[दीवान]आरक्षण
Mitul Malik
mitulmalik at gmail.com
Tue Aug 30 15:24:03 IST 2011
अंशु भाई,
मुझे लगभग हैरानी हो रही है कि आरक्षण को लेकर बहस के निर्देशांक आज भी बीस -बाईस
साल पहले वाले दिख रहे हैं. आठवें दशक के आखरी वर्षों में जब वीपी सिंह की
सरकार ने पिछड़े वर्ग को आरक्षण के दायरे में लाने का फैसला किया था तब भी कुछ
इसी तरह का हल्ला हुआ था. लेकिन मैं इस सुकून में बैठा था कि अगर उस समय के
युवा, जो अब अधेढ़ से होने लगे हैं, तो इस बीच नई पीढ़ी आ गई होगी . और वह इस
मसले पर शायद अलग ढंग से सोच रही होगी. पर वि चित्र किन्तु सत्य की तर्ज़ पर
विमर्श के नुक्ते और कोण उतने ही पुराने लग रहे हैं.
उस दौर में भी लोगों को लग रहा था कि पिछड़ों को आरक्षण मिलते ही ये समाज छिन्न
- भिन्न हो जायेगा, देश में अराजकता फ़ैल जाएगी.
थोड़े दिनों के लिए ऐसा हुआ भी . लेकिन फिर सब कुछ इतना सामान्य हो गया कि जैसे
कुछ हुआ ही नहीं था . जाहिर है कि जो युवा आरक्षण विरोध आन्दोलन के केंद्रमें
थे, उन्हें कोई और काम मिल गया होगा. फिर शादी ब्याह कर लिया होगा और
दुनियादार बनकर जीने लगे होंगे. गरज ये कि उस समय जमीन आसमान एक कर देने वाले
नेतृत्व को जैसे ही कोई और कम मिल गया तो वे शांत हो गए. तनी हुई मुट्ठियाँ
दुनियादार आदमी की तरह छाती पर बंध गईं.
ये जो मैं थोडा भटकते और अटकते हुए बात कर रहा हूँ इसके पीछे एक मकसद है. किसी
सामाजिक-राजनीतिक उभार का कई बार बनी बनाई परिपाटी, उधार के तर्कों, जल्द बाजी
में पकाए गए तथ्यों के आधार पर विश्लेषण कर दिया जाता है और पूरे मुद्दे की ठीक
इसी नुक्ते पर इतिश्री हो जाती है.
मित्रों, ऐसा शायद इसलिए होता है कि जो सिर्फ अपने स्वार्थ/हित के लिए
किसी आन्दोलन
में शामिल होता/ है वह बहुत दूर तक नहीं जा सकता. जैसे ही उसे लगता है कि अब
वह कही फंस जाएगा और उसे फौरी प्रतिक्रिया या विरोध के बाद कुछ गहरे सवालों और
बुनियादी संरचनाओं से उलझाना पड़ेगा तो वह भाग खड़ा होता है.
जिन लोगों को आज भी लगता है कि आरक्षण ने ही इस देश का बेडा गर्क किया है, उनसे
यह पूछने का मन होता है खुद उन्होंने और उनके माता-पिता-सगे सम्बन्धियों ने इस
देश और समाज को मानवीय बनाने के लिए क्या किया है. फ़र्ज़ करें कि अगर आरक्षण का
प्रावधान ख़त्म कर दिया जाए तो क्या सभी का जीवन सुखी हो जायेगा? क्या आरक्षण
का विरोध करने वाले गरीब/वंचित और कुत्ते का जीवन जीते लोगों की मिजाजपुर्सी के
लिए घर घर जाने लगेंगे?
क्या आरक्षण नीति से पीड़ित लोगों ने कभी गहरी पीड़ा के साथ खुद या किसी और से ये
सवाल किया है कि अपने जैसे हाथ--पैर वाले लोगों को कैसे हीन और नीचमान लिया गया?
और क्या कभी उन्होंने यह सोचने की कोशिश भी की कि किसी व्यक्ति को दूषित/नीच/
हीन/बेवकूफ/मतिहीन/ मानने का उसके मन पर क्या प्रभाव पड़ता है? कि कैसे समाज कि
कुछ जातियों का यह श्रेष्ठता बोध अन्य लोगों को एक अंतहीन नरक में झोंक देता है?
मित्रों, मैं यहाँ राजनीतिक या आर्थिक तर्क की बात नहीं कर रहा हूँ. मैं उस भयावह
अमानवीयता की ओर ध्यान दिलाना चाहता हूँ जिसे जाति की व्यवस्था ने कमजोरों के
लिए नियति बना दिया है.
सच बात ये है कि अगर हम इस पूरे विमर्श को मानवीय गरिमा के जाविये से देखें तो
आरक्षण के मुद्दे पर बात करने के लिए कोई दलील तक नहीं मिलेगी. मतलब ये कि
आरक्षण के विरोधियों को सिर्फ यही दिख रहा है उनका हक दलित या पिछड़े मार रहे
हैं जबकि उन्हें इस देश की राज्यसत्ता ये सवाल पूछना चाहिए कि धन-धान्य से
भरपूर इस देश में सब लोग स्वस्थ और सुखी कैसे नहीं हो सकते. जाहिर इसके लिए
हमें अपनी मांग और ऊंची करनी होगी. हमें खुद से और संस्कृति की महानता का
गुणगान करने वाले हर व्यक्ति से सवाल करना होगा कि आखिर इतनी घटिया और
मनुष्य-विरोधी
समाज व्यवस्था को अब तक क्यों स्वीकार किया जाता रहा है.
वैसे योग्यता का बखान करने वालों से जायज गुस्से के साथ ये भी पूछा जा सकता है
कि अगर आपके वे कल्पित लोग इतने ही 'योग्य" थे/रहे हैं तो ये देश गरीबी और
जहालत में इतना अव्वल कैसे है? ये इसलिए पूछा जा रहा है कि उपलब्ध दस्तावेजों
और साक्ष्यों के अनुसार इस देश और समाज की निर्णायक सत्ता अभी तक उन्हीं के
हाथों में रही है जिनके बारे में कहा जाता है कि वे आरक्षण से नहीं बल्कि अपनी
'योग्यता' के बूते व्यवस्था के शीर्ष पर पहुंचे हैं.
अंत में एक और निवेदन: मैं आज तक इस सामाजिक समीकरण को नहीं समझ पाया कि जो आरक्षण
का विरोध करता है वह दलितों का विरोधी भी होता है और आमतौर पर मुसलामानों के भी
खिलाफ रहता है, वह अपने देश को विश्वगुरु भी मानता है लेकिन अमेरिका में बसने
का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहता.
हस्बे-मामूल ये कि आरक्षण विरोधी किसी और को भी इंसान मानते हों तो कृपया बताएं
कि इस देश को कैसे दुरुस्त किया जाय. साथ ही वे यह भी बताएं कि उनके अलावा और
लोगों को किस तरह जीना चाहिए कि उनकी भावनाएं आहत न हों...
संवाद का माहौल बना तो बात जारी रहेगी.
मितुल मालिक
-------------- next part --------------
An HTML attachment was scrubbed...
URL: <http://mail.sarai.net/pipermail/deewan/attachments/20110830/b1b6798d/attachment-0001.html>
More information about the Deewan
mailing list