[दीवान]देश में दंगे कराना चाहते हैं न्यूज चैनल्स

vineet kumar vineetdu at gmail.com
Wed Mar 30 09:13:00 IST 2011


*♦ विनीत कुमार*

मोहाली में आज भारत और पाकिस्तान के बीच जो विश्व कप को लेकर मैच होने जा रहा
है, वह न्यूज चैनलों के लिए महज खेल नहीं है। बल्कि जंग है। एक ऐसी जंग, जिसमें
कि दोनों देश के बीच की नफरत को हवा दी जा सके और इसे किसी भी हाल में खेल नहीं
रहने दिया जाए। संभवतः इसलिए न्यूज चैनलों ने सप्ताह भर पहले से ही अपने माध्यम
से दुनिया भर में ऐसा माहौल बनाने की कोशिश की है कि इस मैच के बीच से खेल गायब
होकर वह राजनीति, दोनों देशों के आपसी रिश्तों के बीच की कड़वाहट, ऐतिहासिक
गलतियां एक बार फिर से लोगों के सामने आ जाए और उन्हें इस निष्कर्ष तक पहुंचने
में आसानी हो कि चाहे किसी भी तरह की कोशिशें क्यों न कर ली जाए, दोनों देशों
के बीच किसी भी हाल में बेहतर संबंध नहीं हो सकते। अगर ऐसा नहीं होता तो तमाम
न्यूज चैनल क्रिकेट के बहाने, क्रिकेट को छोड़कर बाकी दूसरे सभी मुद्दों पर बात
नहीं करते। यह शायद इस वर्ल्ड कप का पहला मैच होगा, जिसे लेकर दुनियाभर के
लोगों की सबसे ज्यादा उत्सुकता है लेकिन खबरों में खेल कहीं नहीं है, बाकी सब
कुछ मौजूद है।

*हिंदी चैनलों ने* अब तक इस मैच की कवरेज के लिए जिन शब्दों और भाषा का प्रयोग
किया है, उसमें खेल शब्द कहीं नहीं है। स्पेशल शो से लेकर लगातार जारी रहनेवाली
खबरों में युद्ध, महायुद्ध, जंग, संग्राम, आर-पार की लड़ाई जैसे शब्दों की
भरमार है। हिंदी के शायद ही किसी चैनल ने अपने शो का ऐसा नाम रखा हो, जिसमें
क्रिकेट या खेल शब्द आया हो। स्टार न्यूज ने किया भी तो दबंगई पर उतर आया और शो
का नाम दिया – ये देश का वर्ल्ड कप है। आजतक ने इसके लिए “भारत-पाक चौथा युद्ध”
का प्रयोग किया है और तस्वीर में दोनों देशों के कप्तान को क्रिकेट की पोशाक के
बजाय सेना की वर्दी पहना दिया है, पीछे पोस्टर के तौर पर करगिल की पहाड़ी का
इस्तेमाल किया गया है। मानो नफरत का जो हिस्सा करगिल युद्ध में अधूरा रह गया,
उसे इस खेल के दौरान पूरा कर लिया जाए। इसी तरह 26/11 मुंबई की घटना को बार-बार
दिखाया जा रहा है।

*इंडिया टीवी ने* “अफरीदी बाबा 11 चोर” नाम से एक खास शो प्रसारित किया और
उसमें यह बताया कि पाकिस्तान की टीम ने कब-कब बेईमानी की। इतना ही नहीं, उसने
इस शो के ठीक अगले दिन “कौन है पाकिस्तान का गद्दार” नाम से स्पेशल स्टोरी की।
जी न्यूज ने इस मैच को महाजंग बताया। इन अधिकांश चैनलों ने भारत-पाकिस्तान के
बीच हुई उन तमाम घटनाओं को खोज-खोजकर निकाला, जिसे याद करते हुए दोनों देशों की
आम जनता के बीच एक-दूसरे के प्रति कड़वाहट पैदा हो सके। ये अलग बात है कि दोनों
देशों के बीच अमन बहाल के लिए दर्जनों कोशिशें हुई हैं और उसके सुखद परिणाम भी
रहे लेकिन वो इनकी खबरों का हिस्सा नहीं बन पाये। इसके पहले चैनल्स अस्ट्रेलिया
के साथ होनेवाले मैचों के लिए अभद्र भाषा और अपमानजक शब्दों का प्रयोग करते आये
हैं।

