[दीवान]न्यू मीडिया के चमकीले दुश्मन

vineet kumar vineetdu at gmail.com
Thu Mar 3 10:40:28 IST 2011


दीवान के साथियों
ये कॉलेजों औऱ शैक्षणिक संस्थानों में सेमिनारों के लिए मिले फंड को किसी भी
तरह पानी में बहाने-दहाने का सीजन चल रहा है। क्लोजिंग इकॉनमी सेशन के पहले इस
फंड को हवा कर देनी है।
इस लिहाज से आनन-फानन में माता-जागरण की तर्ज पर सेमिनार कराए जा रहे हैं। इन
सेमिनारों से हमें कोई परेशानी नहीं है लेकिन जो विषय पकड़ा है और उस पर बोलने
के लिए जो लोग बुलाए जा रहे हैं,इसे लेकर फेसबुक पर इन दिनों बहस गर्म है। सबसे
बड़ा सवाल है कि जिस मेनस्ट्रीम मीडिया के लोगों ने न्यू मीडिया की आवाज को
शुरुआती दौर से कुचलने की कोशिश की,उसे गलत संदर्भ में प्रसारित किया,आज
टेलीविजन के चमकीले चेहरे भर हो जाने से रातोंरात उसके आधिकारिक वक्ता हो गए।
रामबहादुर राय जैसे जीमेल अकाउंटविहीन पत्रकार और नामवर सिंह जैसे तकनीक विरोधी
आलोचक इस घोषणा के साथ कि मुझे कुछ नहीं आता है,सेमिनारों में जगह घेरकर टाइम
खोटा कर रहे हैं। अजीत अंजुम जैसे मीडिया मठाधीश जिनकी असहमति में एक लाइन भी
छप जाए तो लोगों का जीना हराम कर देते हैं,ऐसे लोग न्यू मीडिया के वक्ता के तौर
पर बोले और बुलाए जा रहे हैं। ये इन दिनों न्यू मीडिया संभावनाएं औऱ चुनौतियां
परर ज्ञान बांट रहे हैं। हमारा सवाल सिर्फ इतना है कि जिसने कभी इस माध्यम को
एक संभावना के तौर पर नहीं देखा औऱ जिसने इसमें कभी कुछ किया ही नहीं तो उन्हें
चुनौतियां कब मिली होगी औऱ वो इस पर क्या बोलेंगे। लिहाजा फेसबुक पर न्यू
मीडिया प्रैक्टिसनरों ने अपना विरोध दर्ज किया है। यहां हम उसी कड़ी में
मीडियाखबर डॉट कॉम की एक पोस्ट आपसे साझा कर रहे हैं-

न्यू मीडिया पर सेमीनार या फिर तमाशा
*आप* बाढ़ की स्टोरी को कवर करें और पॉलिटिकल रिपोर्टिंग में रामनाथ गोएंका
अवार्ड लें. आप टेलीविजन में काम करें , सनसनी , रेड एलर्ट जैसे क्राइम शो
बनायें और अचानक न्यू मीडिया के विशेषज्ञ बन जाए. ‘न्यू मीडिया – यूथ मीडिया की
चुनौतियाँ एवं संभावनाएं’ पर व्याख्यान देने लगे तो हम जैसे नए मीडिया से कई
सालों से जुड़े लोगों के लिए घोर आश्चर्य और ऐतराज का विषय तो होगा ही. इस
शुक्रवार को ऐसा ही कुछ होने जा रहा है. द संडे इंडियन और एसजीटीबी खालसा
कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय एक मीडिया सेमिनार का आयोजन करने जा रहा है. इसका
विषय है *न्यू मीडिया – यूथ मीडिया : चुनौतियां और संभावनाएं.* वक्ता हैं :
बीएजी नेटवर्क के *अजीत अंजुम*, *प्रो.सुधीश पचौरी* , बीबीसी हिंदी
ऑनलाइन की *सलमा
जैदी*, र*वीश कुमा*र , *अभिसार शर्मा , शीतल राजपूत* और *आदित्य राज कौल*.



