[दीवान]मैं अन्ना नहीं हूँ, अन्नावादी भी नहीं हूँ!!

kamal mishra kissakhwar at gmail.com
Mon Aug 22 23:18:18 IST 2011


2011/8/22 kamal mishra <kissakhwar at gmail.com>

राकेश जी,
मैं अन्ना नहीं हूँ, अन्नावादी भी नहीं हूँ, लेकिन स्वयं को इस भ्रस्ट
प्रशासनिक-राजनैतिक और सामाजिक तंत्र से संतप्त उस मध्यवर्गीय युवा समूह का
हिस्सा बेशक  मानता हूँ जिसमें स्वाभाविक रूप से मौजूदा से बेहतर विकल्प की
तलाश और बदलाव की कुछ छटपटाहट बाकी है. अरुंधती राय सहित तमाम अति उत्साही
क्रांतिकारियों से अनेक मुद्दों पर सैद्धांतिक सहमती के बावजूद, राष्ट्र -राज्य
की संस्था और भारतीय समाज  की मेरी खुद की समझ, जो निश्चित रूप से मेरे अपने
अतीत के वामपंथी- नक्सलवादी तजुर्बों  और एक अत्यंत सीमित अध्ययन-अवलोकन से मिल
कर बनी है,  मुझे इस बात को स्वीकारने  में मदद करती है कि 'संघर्ष' के साथ-
साथ 'संवाद' से ही कोई सार्थक रास्ता या विकल्प निकल सकता है. कम से कम उस हद
तक जहाँ संवाद के सारे रास्ते बंद नहीं हो गए हैं.  अगर आप मुझसे उस सार्थक
विकल्प का, जिसकी ओर मैं  यहाँ इशारा भर कर रहा हूँ, खाका खींचने को कहेंगे तो
वह  तो मौजूदा सन्दर्भ में मेरे लिए संभव नहीं है . हाँ, अन्ना और अन्नावादिओं
को लेकर आप की शंकाओं को मैं जरुर एक हद तक शेयर करता हूँ. ज्यादा क्या कहूं बस
थोड़ी सी  प्रतीक्षा और कीजिये फिर पढ़िए: *'गांधीवाद के अन्ना संस्करण का एक
उत्तर पाठ' *

2011/8/21 Rakeshराकेश <rakeshjee at gmail.com>
मित्र कमल,

मुमकिन है मेरी बात कायदे से संप्रेषित न हुई हो. सार्वजनिक जीवन का
भ्रष्‍टाचार मेरे लिए भी समस्‍या है.  पर व्‍यक्तिगत जीवन का भ्रष्‍टाचार उस पर
भारी पड़ता है, मेरी नजर में. बाकी राजनीतिक जीवन के आचार विचार और भ्रष्‍टाचार
जितने आपको तबाह करते हैं, ज्‍यादा नहीं तो कम से कम उतने मुझे भी कर रहे
होंगे. पर हल मुझे अण्‍णा में तो नही दिख रहा फिलहाल. आगे की पंक्तियों से जो
चिंताएं जतायी है आपने, जायज है. देखिएगा, उनसे मुक्‍त होने का रास्‍ता किधर से
निकलता है. विचार कीजिएगा.



2011/8/21 kamal mishra <kissakhwar at gmail.com>
राकेश भाई,
बुनियादी तौर से तो हालाँकि मैं भी यही कहना चाहता था कि *घर को सजाने का
तसव्वुर तो बाद का है, पहले ये तो तय हो की घर को बचाएं कैसे* ! मगर आप की
प्रतिक्रिया के कुछ पहलुओं  को नज़रंदाज़ कर के कम से कम मैं आप को काजी होने
की सनद नहीं दे पाउंगा. इसकी एक वजह तो ये है की आप की अपनी प्रतिक्रिया में
कुछ विरोधाभास सा है. एक तरफ तो आप यह मानते हैं की सार्वजनिक जीवन में
भ्रस्टाचार बड़ी समस्या नहीं है. जिस पर मुझे कुछ विशेष नहीं कहना है सिवाय
इसके की सार्वजनिक जीवन में भ्रस्टाचार की जैसी एक से बाद कर एक मिसालें दरपेश
हैं उनकी तरफ से मुहं मोड़ कर हम और आप भला कहाँ जायेंगे और कौन सी समझदारी
विकसित करेंगे ?

