[दीवान]मोहल्ला

मोहल्ला avinashonly at gmail.com
Fri Jul 11 21:12:19 IST 2008


मोहल्ला

///////////////////////////////////////////
क्या असद ज़ैदी सांप्रदायिक कवि हैं?
 
Posted: 11 Jul 2008 10:25 AM CDT
http://feeds.feedburner.com/~r/mohalla/~3/332766651/blog-post_11.html

हिंदी कवि असद जैदी का नया कविता संग्रह सामान की तलाश हाल में परिकल्‍पना प्रकाशन, लखनऊ से छपा है। इस पर विवाद उठा है। उन्‍हें हिंदू और हिंदी विरोधी करार दिया गया है। दूसरी तरफ इस आरोप का खंडन करते हुए अन्‍य कवि उनके बचाव में आये हैं। जनसत्ता में दो मत प्रकाशित हुए, जिन्‍हें यहां दे रहे हैं। एक में असद जैदी को एकांगी बताया गया है, दूसरे में उनकी तुलना असदुल्‍ला खां गालिब से की गयी है। इन दोनों आलेखों के साथ चर्चित संग्रह की कुछ कविताएं यहां पेश हैं।1857 : सामान की तलाश

1857 की लड़ाइयां जो बहुत दूर की लड़ाइयां थीं
आज बहुत पास की लड़ाइयां हैं

ग्‍लानि और अपराध के इस दौर में जब
हर ग़लती अपनी ही की हुई लगती है
सुनाई दे जाते हैं ग़दर के नगाड़े और
एक ठेठ हिंदुस्‍तानी शोरगुल
भयभीत दलालों और मुख़बिरों की फुसफुसाहटें
पाला बदलने को तैयार ठिकानेदारों की बेचैन चहलक़दमी

हो सकता है यह कालांतर में लिखे उपन्‍यासों और
व्‍यावसायिक सिनेमा का असर हो

पर यह उन 150 करोड़ रुपयों का शोर नहीं
जो भारत सरकार ने ‘आज़ादी की पहली लड़ाई’ के
150 साल बीत जाने का जश्‍न मनाने के लिए मंज़ूर किये हैं
उस प्रधानमंत्री के क़लम से जो आज़ादी की हर लड़ाई पर
शर्मिंदा है और माफ़ी मांगता है पूरी दुनिया में
जो एक बेहतर गुलामी के राष्‍ट्रीय लक्ष्‍य के लिए कुछ भी
क़ुरबान करने को तैयार है

यह उस सत्तावन की याद है जिसे
पोंछ डाला था एक अखिल भारतीय भद्रलोक ने
अपनी अपनी गद्दियों पर बैठे बंकिमों और अमीचंदों और हरिश्‍चंद्रों
और उनके वंशजों ने
जो ख़ुद एक बेहतर ग़ुलामी से ज़्यादा कुछ नहीं चाहते थे
जिस सन् सत्तावन के लिए सिवा वितृष्‍णा या मौन के कुछ नहीं था
मूलशंकरों, शिवप्रसादों, नरेंद्रनाथों, ईश्‍वरचंद्रों, सैयर अहमदों,
प्रतापनारायणों, मैथिलीशरणों और रामचंद्रों के मन में
और हिंदी के भद्र साहित्‍य में जिसकी पहली याद
सत्तर अस्‍सी साल के बाद सुभद्रा ही को आयी

यह उस सिलसिले की याद जिसे
जिला रहे हैं अब 150 साल बाद आत्‍महत्‍या करते हुए
इस ज़मीन के किसान और बुनकर
जिन्‍हें बलवाई भी कहना मुश्किल है
और जो चले जा रहे हैं राष्‍ट्रीय विकास और
राष्‍ट्रीय भुखमरी के सूचकांकों की ख़ुराक बनते हुए
विशेष आर्थिक क्षेत्रों से निकल कर
सामूहिक क़ब्रों और मरघटों की तरफ़
एक उदास, मटमैले और अराजक जुलूस की तरह
किसने कर दिया है उन्‍हें इतना अकेला?

1857 में मैला-कुचैलापन
आम इंसान की शायद नियति थी, सभी को मान्‍य
आज वह भयंकर अपराध है

लड़ाइयां अधूरी रह जाती हैं अक्‍सर, बाद में पूरी होने के लिए
किसी और युग में किन्‍हीं और हथियारों से
कई दफ़े तो वे मैले-कुचैले मुर्दे ही उठ कर लड़ने लगते हैं फिर से
जीवितों को ललकारते हुए जो उनसे भी ज़्यादा मृत हैं
पूछते हैं उनकी टुकड़ी और रिसाले और सरदार का नाम
या हमदर्द समझ कर बताने लगते हैं अब मैं नजफ़गढ़ की तरफ़ जाता हूं
या ठिठककर पूछने लगते हैं बख़्तावरपुर का रास्‍ता
1857 के मृतक कहते हैं भूल जाओ हमारे सामंती नेताओं को
कि किन जागीरों की वापसी के लिए वे लड़ते थे
और हम उनके लिए कैसे मरते थे