**
*

बार्टर सिस्टम-तुम मुझे चैनल पर चमकाओ मैं तुम्हे सेमीनार में
*
*आमंत्रण* कार्ड में सबसे ऊपर बीएजी नेटवर्क के अजीत अंजुम का नाम है. उसके बाद
प्रो.सुधीश पचौरी और फिर सलमा जैदी का. देखकर कर एक बारगी सवाल उठना लाजमी है
कि सबसे वरिष्ठ क्या अजीत अंजुम हैं या उनका कद सुधीश पचौरी और सलमा जैदी से भी
बड़ा हो गया है जो सबसे पहले उनका नाम छापा गया है. या फिर वे ही न्यू मीडिया के
सबसे बड़े पैरोकार है. कायदे से तो सबसे वरिष्ठ वक्ता का नाम आमंत्रण कार्ड में
सबसे ऊपर होना चाहिए था. लेकिन लगता है ‘द संडे इंडियन’ की नज़र में अजीत अंजुम
का कद प्रो.सुधीश पचौरी और सलमा जैदी से भी बड़ा है.

*बहरहाल* वापस मुद्दे पर लौटते हैं. इस सेमिनार में वक्ता के तौर पर बुलाए गये
लोगो में बीएजी के अजीत अंजुम, आजतक के एंकर अभिसार शर्मा और ज़ी न्यूज़ की एंकर
शीतल राजपूत हैं. टेलीविजन के ये तीन चेहरे न्यू मीडिया – यूथ मीडिया :
चुनौतियाँ और संभावनाएं पर बोलेंगे. लेकिन सवाल उठता है कि ये क्या बोलेंगे ?
इन तीनों का इंटरनेट / वेब पत्रकारिता में क्या योगदान है? क्या ज्ञान है ? ख़ैर
दो टेलीविजन न्यूज़ चैनलों के चमकते चेहरे हैं शायद इसलिए इन्हें बुलाया गया.
लेकिन इनकी चमक का न्यू मीडिया : यूथ मीडिया में क्या काम ? ज़ी न्यूज़ की एंकर
शीतल राजपूत की अबतक इंटरनेट पर कोई गतिविधि नहीं देखी और न न्यू मीडिया में
उनके किसी योगदान के बारे में सुना है. आजतक के एंकर अभिसार शर्मा फेसबुक पर
मित्र हैं. फेसबुक पर कुछ – कुछ स्टेटस लिखते रहते हैं. उसके अलावा इंटरनेट पर
उनकी कोई सक्रियता नहीं है और न कोई योगदान. बीएजी फिल्मस के एडिटोरिअल
डायरेक्टर और सनसनी और रेड एलर्ट जैसे अपराध कार्यक्रमों के जन्मदाता अजीत
अंजुम फेसबुक पर सक्रिय हैं. दो – चार लाइन का वे कमेन्ट लिखते हैं और ढेरों
कमेंट्स पाते हैं. वे लिख दें ‘हवा चल रही है’ तो भी 108 कमेन्ट मिल जाते हैं.
फेसबुक पर उनका यह जलवा है. हालाँकि इसमें से ज्यादा कमेंट्स आह – वाह वाले
लोगों का होता है जो कमेंट्स कर अपना नंबर बनाते हैं. लेकिन क्या महज फेसबुक पर
उनके स्टेटस लिख देने मात्र से वे न्यू मीडिया : यूथ मीडिया : चुनौतियाँ और
संभावनाओं पर बातचीत करने की योग्यता पा लेते हैं?

*यह *वो लोग हैं जिन्होंने वेब मीडिया की ताकत को हमेशा कमतर करके आँका. उसे दो
कौड़ी की चीज और वेबसाईट चलाने वालों को भिखारी से ज्यादा कुछ नहीं समझा.
हालाँकि उसी भिखारी के वेबसाईट पर छपने के लिए ये लोग लाख जतन भी करते रहते
हैं. आप जबतक इनके टूल की तरह इस्तेमाल होते रहो तब तक ठीक है. आप उनके
कार्यक्रमों की प्रेस विज्ञप्ति चुपचाप छापो तब तक सब बहुत बढ़िया. लेकिन जैसे
ही आपने आलोचना शुरू की तो आपकी वेबसाईट दो कौड़ी की हो जायेगी. आप पर पक्षपात
का आरोप लगने लगेगा. उससे भी नहीं हुआ तो साईट को प्रतिबंधित कर दिया जाएगा.
जैसे अभी न्यूज़24 में मीडिया खबर.कॉम प्रतिबंधित है.

