[दीवान]श्रीनगर का सियासी खेल जनता के लिए नौटंकी
brajesh kumar jha
jha.brajeshkumar at gmail.com
Sun Apr 26 00:42:12 IST 2009
*श्रीनगर** **का सियासी खेल जनता के लिए नौटंकी*
जम्मू और कश्मीर की राजनीति में ऊंची रसूख रखने वाला शेख अब्दुल्ला का परिवार
15वीं लोकसभा चुनाव में आमने-सानमे है। शेख अब्दुल्ला के बेटे डा. फारूख
अब्दुल्ला और बेटी खालिदा शाह श्रीनगर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं। इससे
घाटी में चुनावी बयार धीमी गति से ही पर रंग पकड़ता जा रहा है।
इन दोनों भाई-बहन की सियासत की राहें वर्ष 1986 में ही उस समय अलग हो गई थीं,
जब खालिदा के पति जीएम शाह ने नेशनल कांफ्रेंस से अलग होकर कांग्रेस के सहयोग
से अपने मुख्यमंत्री बनने का सपना पूरा किया था। लेकिन, दोनों पहली बार सियासी
लड़ाई में आमने-सामने खड़े हैं।
यहां राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ता इन दिनों खूब सक्रिय हैं। पत्रकार
बिरादरी इनकी सियासी चालें सूंघने में लगी हैं। लेकिन, अवाम में इस लोकतांत्रिक
उत्सव को लेकर खास उत्साह नहीं है। वे अपनी रोजमर्रा की कठिनाइयों से निपटने
में व्यस्त हैं। शहर की किसी चौपाटी पर नमकीन चाय की चुस्कियों के साथ कोई इस
चुनाव के बाबत बहस करना नजर नहीं आता है। हालांकि, देश के दूसरे राज्यों में इन
दिनों यह नजारा आम है।
यहां लाल चौंक से गुजरते समय निसार मिल गए। वह दिल्ली स्थित एक कॉल सेंटर में
दो वर्ष नौकरी कर वापस लौटे हैं। उन्होंने कहा, “वादी के आम लोगों से जुड़ा
मुद्दा कभी यहां गंभीर मुद्दा नहीं बनता है। दिल्ली में प्याज महंगे होते हैं
तो सरकार बदल जाती है। यहां जान जाती है तो उसपर लोग अपनी सियासत चमकाते हैं।”
उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियां केवल भावनात्मक मुद्दों को उठाकर वोट पाना
चाहती हैं। जब से होश संभाला है, कश्मीर को इसी आग में जलते देखा है। कई बार
निसार की बातें सही मालूम पड़ती हैं। इन दिनों दिल्ली में स्कूल फीस का मामला
गर्म है। बच्चों के माता-पिता फीस बढ़ाने का विरोध कर रहे हैं। नेतागण उनकी बात
सुन रहे हैं। मीडिया भी नोटिस कर रही है।
उधर श्रीनगर की स्थिति अलग है। शहर के सबसे अच्छे स्कूल की स्थापना सन् 1880
में हुई थी। फिलहाल नाम याद नहीं। लेकिन स्कूल की दीवार लाल चौंक से लगी है।
लोगों ने बताया कि इस स्कूल की फीस 50 से 60 हजार रुपये सलाना है। जहां आम
लोगों की आमदनी का जरिया काफी हद तक खत्म हो चुका है। वहां के लोग कैसे अपने
बच्चे को इस स्कूल में पढ़ा सकते हैं। कोई इस बात को नहीं उठाता। अपनी जरूरत
में हद तक कटौती कर कई लोग अपने बच्चे को यहां पढ़ाते हैं।
श्रीनगर में हाउस बोट चलाने वाले मोहम्मद शफीक ने बताया, “वोट देने का उत्साह
तो उस वक्त जगता है, जब कोई उम्मीद दिखे। यहां तो सियासी चालों के बीच हमारी
रोजी-रोटी मुश्किल में पड़ जाती है। ऐसे में उत्साह कैसे जगेगा।”
साल भर पहले की एक घटना का हवाला देते हुए शफीक ने कहा- पिछले साल जब पर्यटकों
के आने का मौसम हुआ तो सियासतदानों ने नाहक ही अमरनाथ जमीन विवाद को पैदा कर
दिया। खूब हंगामें हुए। घटना के बाद यहां नाम मात्र के पर्यटक ही आए। ऐसे में
हमारी कमाई पूरी तरह चौपट हो गई। अब हम किस पर यकीन करें? और जब यकीन ही नहीं
है तो वोट किसे दें?
यहां शहरी क्षेत्र की अपेक्षा ग्रामीण इलाकों के लोग वोट की तारीख यानी 7 मई का
इंतजार कर रहे हैं। एक ग्रामीण बुजुर्ग महिला ने बताया कि कभी शेख अब्दुल्ला
उनके नेता हुआ करते थे। इस परिवार में आज भी उनका यकीन है। लेकिन, उक्त महिला
यह जानकर परेशान है कि शेख अब्दुल्ला के पुत्र फारूख और पुत्री खालिदा इस बार
चुनाव में आमने-सामने हैं। खालिदा अवामी नेशनल कांफ्रेंस के टिकट पर चुनाव
मैदान में उतरी हैं। उन्होंने बातचीत में कहा कि वे अवाम की आवाज बुलंद करने के
वास्ते चुनाव मैदान में उतरी हैं। ऐसे में श्रीनगर लोकसभा सीट का मुकाबला
दिलचस्प माना जा रहा है।
2004 के चुनाव में यहां से नेशनल कांफ्रेंस की टिकट पर पूर्व मुख्यमंत्री फारूख
अब्दुल्ला के पुत्र उमर अब्दुल्ला चुनाव जीते थे। उन्होंने अपने निकटतम
प्रतिद्वंदी पीडीपी के गुलाम नबी लोन को 23,169 वोटों से हराय था। उस समय यहां
18.57 प्रतिशत वोट डाले गए थे।
इस बार हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के वोट प्रतिशत को देखते हुए पिछले
लोकसभा चुनाव की अपेक्षा अधिक वोट पड़ने की उम्मीद है। इसके बावजूद शहरी
क्षेत्र में वोटिंक प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद नहीं है।
द कश्मीर टाइम्स नामक दैनिक अखबार के एक पत्रकार ने बताया कि यहां मोबाइल
वोटिंग का भी चलन है। विभिन्न पार्टी के कार्यकर्ता उन लोगों को निशाने पर रखते
हैं जो वोट नहीं डालते हैं और चुनाव के दिन फर्जी वोटर आई कार्ड लेकर उक्त
व्यक्ति के नाम से धूम-धूमकर वोट डालते जाते हैं। हाल में हुए विधानसभा चुनाव
के बाद यह मामला सामने आया है।
फिलहाल यहां मतदाताओं की कुल संख्या 11,02,451 है। इनमें 5,74,443 पुरुष और
5,28,008 महिलाएं हैं। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि डा. फारूख को सियासत का
लंबा तजुर्बा है। वे जनता की नबज पहचानते हैं। इसलिए वे अपनी बड़ी बहन खालिदा
की अपेक्षा यहां मजबूत स्थिति में हैं। इसके बावजूद शहरी क्षेत्र में कम मतदान
होने की संभावना उनके लिए चिंता का सबब है। यहां से पीडीपी प्रत्यासी मौलवी
इफ्तिखार हुसैन मैदान में हैं।
-------------- next part --------------
An HTML attachment was scrubbed...
URL: http://mail.sarai.net/pipermail/deewan/attachments/20090426/c70bddfe/attachment-0001.html
More information about the Deewan
mailing list