कुछ अपनी बताओ

क्‍या अब दुनिया में कहीं भी नहीं है अन्‍याय
या तुम्‍हें ही नहीं सूझता उसका कोई उपाय।

अयोध्‍या में कुछ क़ब्रें

इस मलबे के पीछे कुछ दूर जाकर
नदी के उस तरफ़ कई क़ब्रें हैं
जिनमें दबी हैं कुछ कहानियां
ज़ंग लगा एक चिमटा
तांबे का प्‍याला
एक तहमद एक लाठी एक दरी
मेंहदी से रंगे बाल
2 X 3 इंच का नीले शीशे का
चमकदार टुकड़ा
और इसी तरह कुछ अटरम-सटरम

हर शै ख़ामोश
लेकिन अपनी जगह से कुछ सरकी हुई

हर शै, दम साधे,
हमारी तरह,
किसी इंतज़ार में।

कौन नहीं जानता

कौन नहीं जानता
अयोध्‍या में सभी कुछ
काल्‍पनिक है

वह मस्जिद जिसे
ढहाया गया
वह काल्‍पनिक थी

वे तस्‍वीरें
किसी मशहूर फ़‍िल्‍म
के लिए थीं

वह एक दोपहर की झपकी थी
एक अस्‍तव्‍यस्‍त सा
स्‍वप्‍न था
या किसी का ख़र्राटा

जिसकी आवाज़ के पर्दे में मेहराब के चटकने की
ख़फ़ीफ़ सी आवाज़ धुल गयी
कुछ गुंबदें धीमी गति से गिरती चली गयीं
काले-सफ़ेद धुंधलके में।

इस्‍लामाबाद

मौसम ख़ुशनुमा था धूप में
तेज़ी न थी हवा धीरे धीरे
चलती थी, पैदल चलता आदमी
चलता चला जा सकता था कई मील
बड़े मज़े से

यह भी एक ख़ुशफ़हमी थी हालांकि

मेरे साथ चलते शुक्‍ल जी से जब रहा न गया
तो बोले : 

मेरे विचार से तो अब हमें इस्‍लामाबाद पर
परमाणु बम गिरा ही देना चाहिए।

दूरभाष

साहित्‍य अकादमी के अफ़सरान आपके प्रश्‍नों से तंग आ चुके हैं।
उन्‍हें सताना बंद कीजिए - उन्‍हें नहीं मालूम बंदी कविराय का फ़ोन नंबर
और कलानाथ भा.प्र.से. के घर का पता
वे आपको कैसे मिला सकते हैं सुशीला गुजरांवाल से
या उनके ख़ाविंद से जिन्‍हें ख़ुद नहीं आजकल अपना पता!
कौन खोटे? महेश खोटे! अजी वो तो कभी के यहां से जा चुके...
महादेव प्रसाद से मिलिए या टेलिफ़ोन इन्‍क्‍वायरी से पूछिए
महादेव प्रसाद? हां हां वही...
परसों ही की बात है फ़ोन की घंटी बजी और
अकादमी के सचिव से पूछा गया हमदर्द मुरादाबादी का
स्‍वास्‍थ्‍य अब कैसा है और अकादमी का कोई आदमी
उनके निवासस्‍थान पर तैनात है या नहीं...
और हास्‍य कविता महाकुंभ की तारीख़ें क्‍या बदल दी
गयीं हैं और वो जो गुरदास कान आने वाले थे
कब आएंगे?

साहित्‍य अकादमी के कारकुन
शादी के सुंदर कार्ड बनवाने में आपकी मदद नहीं कर सकते
हां तलाक़शुदा लोगों का अकादमी अपने
वाचनालय में स्‍वागत करती है - वे बेहतरीन पाठक साबित होते हैं!
जी नहीं, मसख़रों की अखिल भारतीय डाइरेक्‍टरी हम नहीं छापते
हां कालातीत हास्‍य से जो रिश्‍ता साहित्‍य का बनता है उसको
अकादमी मानती है... और इस विषय पर
सेमिनार की योजना कुछ समय से विचाराधीन है।

जी निखिल हिंदू सम्‍मेलन की गतिविधियों से तो हम वाक़‍िफ़ नहीं
विश्‍व हिंदी सम्‍मेलन के बारे में ज़रूर जानते हैं
पर वह हमारी शाखा नहीं है
और विश्‍व हिंदू परिषद का हिंदू साहित्‍य सम्‍मेलन से कोई
सीधा रिश्‍ता नहीं है...
अव्‍वल तो आपकी मुराद शायद
हिंदी साहित्‍य सम्‍मेलन से है... जी? अच्‍छा!
हिंदू साहित्‍य सम्‍मेलन फिर कोई दूसरी संस्‍था होगी।

