[दीवान]Fwd: हिन्दी में बिन्दी

Ravikant ravikant at sarai.net
Mon Jan 7 15:27:18 IST 2008


दीवानो,
हिन्दी भाषा - इसके इतिहास, इसकी राजनीति, आदि पर बहस तो हमेशा से गरमागरम ही होती आई 
है, पर हाल के महीनों में, इसने बेहतर और
वृहत्तर आयाम लिए हैं, जिसमें  सुधीश पचौरी के संपादन में वाक नामक नए विमर्शों की पत्रिका का
भी योगदान है.  इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए पेश है रविवार डॉट कॉम में छपा नीरज अग्रवाल
का आलेख - जिसकी हृदयछू सरलता और सारगर्भिता आपको शायद भली लगे. बहस का निमंत्रण तो 
मूल पाठ में है ही. अस्तु.

रविकान्त

   

----------  आगे भेजे गए संदेश  ----------

Subject: हिन्दी में बिन्दी
Date: सोमवार 07 जनवरी 2008 12:43
From: neeraj agrawal <neeraj_agrawal_07 at yahoo.co.in>
To: ravikant at sarai.net, deewan at sarai.net

हिन्दी में बिन्दी
एक फुटबॉल बन गयी
डॉ. परिवेश मिश्र

मेरे 86 वर्षीय पिताजी की उम्र जैसे जैसे बढ़ी, आने वाले पत्रों और मुलाकातियों
 की संख्या कम होती चली गयी. परिचित और मित्र कम होने लगे.

मैंने कुछ वर्ष पूर्व उन्हे इंटरनेट से परिचित करायातब से यह सुनिश्चित करना भी
 मेरी ज़िम्मेदारी हो गयी कि जब वे कम्प्यूटर पर जाएं तो हर बार मेल-बॉक्स खाली न
 पाएं. पिछले महिने मेरी मां का देहावसान हुआ. तब से उन्हे व्यस्त रखना और
 आवश्यक हो गया है. नेट से रोचक समाचार ढूंढ़ कर उन्हे फॉरवर्ड करता रहता हूं.
 नियमित पत्र लिखना दूसरी आदत बनी है. ऐसा ही एक पत्र बिना काट-छांट के यहां
 प्रस्तुत कर रहा हूं. इससे चर्चा शुरू करने का शायद एक बहाना बने.

पूज्य चच्चाजी 15.12.2007
सादर प्रणाम,

यह पत्र कम्प्यूटर पर आप के लिए टाईप किया है. आप नही कर पाते हैं क्योंकि आपके
 कम्प्यूटर में हिन्दी के फॉन्ट लोड नहीं हैं. आज की तारीख़ तो लिख दी पर यह
 जाएगा उसी दिन, जब इन्टरनेट कनेक्ट होगा. अंग्रेजी को ध्यान में रखकर ईज़ाद की
 गई टाईपिंग मशीन पर हिन्दी के लिए देवनागरी लिपि का उपयोग काफी पहले प्रारम्भ
 हो गया था. हिन्दी में दस्तावेज़ों की टायपिंग आदि के अलावा हिन्दी समाचार
 पत्रों के लिए टेलेक्स से बड़ी मात्रा में टाईपिंग मशीन के इसी उपयोग के द्वारा
 समाचारों के प्रेषण का कार्य हुआ. बाद में, सन् 1967 में इन्दौर का ‘नई दुनिया’
 भारत का, किसी भी भाषा में छपने वाला, पहला ऐसा समाचार पत्र बना जिसने अपनी
 छपाई के लिए ऑफसेट मशीन तथा साथ में फोटोकम्पोज़िंग तकनीक का उपयोग किया.
 फोटोकम्पोज़िंग तकनीक, जैसा कि आप जानते ही हैं, पारम्परिक कम्पोज़िंग से सिर्फ
 इतना ही अलग थी कि छपाई के लिए अक्षरों (पहले टाईप-फेस कहते थे, जब से
 कम्प्यूटर आया है, फॉन्ट शब्द चलता है) को जहां पहले एक-एक कर हाथ से उठाकर
 कम्पोज़िंग मशीन में नियत स्थान पर रखा जाता था, वहीं फोटोकम्पोज़िंग तकनीक में
 सारी कम्पोज़िंग कम्प्यूटर-स्क्रीन पर टायपिंग के द्वारा की जाती है. इससे सारा
 काम न केवल बहुत जल्दी होने लगा बल्कि और भी फायदे हुए.