*यह* सब बताने का मकसद नीयत को सामने लाना है. वेबसाईट और इंटरनेट का मजाक
उड़ाने के अलावा उसे कुचलने की साज़िश सबसे ज्यादा इन्हीं लोगों ने रची और अब
न्यू मीडिया के पैरोकार बन गए हैं. न्यू मीडिया – यूथ मीडिया : चुनौतियाँ और
संभावनाएं पर बोलेंगे. संभावनाओं को ये लोग मार रहे हैं और चुनौतियों से
अनभिज्ञ हैं . फिर ये व्यर्थ प्रलाप के सिवाए कर ही क्या सकते हैं ? ऐसे
सेमिनारों का न्यू मीडिया के लोगों के द्वारा पुरजोर विरोध किया जाना चाहिए.
नहीं तो वो दिन दूर नहीं जब टेलीविजन न्यूज़ के मठाधीश , न्यू मीडिया के भी
मठाधीश बन जायेंगे और न्यू मीडिया के असली प्रतिनिधि हाशिए पर धकेल दिए
जायेंगे. यहाँ भी उसी तरह की गंध फैलेगी जैसी किसी ज़माने में एसपीसिंह के जाने
बाद टेलीविजन न्यूज़ इंडस्ट्री में फैली और जिसे आजतक न्यूज़ इंडस्ट्री भुगत
रहा है.

*वैसे* आजकल बार्टर सिस्टम के तहत भी गेस्ट लाइन तैयार की जाती है . यानी हम
आपको अपने यहाँ बुलाते हैं और आप हमें बुलाइए. बजट के दौरान ‘द संडे इंडियन’ के
अरिंदम चौधरी न्यूज़24 पर दिखायी दे रहे थे तो अब उनके सेमीनार में अजीत अंजुम
को बुला कर बार्टर सिस्टम की पूरी प्रक्रिया तो नहीं पूरी की जा रही है. लगता
तो कुछ ऐसा ही है .

*द *संडे इंडियन की तरफ से *अनिल पाण्डेय* ने मीडिया खबर के पास आमंत्रण और
प्रेस विज्ञप्ति भेजी थी. अनिल पाण्डेय लंबे समय से मित्र रहे हैं. लेकिन
मुद्दा ऐसा था जिसका विरोध करना जरूरी था. उसके जवाब में हमने उन्हें मेल से
अपना विरोध दर्ज करवाते हुए लिखा :* 2 March 2011 22:49*

न्यू मीडिया - यूथ मीडिया : चुनौतियाँ एवं संभावनाएं . अनिल जी विषय तो बढ़िया
है. लेकिन वक्ता ???? अजीत अंजुम क्या बोलेंगे ??? न्यू मीडिया / यूथ मीडिया को
कुचलने की साजिश ये लोग रचते हैं और आपलोग इन्हें इस विषय पर बात करने के लिए
बुलाते हैं. यह बेहद अफसोसजनक है . मैं ऐसे किसी भी सेमिनार का विरोध करता हूँ.
सलमा जैदी को आपने बुलाया . उसपर कोई आपत्ति नहीं. उनका नाम सबसे ऊपर होना
चाहिए था. लेकिन सबसे ऊपर अजीत अंजुम का नाम है जैसे सबसे वरिष्ठ वही हैं और
न्यू मीडिया के सबसे बड़े ज्ञाता. अफ़सोस मुझे सन्डे इंडियन और आपसे ऐसी अपेक्षा
नहीं थी. यदि इसमें विस्फोट.कॉम , मोहल्ला या न्यू मीडिया के प्रेक्टिशनर को
बुलाते तो बात तो समझ में आती. अफ़सोस यहाँ सेमीनार नहीं सेमीनार का तमाशा हो
रहा है. न्यू मीडिया का मजाक उड़ाया जा रहा है. विषय के अनुरूप गेस्ट बुलाने की
बजाये बार्टर सिस्टम के तहत गेस्ट बुलाए जा रहे हैं. आप हमें अपने टेलीविजन
चैनल पर बुलाइए और हम आपको सेमिनार में बुलाकर आपको महिमा मंडित करते हैं. हम
न्यू मीडिया के लोग सिर्फ प्रेस विज्ञप्ति छापने के लिए नहीं है. माफ कीजियेगा.
मैं इसका पुरजोर विरोध करता हूँ. नई मीडिया के खिलाफ यह साजिश की तरह काम हो
रहा है. अफ़सोस आपलोग इस साजिश को पूरा करने में अपनी हिस्सेदारी निभा रहे हैं.