नागरी प्रचारिणी सभा के हम मेम्‍बर नहीं
और हिंदी जाति परिषद का नाम तो कभी पहले सुना नहीं!
अच्‍छा, तो यह उत्तर-नेहरू विकास अध्‍ययन संस्‍थान का
एक प्रकोष्‍ठ है! ठीक है।
सुनिए, यह अकादमी एक अखिल भारतीय संस्‍था है
और नागरी प्रचारिणी सभा या हिंदी जाति परिषद - दरअसल -
दूसरी तरह की अखिल भारतीय संस्‍थाएं हैं
हमारा इनसे कोई झगड़ा नहीं - 
असल में ये ग़ैर सरकारी संगठन हैं और अकादमी
एक स्‍वायत्त संगठन।

देखिए, हम न किसी के विरोध में हैं, न पक्ष में
संविधान के आठवें शिड्यूल में जो भाषाएं हैं
उन सबको अकादमी भारतीय भाषा का दर्जा देती है
उर्दू भी - जैसा कि आप जानते हैं - आठवें शिड्यूल में है
और नागरी प्रचारिणी वालों को भी इसका पता है।

आप कुछ जिज्ञासु आदमी मालूम होते हैं
देखिए हिंदुत्‍व की परिभाषा अकादमी ने नहीं
उच्‍चतम न्‍यायालय ने तय की है : हम तो
पालन के दोषी हैं

और अगर हम ऐसा बहुत लंबे समय से
करते चले आ रहे हैं
तो इसे गफ़लत नहीं, दूरंदेशी समझा जाना चाहिए।

हिंदू सांसद

आपका पानी बेस्‍वाद
आपका खाना ख़राब
आपकी ज़बान ग़लीज़
आपकी पोशाक नक़ली
आपका घर बेहूदा
आपका बाहर बेकार
आपकी रूह लापता
आपका दिल मुर्दार
आपका जिस्‍म आपसे बेज़ार
आपका नौकर भी है आपसे नाराज़

मेरा वोट लिये बग़ैर भी
आप मेरे सांसद हैं
आपको वोट दिये बग़ैर भी
मैं आपकी रिआया हूं

अचानक आमने सामने पड़ जाने पर
हम करते हैं एक दूसरे को
विनयपूर्वक नमस्‍कार।

पूरब दिशा

एक दिन इस दुनिया से उर्दू बोलने वालों का
सफ़ाया हो जाएगा
रह जाएगी बस हमारी प्‍यारी हिंदी भाषा
दफ़ना देंगे फिर हम अपनी यह कुल्‍हाड़ी

एक दिन ख़त्‍म हो जाएंगी
पश्‍िचम की तरफ़ मुंह करने वाली क़ौमें
हर तरफ़ होगा पूरब की रीत का बोलबाला

एक दिन पश्‍िचम दिशा ही ख़त्‍म हो जाएगी
अकेली बच जाएगी बस हमारी पूरब दिशा।

शनिवार

सुबह सुबह मैं रास्‍ते में रुक कर फ़ुटपाथ पर झुक कर
ख़रीद रहा था हिंदी के उस प्रतापी अख़बार को
किसी धातु के काले पत्तर की
तेल से चुपड़ी एक आकृति दिखा कर
एक बदतमीज़ बालक मेरे कान के पास चिल्‍लाया -
सनी महाराज!

दिमाग़ सुन्‍न ऐनक फिसली जेब में रखे सिक्‍के खनके
मैंने देना चाहा उसको एक मोटी गाली
इतनी मोटी कि सबको दिखाई दे गयी

लड़का भी जानता था कि
पहली ज़्यादती उसी की थी
और यह कि ख़तरा अब टल गया

कहां के हो? मैंने दिखावटी रुखाई से पूछा
और वह कमबख़्त मेरा हमवतन निकला

ये शनि महाराज कौन हैं?
उसने कहा - का पतौ...।

इसके बाद मैंने छोड़ दी व्‍यापक राष्‍ट्रीय हित की चिंता
और हिंदी भाषा का मोह
भेंट किये तीनों सिक्‍के उस बदमाश लड़के को।

पानी

जब तक मैं इसे जल न कहूं
मुझे इसकी कल-कल सुनाई नहीं देती
मेरी चुटिया इससे भीगती नहीं
मेरे लोटे में भरा रहता है अंधकार

पाणिनी भी इसे जल ही कहते थे
पानी नहीं

कालांतर में इसे पानी कहा जाने लगा
रघुवीर सहाय जैसे कवि हुए; उठ कर बोले : 
‘पानी नहीं दिया तो समझो
हमको बानी नहीं दिया।’

सही कहा - पानी में बानी कहां
वह जो जल में है।






--
You are subscribed to email updates from "मोहल्ला."
To stop receiving these emails, you may unsubcribe now http://www.feedburner.com/fb/a/emailunsub?id=11601255&key=0VvphG9mBh 

If you prefer to unsubscribe via postal mail, write to: मोहल्ला, c/o FeedBurner, 549 W Randolph, Chicago IL USA 60661

This Email Delivery powered by FeedBurner.
	
-------------- next part --------------
An HTML attachment was scrubbed...
URL: http://mail.sarai.net/pipermail/deewan/attachments/20080711/c00c9447/attachment-0001.html 


More information about the Deewan mailing list