परस्पर लाभ पहुँचाने वाली जिस व्यवस्था को आप एक दूजे को हाजी-काजी घोषित करने
के तौर पर और एक ज्यादा बड़ा खतरा गिन रहे हैं वो भी तो दरअसल अब उसी भ्रस्ट
सामाजिक-राजनैतिक सांचे का एक अनिवार्य अंग बन गयी है. तो अन्ना और उनके
साथियों की चड्ढी कितनी साफ़ है या कब तक साफ़ रहेगी ये तो भगवान ही जाने लेकिन
नारायण दत्त तिवारी जैसे तपे हुए कांग्रेसी गाँधीवादियों की शुचिता और मूल्यबोध
का तमाशा तो उम्मीद है आप इतनी जल्दी नहीं ही भूले होंगे! यों तो उदारीकरण के
मौजूदा दौर में साँस भरते हुए यौन शुचिता व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए कोई मतलब
नहीं रखती लेकिन, सच या झूठ (?), सुनता हूँ की आज भी वही भूतपूर्व राज्यपाल खुद
को स्वतंत्रता आन्दोलन के ही दिनों से  गाँधी बाबा का सिपाही और न जाने क्या
क्या होने का दावा किया करते हैं! अब इस बात की तस्कीद तो कोई जानकार ही करे की
वाकई डॉ तिवारी गाँधी जी के अनुयायी और असल वारिस हैं भी या नहीं.  हाँ ये सवाल
जरुर पेशतर है की इस देश की पिछली पीढ़ी, आम जन मानस, और भावी नेतृत्व भला *उस
*गाँधीवादी विरासत से  क्या प्रेरणा ले जिसके प्रतिनिधि चरित्रों में  डॉ
नारायण दत्त तिवारी जी भी शुमार किये जाते  हैं? इसी तरह जिस समाज में एक बड़ी
आबादी के लिए न्यूनतम आमदनी २० रुपये रोजाना घोषित हो, और बुनियादी सुविधाओं के
आभाव में उनका जीना हलकान हो, वहां प्रमुख विपक्षी पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय
अध्यक्ष नितिन गडकरी जी के बेटे की शादी की चमक से अगर आप की आँखों को तकलीफ
नहीं हुई तो यह कहते हुए कम से कम मैं जरा भी संकोच नहीं करूँगा की अब मुझे आप
के इस नजरिये से भी तकलीफ है!

चलिए थोड़ी देर के लिए ही सही  मैं अपनी निजी और एक  उच्च जातीय- मध्य वर्गीय
व्यथा को भूल जाता हूँ. और अब हम इस संसदीय लोकतान्त्रिक व्यवस्था में हजारों
सालों से  उत्पीडित दलित जातिओं को मुख्य धारा में ले आने के लिए तैयार किये गए
*स्पेशल कॉम्पोनेन्ट प्लान* - जिसके तहत कुल योजनागत बजट के १६% राशि के सीधे
आवंटन का प्रावधान पिछले बीसियों सालों से  है-  पर ही  बात करते हैं . जरा
बताईये की कौन सा ऐसा राज्य है और कौन सी ऐसी सरकार है जो इस संवैधानिक नीति
निर्देश का ठीक ठीक पालन कर दलितों के हितो की अनदेखी नहीं कर रहा है? जवाब
पाएंगे शायद एक भी नहीं. तब योजना का लाभ जरुरत मंद तक पहुंचे वो तो बाद की बात
है भ्रस्टाचार की  गिद्धदृष्टि  तो उस वास्तविक  मद में पैसा भी जाने  नहीं दे
रही है !
जिन्हें  आदिवासिओं की हालत क्या है ये देखना हो वो  जरा ओड़िसा या मध्य प्रदेश
ही हो आएं . मैंने तो उस इलाके के गाँव में, जहाँ राहुल बाबा फोटो खिचाने के
बाद ये घोषणा कर आये थे की वो दिल्ली में उन्हीं आदिवासिओं के सिपाही हैं,  यही
पाया की गावं के बाहर खड़ा बोर्ड (अंग्रेजी में ) भले ही ' राजीव गाँधी ग्रामीण
विधुतीकरण परियोजना' के तहत सम्पूर्ण ग्राम के बिजली सुविधा से जुड़े होने का
दावा करे लेकिन हकीकत में उन आदिवासी गावों में बिजली तो दूर बिजली के खम्भे तक
नहीं लगे हैं.  भूख, बीमारी और लाचारी उनकी किस्मत बन गयी है और माफिया उनके
जंगलों और जमीन पर कैसी नजरे गाडे है ये क्या किसी से छुपा है ?  अल्पसंख्यकों
की ही बात उठा लीजिये, सच्चर कमिटी की अनुशंसा का क्या नतीजा हुआ जरा बताईये ?
कौन सा देव- दानव उसे निगल गया? साम्प्र्दैक शक्तिओं से छाया युद्ध लड़ने वालों
से आप उम्मीद करेंगे की वो रिपोर्ट की सिफारिशों को लागू करेंगे ? नहीं जनाब
हालत वाकई गंभीर हैं.

और ये सब देख समझ कर ही मैं दीवानों के बीच ये कहने का हौसला जुटा पाया हूँ की
अगर किसी मुहीम, किसी कानून, किसी पहल कदमी से इस डराने वाली  जमीनी हकीकत में
सार्थक बदलाव की एक रत्ती भी गुंजाईश बनती हो तो कम से कम मैं उस बदलाव के पक्ष
में हूँ. मैं उम्मीद करता हूँ की आप इतना तो जरुर समझ रहे होंगे की मुहीम की रौ
में बह कर अन्ना या उनके जन लोक पाल का समर्थन कम से कम मैं  नहीं कर रहा हूँ.
लेकिन मेरी ये स्पष्ट समझ बनी है की भ्रस्टाचार का सवाल मौजूं है क्योंकि ये
अचानक किसी शून्य से नहीं उभरा है. और दुहराव का खतरा उठा कर भी मैं फिर से यह
कहना चाहता हूँ कि भ्रस्टाचार के दलदल में गहरे तक धंसा हमारा अपना समाज और
हमारी यह  संसदीय व्यवस्था अगर आज पानी मांग रही है तो इसकी मूल वजह संसदीय
व्यवस्था की आड़ में चल रही लूट खसोट, लोकतान्त्रिक संस्थाओं की  समाज में
लोकतान्त्रिक मूल्यों को स्थापित करने में एक सिरे से असफलता, और जवाबदेह
प्रशासन की गैर मौजूदगी है.