पारम्परिक टायपिंग मशीन में उतने ही अक्षर या शब्द-प्रकार डाले जा सकते थे,
 जितने की अनुमति मशीन के भीतर का सीमित स्थान देता था. किन्तु कम्प्यूटर में
 स्थान की समस्या नही रही. इसमें पारम्परिक की-बोर्ड के अतिरिक्त अंकों
 (नम्बर्स) का उपयोग कर असीमित कॉम्बिनेशन्स के द्वारा अक्षर और चिन्ह प्राप्त
 किए जा सकते हैं. कुछ उदाहरण के लिए- क्र कृ क्क ड्क क्त क्र रु रू हृ ह्न ह्म
 ह्व द्व ह्न ध् द्र द्ग द्द ध्द द्ध ञ् लृ ट्ट ट्ठ ढ न्न य ञ् झ् ढ्ढ ङ्ढ ड्ड
 ड्ण ङ ड्ण फ्र ॠ ऋ स्र स्त्र ॐ ऽ ऑं आदि आदि...

हिन्दी टायपिंग दरअसल हिन्दी प्रेस से विकसित हो कर बाहर निकली थी. भारत में
 हिन्दी में छपाई का इतिहास कोई सन् 1800 के आसपास से ही मिलता है.

यह एक विवाद का विषय हो सकता है पर मुझे लगता है यदि कम्प्यूटर पर हिन्दी
 टायपिंग का प्रवेश कुछ दशकों पहले हो जाता तो कम से कम दो महत्वपूर्ण बातें
 होतीं. एक तो हिन्दी के स्थान पर, जैसा कि महात्मा गांधी चाहते थे,
 हिन्दुस्तानी का प्रयोग और प्रचलन बढ़ा होता. हिन्दी और उर्दू के बीच दूरी कम
 होती. दूसरा, हिन्दी भाषियों को उर्दू के लफ्ज़ों के उच्चारण को ले कर
 परेशानियां कम हो पातीं. ताज़महल-ताजमहल, जज़्बात-जज्बात, ज़िन्दगी-जिन्दगी,
 इज्ज़त-इज्जत जैसे शब्द परेशानी का सबब नही बनते. विशेषकर रेडियो के उद्घोषकों
 को सहायता मिली होती.

जिस रूप में हिन्दी को आज पहचाना जाता है उस रूप में हिन्दी का विकास उन्नीसवीं
 सदी के साथ-साथ प्रारम्भ हुआ. दरअसल भारत में हिन्दी एक भाषा न हो कर अनेक
 बोलियों का समूह थी. जनता के बीच अनेक स्वरूपों में खड़ी बोली प्रयुक्त होती थी
 तो कवियों की भाषा ब्रज थी. सन् 1830 के आस-पास भारत में पहले हिन्दी समाचार
 पत्र के छपने की जानकारी है. छपाई के साथ साथ टाईप फेस या फॉन्ट की, व्याकरण
 की, और कुल मिला कर, मानकीकरण (Standardisation) की ज़रूरत सामने आयी.
 स्वतंत्रता की लड़ाई के दिनों में हिन्दी देशवासियों को आपस में बांधे रखने वाला
 धागा थी. अनेक बोलियों के रूप में बिखरे अंगों को कहीं पास ला कर तो कहीं जोड़
 कर हिन्दी को एक ऐसा स्वरूप जो कि एक-रूप शरीर जैसा हो; देने की कोशिश उस समय
 के राजनैतिक माहौल तथा उन दिनों के हिन्दी समाचार पत्रों ने की.

पारम्परिक रूप से आज़ादी से पहले तक भारत में हिन्दी का स्वरूप धर्म से कभी जुड़ा
 नहीं रहा. पर बाद में यह भाषा देश के विभाजन की राजनीति का शिकार बन गयी.
 नेशनलिस्ट ताकतों ने इसका हिन्दुत्वीकरण कर दिया. हालांकि यह प्रक्रिया पहले
 प्रारम्भ हो चुकी थी. 1930 में पण्डित मदन मोहन मालवीय ने काशी से प्रकाशित
 अपनी पत्रिका 'अभ्युदय 'में एक चर्चित लेख लिखा था - हिन्दी में बिन्दी क्यों.
 ज को ज़ बना देने वाली एक छोटी-सी बिन्दी अचानक उर्दू और हिन्दी तथा परदे के
 पीछे हिन्दुओं और मुस्लिमों के बीच चल रहे महायुद्ध में बीचों बीच पंहुच गयी.
 फुटबॉल वर्ल्ड कप की कल्पना कीजिए. हज़ारों-लाखों लोगों की उत्तेजक चीख पुकार के
 बीच टीमें अपने प्रतिद्वंद्वी को पछाड़ने की कोशिश में जो भी प्रयास करें, किक
 फुटबॉल ही पाती है. हिन्दी भाषा में उर्दू के स्वर पैदा करने की कोशिश करती
 बिन्दी ऐसी ही एक फुटबॉल बन गयी.

