बात से जरा भी नही घबराते कि दूसरा पक्ष इस पर कैसी प्रतिक्रिया करेगा .क्या इस ' आधुनि
क 'व 'बिंदास' से लगने वाले समाज में कोई स्त्री या पुरूष इतने सहज ढंग से अपने अतीत के बारे अपने
जीवन साथी को बता सकता है ?और बता भी तो क्या दूसरा पक्ष या यह समाज इसे सहजता से
स्वीकार कर सकता है ? हो सकता है कुछ मामलों में पुरूष के लिए ऐसा करना सम्भव हो क्योकि स्त्री
को हमारी संस्कृति या समाज का पूरा ताना -बाना इसे बर्दाश्त करने कि या निभाने की नसीहतें
देता रहता है . लेकिन एक स्त्री के लिए क्या ऐसा सम्भव है ?क्या उसपे चरित्रहीनता का आरोप
नही लगाया जाएगा ?
इन समुदायों में स्त्री - शुचिता का प्रश्न किसी रूप में नही माना जाता जिसका ढिंढोरा हमारा
यह 'आधुनिक ' समाज या ख़ास तौर पर हिंदू- मुस्लिम समाज पीटता है . इन आदिवासी समुदायों में
लड़की पर ऐसा कोई प्रतिबन्ध नही होता की वह कब और कहाँ जाए , कहाँ नहीं ! न ही समाज
उसे छेड़छाड़ या बलात्कार का कोई डर होता है . इनमे एक कुँवारी कन्या का माँ बनना न लड़की
के लिए शर्मिंदगी का प्रश्न है और न ही समाज उसे हेय दृष्टि से देखता है . ऐसी लड़की को स्वीका
रने के लिए कोई भी अविवाहित लड़का तैयार हो जाता है , कई बार अविवाहित कन्या को उसके
बच्चे के साथ स्वीकार किया जाता है . विधवा विवाह या परित्यक्ता विवाह जैसे विचार
आदिवासी जीवन का हिस्सा नही हैं (हालाँकि पिछले कुछ वर्षों में इसाईयत और हिंदुत्व से प्रभावित
संस्थाओं द्वारा इन समाजों में 'पवित्रता 'व स्त्री नियम सम्बन्धी मूल्य-मान्यताओं को थोपने
का बराबर प्रयास किया जा रहा है उन्हें कथित तौर पर 'सभ्य ' बनाने के लिए )
आज के आधुनिक समाज में तो क्या शायद जिस देश का नागरिक संत वैलेंटाइन रहा
होगा क्या वहाँ भी स्त्री व प्रेम को वैसा सम्मान हासिल होता होगा ?
यहाँ यह कहने की कत्तई कोई मंशा नही है कि वैलेंटाइन जैसे त्योहारों का कोई औचित्य नही है बल्कि
मेरे ख्याल से ऐसे त्योहारों को और भी बड़े पैमाने पे मनाया जाना चाहिए .लेकिन क्या सिर्फ़ उसी
रूप में जिस रूप में हमारा बाज़ार इसे चाहता है ?क्या यह त्यौहार बड़े पैमाने पर स्टेटस , ऊपरी ता
मझाम या दिखावे का जरिया मात्र नही लगता ?क्या इसमें यह कोशिश नही रहती कि दूसरों से कुछ
अलग , कुछ विशेष दिखा जाए ?ऐसे में दो व्यक्तियों की संवेदनात्मक गहराइयाँ कहाँ तक एक दूसरे तक
पहुँच पाती हैं ? वे एक दूसरे के सपनों ,पसंद -नापसंद को सिर्फ़ रूमानियत के चश्मे से नही देखते हों
गे ?जो लाजिमी तौर पर यथार्थ की सख्त ज़मीन से टकराते ही चकनाचूर हो जाती है ! क्या इसके
साथ सामाजिकता व नागरिक बोध को जोडा नही जाना चाहिए ?इसके लिए सामाजिक तौर पर
व्यक्ति की गरिमा और सम्मान को स्थापित करने वाली मुहिमों कि शुरुआत नही की जानी चाहिए ?
जो प्रेम की भावना को सच्चे तौर पर समाज में स्थापित कर सके !जिसमें व्यक्ति को , चाहे वो
स्त्री हो या पुरूष ,यह अधिकार मिल सके कि वो अपनी जिंदगी का फ़ैसला ख़ुद कर सके ,यहाँ
तक कि अपने जीवन साथी को अपनी मरजी से चुन सके . उसपे कोई धर्म ,जाति, समुदाय या पंचायत
अपने फासिस्ट अरमान न थोप सके . उन्हें किसी जाति ,समुदाय या धर्मं की इज्ज़त या सम्मान की
वेदी पे बलि न चढाया जा सके !
व्यक्ति की गरिमा और सम्मान
व्यक्ति की गरिमा और सम्मान को स्थापित करने पर ही शायद वह समाज बन सकेगा जो किसी भी
तरह की गैर बराबरी से मुक्त होगा . जिसमे किसी भी व्यक्ति की निष्ठा व ईमानदारी रिश्तों की
शाश्वतता का लिहाफ भले न ओढे हो मगर एक ही समय में ऐसे दोहरे चरित्र को भी नही ढोएगी ,
जिसकी ज़मीन पर इतर संबंधों की फसल उगती रही है . वो उस कथित सोच से भी प्रायः मुक्त होगी
कि 'जोडियाँ तो आसमान में बनती हैं '.और रिश्तों को उन उदासियों व असम्पृक्तताओं के साथ जीने के
लिए अभिशप्त नही होगी जिसका अहसास भीतर ही भीतर इंसान को भावनात्मक तौर पर बंजर
बना देता है और बकौल 'निशब्द ' फ़िल्म के बुजुर्ग नायक के 'साठ साल की उम्र तो हमें पता ही
नही चलता की हम जी रहे हैं मगर उसके बाद अचानक मौत का भय सताने लगता है ' आखिर हम जिए
कब ?
'बालिफूल ' और ' घोटुल' जैसी व्यक्ति की गरिमा व सम्मान जैसे मूल्यों को स्थापित करने वाली
प्रथाओं का सार समझना आज के समय की ज़रूरत है, जिसके ज़रिये एक जिम्मेदार व सचेत नागरिक
के निर्माण का रास्ता पुख्ता हो सके , जो व्यक्ति को उसके निजी दायरे के साथ- साथ उसको
सामाजिक ज़िम्मेदारियों से भी जोड़ सके . जिसमें हर युवा अपने ख्वाब अपनी आँखों से देख सके,
न कि दूसरों के चश्मे से .शायद इसी से आज की युवा पीढ़ी में बढ़ती निराशा व कुंठाओं से उबर पाने
का रास्ता निकल सके ऐसी कुंठाएं जो आएदिन कभी तेजाब की शीशी या खुले आम हत्या कराने जैसी
तमाम घटनाओं के रूप में सामने आती रही हैं . जो भीतर पलती निराशा का हल आत्म-हत्या या पा
गलपन में नही ढूंदेंगी बल्कि उसकी गंगोत्री को तलाशने का काम करेंगी.
More information about the Deewan
mailing list