*अनिल पाण्डेय का जवाब : 2 March 2011 23:19*

पुष्कर जी, आप के तर्क से मैं सहमत नहीं हू... मेरी गुजारिश है कि आप अपनी भाषा
पर संयम रखा करें. न्यू मीडिया का ठेका केवल चंद लोगों ने नहीं ले रखा है...
मोहल्ला, विस्फोट या कुछ वेबसाइट के लोग तो न्यू मीडिया की बात तो करते ही
है... हर सेमिनार में यही लोग होते हैं और एक ही बात करते हैं. उसमें पत्रकार
भी हैं और अकादमिक लोग भी. नेता हैं और नेट एक्टविस्ट भी... .. आखिर नए लोगों
से नई बात निकलेगी...... .आप किसी को सर्टिफिकेट देने की बजाए सेमिनार में आकर
उन्हे सुने और उनसे असहमति हो वहां दर्ज करा सकते हैं.. लेकिन आप का इस तरह का
व्यवहार कतई उचित नहीं है. हमारे यहां यही दिक्कत है कि लोग नए विचार को आगे
आने ही नहीं देते.. अजीत अंजुम फेस बुक पर ,बसे ज्यादा सक्रिय पत्रकारों में से
एक हैं... और आप ने मुझे कब अजीत अंजुम जी के चैनल पर देख लिया.. है. इस तरह के
घटिया आरोप लगाने से पहले आप को सोचना चाहिए. न्यू मीडिया की यही कमी है जो मन
में आया अनाप शनाप लिख दिया और इंटरनेट के समुद्र में फेक दिया. इससे किसी का
अपमान हो या मानहानि.... उसकी परवाह नहीं... मित्र लिखना तो मैं बहुत कुछ चाह
रहा हूं और लेकिन आज हमारा एडिसन छूटता है इसलिए व्यस्त हूं.. हां, कल मैं आप
से फोन पर इस बारे में विस्तार से बात करूंगा.

*बहरहाल* अब बात क्या होगी ? अब ऐसे किसी भी सेमिनार का सिर्फ विरोध होगा. यदि
मोहल्ला और विस्फोट को नहीं बुलाना चाहते तो मत बुलाएं . न्यू मीडिया में लोगों
की कोई कमी है क्या ? *शैलेश भारतवासी* (हिंदी युग्म.कॉम ) जैसे बहुत से न्यू
मीडिया के सच्चे पैरोकार मौजूद हैं जिनका न्यू मीडिया को बढ़ावा देने में अमूल्य
योगदान रहा है. नए लोगों को बुलाना ही था तो ऐसे लोगों को बुलाना चाहिए था. कोई
टेलीविजन न्यूज़ का मठाधीश आकर न्यू मीडिया की चुनौतियों पर बात करें , इससे
बड़ा मजाक कुछ और नहीं हो सकता.फिर रवीश कुमार क्या नया बोलेंगे. हर दूसरे
सेमीनार में वो भी तो नज़र आ जाते हैं. यहाँ पर नवीनता क्यों नहीं ढूंढी गयी ?

पुष्कर पुष्प
वैसे आप निश्चिंत रहे आपके सेमीनार में पहुंचकर हम जरूर आपके न्यू मीडिया के
वक्ताओं से सवाल – जवाब करेंगे . खास तौर से बाढ़ की रिपोर्टिंग कर पॉलिटिकल
रिपोर्टिंग का गोएंका अवार्ड पा चुके अजीत अंजुम से. उन्हें सुनना वाकई दिलचस्प
होगा कि न्यू मीडिया की चुनौतियों और संभावनाएं पर वे क्या बोलते हैं. टेलीविजन
न्यूज़ चैनलों के मठाधीशों के असली चरित्र को समझने में और आसानी होगी
-------------- next part --------------
An HTML attachment was scrubbed...
URL: <http://mail.sarai.net/pipermail/deewan/attachments/20110303/17c628c0/attachment-0001.html>


More information about the Deewan mailing list