रहा सवाल मोटर साइकिल पर मौजूदा कानून व्‍यवस्‍था का मजाक उड़ाते  हाथ-पैर
छितराते, तिरंगा भांजते सड़कों पर दौड़ रहे युवाओं का तो मैं विशेष क्या कहूं
पोलिस के अपने रिकॉर्ड यह साबित करने को पर्याप्त हैं की अन्ना की भ्रस्टाचार
विरोधी  मुहीम के असर में आई दिल्ली में अपराधिक वारदातों की दरों में लगभग ३५%
की गिरावट दर्ज हुई है (श्रोत : आन्दोलन ने थामी अपराध की रफ़्तार, *हिंदुस्तान
, *१९ अगस्त २०११, पेज ०४ ).

अगर ग्रहों की विपरीत गति के प्रभाव में कुछ अन्यथा कह गया हूँ तो माफ़ी का
तलबगार
कमल



2011/8/21 Rakeshराकेश <rakeshjee at gmail.com>
कमल बाबू,

ठीक ठाक कहा आपने. आपकी राय से सहमत होने में हर्ज भी नहीं. हाथ रहे या कमल खिल
जाए, इसकी भी खास चिंता नहीं. अब्‍बल तो चिंता किसी बात की ही नहीं. बस, अर्ज
ये करना है कि सब अन्‍ना के कुर्ते की तरह साफ है, संदेहजनक है. हालांकि आप
शायद ये कह भी नहीं रहे हैं. लेकिन, चौतरफा तो सुनने में यही आ रहा है.
चीफ जस्टिस और पीएम को भी ले आएं इस जन लोकपाल के दायरे में तो खाक पा लेंगे.
इतना बड़ा संविधान, धारा और अनुच्‍छेदों की गिनती जानकार लोगों को है ही, के
रहते भी न कुछ हिला पाए तब अब क्‍या रोप लेंगे.
मैं भी अन्‍ना, तू भी अन्‍ना ... मोटर साइकिल पर मौजूदा कानून व्‍यवस्‍था की
धज्जियां उड़ाते लौंडे जब हाथ-पैर छितराते, तिरंगा भांजते दौड़ रहे हैं सड़कों
पर, तो थोड़ा अंदाजा तो लग ही जाता है कि कैसे-कैसे अन्‍ना और कैसा भ्रष्‍टाचार
उन्‍मूलन!  खूब हुले हुले चल रहा है. कहने वाले कहते हैं कि इतने बड़े जनसैलाब
में कुछ ये भी होता है, अपवाद मान लिया जाए. मान लिया गुरु अपवाद भी. पर ये
नहीं हजम हो रहा कि देश की सबसे बड़ी समस्‍या भ्रष्‍ट-अचार ही है. व्‍यक्तिगत
अचारो की भ्रष्‍टता की सफाई के लिए क्‍या होगा? मालूम नहीं, ये दिक्‍कत है भी
या नहीं अन्‍नावादियों के लिए.  अगर है, तो इसको दुरुस्‍त करने के लिए कौन सा
नुस्‍खा अपनाया जाएगा, इस पर कोई ज्ञान उड़ेल दे, हम भी लाभ ले लें.
यहां, तो चारो ओर तुम हमें काजी कहो, हम तुम्‍हें हाजी कहते हैं - के तर्ज पर
धंधाबाजी हो रही है. पैसे के हेरफेर वाले भ्रष्‍टाचार से ज्‍यादा खतरनाक
भ्रष्‍ट-अचार मेरे हिसाब से ये हाजी-काजी वाला है. नजर दौड़ाइए, आपके आसपास भी
शायद ऐसा हो रहा होगा. बताइए, नुकसान कौन पहुंचा रहा है ज्‍यादा? भविष्‍य निधि
अस समस्‍या की सच्‍चाई और गंभीरता को मानता हुए भी यह कहने की हिमाकत कर रहा
हूं.
जनता के सड़क पर उतरने की जितनी भी वजहें आपने गिनाई है, उसमें कुछ और जोड़
लीजिए, मेरे हिसाब से सारे ठीक हैं. यहां तो बुनियादी मतांतर है. कि पहले मकान
ठीक कर लो, फिर देखना कि साज-सज्‍जा कैसी रखनी है. बस.

दीवानों को सलाम,
राकेश
-------------- next part --------------
An HTML attachment was scrubbed...
URL: <http://mail.sarai.net/pipermail/deewan/attachments/20110822/ebcd41dc/attachment-0001.html>


More information about the Deewan mailing list