*आजतक ने* इस नफरत को हवा देने के लिए उस वीडियो का भी जिक्र किया और जियो टीवी
के सौजन्य से उसे प्रसारित भी किया, जिसमें पाकिस्तान के खिलाड़ियों की ओर से
वर्ल्ड कप की बाकी टीमों का मजाक उड़ाते दिखाया गया है। कुल मिलाकर इस खेल के
बहाने ये चैनल्स सत्ता और सरकारी कोशिशों पर पानी फेरते हुए आनेवाले समय में
दोनों देशों के बीच जो भी सहज संबंध बनने की संभावना बन रही हो, उसे पूरी तरह
कुचलने की कोशिश में हैं। चैनलों में होड़ इस बात की लगी है कि जितनी नफरत 1947
के भारत विभाजन, 1965 और 71 के युद्ध, 1999 के करगिल युद्ध और 2008 के मुंबई
हमले को लेकर नहीं पैदा हुए हों, उससे कहीं ज्यादा 2010 के इस विश्व कप मैच में
पैदा करनी है। नीयत साफ है कि जितनी ज्यादा नफरत पैदा होगी, प्रायोजकों का
बाजार उतना गर्म होगा और फिर टीआरपी भी उतनी ही अधिक बढ़ेगी।

*इधर प्रधानमंत्री* मनमोहन सिंह के आमंत्रण और गिलानी के स्वीकार लिये जाने से
क्रिकेट की सारी खबर राजनीति की तरफ मुड़ जाती है। हिंदी चैनलों के मुकाबले
अंग्रेजी चैनल इस मिजाज को ज्यादा तूल देते नजर आते हैं। एनडीटीवी 24X7 का खास
कार्यक्रम “इंडिया-पाकिस्तान विटविन दि ओवर” जिसे बरखा दत्त ने पेश किया, इसी
का एक उदाहरण है। हालांकि इस बहस में एक बात साफतौर पर खुलकर सामने आयी कि आप
इसे कितनी भी राजनीति से जोड़ने की कोशिश करें, एक बार मैच शुरू हो जाने के बाद
सिर्फ खेल ही होगा, बाकी चीजें नहीं। हेडलाइंस टुडे ने थोड़ी समझदारी दिखाते
हुए इस खेल के माध्यम से शांति के प्रसार की संभावना पर बात की और “इंडिया-पाक
: वैट फॉर पीस” नाम से विशेष कार्यक्रम प्रसारित किया। क्रिकेट के माध्यम से
शांति का मुहावरा एक बार उछला नहीं कि फिर इसके माध्यम से लोकतंत्र मजबूत करने
की बात की जाने लगी। मतलब जो काम दोनों देश की सरकार नहीं कर सकती है, वह
क्रिकेट करे।

*हिंदी चैनलों का* जो रवैया रहा कि वे इस खेल के लिए देशभर में पाकिस्तान के
लोगों (अप्रत्यक्ष तौर पर मुसलमानों) के बीच दंगे करा देंगे, अंग्रेजी चैनल
उससे ठीक उलट शांति और लोकतंत्र की तरफ ले गये लेकिन इसके पीछे भी उनकी
स्ट्रैटजी साफतौर पर झलक रही थी। वह भी स्वाभाविक के बदले अतिरेक लग रहा था।
मामला साफ था कि चाहे किसी भी तरह से टेलीविजन की ऑडिएंस को स्पोर्ट्स चैनलों
के बजाय खींचकर अपने न्यूज चैनलों की तरफ लाया जाए। न्यूज चैनलों पर एक्सपर्ट,
सेलेब्रेटी, बॉलीवुड हस्तियां और उनके बयान जो लगातार शामिल किये जाते हैं, वे
सबके सब इसी रणनीति का हिस्सा हैं। ऐसे मौके पर न्यूज चैनल भीतर से बुरी तरह डर
जाते हैं इसलिए वे स्वाभाविक कवरेज के बजाय क्रिकेट में अपराध, आतंकवाद,
राजनीति, सांप्रदायिकता और सेलेब्रेटी जैसे गैरजरूरी मसले ठूंसने लग जाते हैं
और आखिरी में खेल को गायब कर देते हैं। देशभर में मन्नतें, पूजा-पाठ और दीवानगी
की खबरें दिखाकर वे ऑडिएंस को भी इस बात के लिए प्रेरित करते हैं कि वे भी
एब्नार्मल होकर व्यवहार करें, टिकट के लिए किडनी बेंचे, एक के लिए लाख रुपये
देने के लिए तैयार हो जाएं, शरीर खुदवा लें, आग लगा लें, क्रिकेट के दर्शक नहीं
दंगाई बन जाएं। लेकिन ये सब करते हुए चैनल ये नहीं सोचते कि वे दरअसल दंगे की
पृष्ठभूमि तैयार कर रहे हैं, जो कि खेल के बाद भी महीनों तक असर डालेगा।

मूलतः प्रकाशित जनसंदेश टाइम्स 30 मार्च 2011 वाया मोहल्लाlive
-------------- next part --------------
An HTML attachment was scrubbed...
URL: <http://mail.sarai.net/pipermail/deewan/attachments/20110330/8304b259/attachment-0001.html>


More information about the Deewan mailing list