[दीवान]मोहल्ला
मोहल्ला
avinashonly at gmail.com
Sat Jul 5 20:00:28 IST 2008
मोहल्ला
///////////////////////////////////////////
ये किसका लहू है कौन गिरा
Posted: 04 Jul 2008 11:27 PM CDT
http://feeds.feedburner.com/~r/mohalla/~3/327137471/blog-post_05.html
मेरा शहर बीती रात से दहशत के साये में सांस ले रहा है। भारत बंद की बात से शुरू हुआ मामला सांप्रदायिकता की होली खेल रहा है। मेरे जैसे अमन पसंद कई लोग हैं, जो मालवा के इस प्यारे शहर से बेइंतहा मुहब्बत करते हैं। किसी को ढंग से मालूम भी नहीं है कि अमरनाथ श्राइन बोर्ड वाला मामला क्या है। आमजन अपने काम में मसरूफ़ रहते हैं। मुम्बई का बच्चा कहा जाने वाला शहर बिला वजह वहशीपन का शिकार हो चला है। रिवायत ये रही है इन्दौर की कि हिन्दू-मुसलमान तहज़ीबें एक साथ मुस्कुराना जानती हैं। समझ में नहीं आता ये कौन हैं जो किसी शहर की शांति के साथ खिलवाड़ करते हैं? धंधेबाज़ बन जाते हैं रातों-रात? मन बहुत भारी हो रहा था सो यह सब आपको लिख बैठा।
इस बात का ग़म तो है कि कुछ मासूम जानें इस नापाक़ तूफ़ान के हवाले हो जातीं हैं लेकिन ज़रा सोचिए ग़रीब-मज़लूम और बेसहारा लोग कर्फ़्यू के आलम में चूल्हा कैसे जलाएं? कहां जाएं? भीख मांगे? कौन है उनका रहनुमा? कौन उनकी परबत हो रही पीर पर मरहम लगाए? भीगी आंखों से जब ये मैटर टाइप कर रहा था तो एक नज़्म का इंतेख़ाब भी कर बैठा। जस की तस आपको ईमेल कर दी है : संजय पटेलउधर से आने वाला पत्थर केसरिया था
इधर से जाने वाला हरा
दोनो टकराये लहूलुहान हो गये
जब होश आया तो कराहते एक दूसरे का हाल पूछा
कैसे हो भाईजान
ठीक हूं भैया तुम?
बस आपकी दुआ से बच गया।
बात आगे बढ़ी... ये कौन है जो हमें वापर रहा है ?
हरा बोला,
समझ में नहीं आता
मैं तो सेठ हुकुमचंद की नसिया के कुंए का पानी पीकर बड़ा हुआ
और गोवर्धननाथजी के मंदिर का प्रसाद खाता रहा बड़े मज़े से
केसरिया बोला,
मैंने तो अमीर ख़ां साहब के यहां ईद की सैविया खूब खायी है भाई
हुसैन साहब तो हमारे आंगन में आकर लछमी मैया की रंगोली बनाते थे दीवाली पर
हरा बोला,
मैने तो शनि मंदिर में भीमसेन जोशी को पूरी रात गाते सुना
और भैरवी सुनकर ही घर लौटता था
केसरिया बोला,
मैने भी अमीनुदुद्दीन डागर का फगवा हरि देखन को चलो री
रतजगा कर के सुना है
हरा बोला,
क्या हम कुमार गंधर्व वाले मालवा के इन्दौर की ही बात कर रहे हैं
केसरिया बोला,
हां भाईजान वही बाजबहादुर वाला मालवा
हरा बोला,
भैया चंदू सर्वटे की ऑफ़ कटर याद है तुम्हें
केसरिया बोला,
नहीं मुझे तो मुश्ताक अली का लेट कट नहीं भूलता
यार हो क्या गया इस शहर को
यहां की रिवायत को
यहां के अवाम को, उस नेक इंसान को
ये तो हम जैसा हुआ जाता है
हम पसीज रहे हैं
पर ये तो क़त्ल पर क़त्ल किये जाता है
कहां गये वो मिलने-मिलाने के सिलसिले
हरे ने कहा।
केसरिया बोला,
तीज त्योहार, मंगलाचार सब धूल धुसरित हो गये
भाईजान ये शहर इंसानों का नहीं कारोबारियों की सैरगाह हो गया है
अब क्या करें हम दोनो क्या करें
एक बोला, अरे मरने दो इन दिलजलों को
जब अक़्ल आएगी तब बहुत देर हो जाएगी।
राख हो जाएगा अपने भाई-बहनों के हाथों।
दूसरा बोला, चलो हम कहीं और चलें
अब यहां जी नहीं लगता
शरीफ़ों की सोहबत का नहीं रहा ये शहर
हरा और केसरिया पत्थर
बहादुर शाह ज़फ़र को गुनगुनाते जा रहे हैं
लगता नहीं है दिल मेरा उजड़े दयार में।
--
You are subscribed to email updates from "मोहल्ला."
To stop receiving these emails, you may unsubcribe now http://www.feedburner.com/fb/a/emailunsub?id=11601255&key=0VvphG9mBh
If you prefer to unsubscribe via postal mail, write to: मोहल्ला, c/o FeedBurner, 549 W Randolph, Chicago IL USA 60661
This Email Delivery powered by FeedBurner.
-------------- next part --------------
An HTML attachment was scrubbed...
URL: http://mail.sarai.net/pipermail/deewan/attachments/20080705/257f4886/attachment.html
More information about the Deewan
mailing list