'हिन्दी में बिन्दी क्यों?' यह नारा हिन्दी छापेखानों के उन कम्पोज़ीटरोंके लिए
 अपनी कमी छिपाने के लिए रक्षाकवच बन गया, जो तकनीकी कारणों से अक्षरों के नीचे
 बिन्दी नही लगा पाते थे. प्रूफ-रीडिंग करने वाले उन सम्पादकों के लिए भी जो
 उतने अच्छे भाषाविद् नहीं थे, जितने अच्छे पत्रकार. कुछ पत्रकारों की राजनैतिक
 प्रतिबद्धताएं भी कारण बनीं बिन्दी की उपेक्षा की. जहां एक ओर उर्दू में समझाया
 गया कि नुक्ते में जरा सी हेरा-फेरी हो जाए तो ख़ुदा ज़ुदा हो जाता है, वहीं
 दूसरी ओर हिन्दी वाले यह साबित करने में जुट गए कि बिन्दी के बिना भी भाषा का
 अस्तित्व है. और फिर एक के बाद एक पीढ़ियां निकलती चली गयीं, ऐसे अनेक शब्दों से
 परिचय पाए बिना जो रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा थे.

विभाजन ने हिन्दी को हिन्दुओं की तथा उर्दू को मुसलमानों की भाषा का लेबल देने
 वालों के प्रयासों को बल दिया. हिन्दी का हिन्दुत्वीकरण होने लगा. उर्दू वाले
 उर्दू में फारसी के शब्द डालने लगे तो रघुवीर (कमेटी) जैसे लोग ढूंढ़ ढूंढ़ कर
 संस्कृत पर्यायवाची इज़ाद करने में जुट गए. रेल के लिए लौह-पथ-गामिनी, रेल
 सिग्नल के लिए गमनागमन सूचक ताम्र-लौह पट्टिका, सिग्नल के लिए श्वेत
 धम्रपान-दंडिका, लॉन टेनिस के लिए घासीय गेंद बल्ला मुठभेड़ तथा रूमाल के लिए
 मुख प्रच्छलन वस्त्र चीर जैसे शब्द सालों तक चुटकुलों के रूप में हमने आप से ही
 सुने हैं.

जिस रूप में हिन्दी को आज पहचाना जाता है, उसमें आते तक समय-समय पर अनेक स्रोतों
 से योगदान मिला है. पंडितों की भाषा से उठाकर इसे एक ऐसी भाषा के रूप में
 स्थापित करने में, जिसे अभिजात्य और सामान्य दोनो वर्गों की समान स्वीकार्यता
 प्राप्त हो; हिन्दी पत्रकारिता ने बड़ा योगदान किया है. हिन्दी पत्रकारिता के
 पितृपुरूष माने जाने वाले बाबूराव विष्णु पराडकर से व्याकरण तथा शब्द एवं वाक्य
 संयोजन की व्यवस्था के अतिरिक्त मिस्टर के स्थान पर श्री तथा राष्ट्रपति (मैं ष
 का आधा रूप कम्प्यूटर की-बोर्ड में नहीं ढूढ़ पाया हूं.'राष्ट्रपति ' चलेगा?)
 जैसे शब्द मिले. 1980-81 के आस पास ‘जनसत्ता’ अखबार छपना प्रारम्भ हुआ तो
 भारतीय क्रिकेट में गेंदबाज़ और बल्लेबाज़ जैसे शब्द आए. राजनैतिक दलों के विभाजन
 के लिए दो-फाड़ शब्द प्रयुक्त हुआ. 1995 के आसपास एक घंटे के 'आज-तक' के माध्यम
 से सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने दूरदर्शन पर सरकारी हिन्दी सुनने के आदी कानों को
 बोलचाल की हिन्दी भाषा सुनायी, जो बाद में आने वाले सभी निजी हिन्दी समाचार
 चैनलों की शैली बनी. हिन्दी का शब्द संग्रह बढ़ाने में सरकारी तंत्र ने भी खूब
 योगदान किया. गांवों का शहरीकरण, शहरों का सौंदर्यीकरण, सड़कों का चौड़ीकरण और
 फिर डामरीकरण, सब हिन्दी को सरकारी योजनाओं की देन हैं.

हिन्दी के पण्डितों ने न जाने कैसे यह भुला दिया कि हिन्दी सदैव एक जीवन्त,
 कदम-कदम पर परिपक्व होते रहने वाली एवं समय के साथ अपने को ढालने वाली भाषा रही
 है. हिन्दी सतत बहने वाली और राह की तमाम बुराईयों को साथ ले कर भी अपनी
 शुद्धता बरकरार रखने वाली गंगा नदी की तरह रही है. इसे संस्कृत जैसी एक महान
 किन्तु मृत भाषा की सहायता से 'पुनर्जीवित ' करने का जब-जब भी प्रयास किया गया,
 हिन्दी पर गंगा की तरह आस्था रखने वाला आम जन उस प्रयास में शामिल नहीं हो
 पाया.

हिन्दी भाषा के इतिहास पर कुछ और भी चर्चा हो सकती है, पर इसे अगले पत्र का विषय
 रखते हैं.

आपका ही
परिवेश

साभार : www.raviwar.com



      Get the freedom to save as many mails as you wish. To know how, go to
 http://help.yahoo.com/l/in/yahoo/mail/yahoomail/tools/tools-08.html

-------------------------------------------------------


More information about the Deewan mailing list