[दीवान]Fwd: समीक्षा: ख़ुद गरिफ़्त: (इजलाल मजीद)

Tripurari Kumar Sharma tripurariks at gmail.com
Wed Jan 1 10:44:43 CST 2014


---------- Forwarded message ----------
From: Tripurari Kumar Sharma <tripurariks at gmail.com>
Date: 2014/1/1
Subject: समीक्षा: ख़ुद गरिफ़्त: (इजलाल मजीद)
To: deewan at sarai.net


*इजलाल मजीद की शायरी दास्तानों का इख़्तिसार है *

आपने कभी हर्फ़ों को सुलगते हुए महसूस किया है? आपने कभी लफ़्ज़ों को धड़कते हुए
देखा है? हाल में यात्रा बुक्स ने एक ग़ज़ल-संग्रह प्रकाशित किया है—ख़ुद गरिफ़्त:
और शायर हैं इजलाल मजीद। एक शायर दुनिया को किस चश्मे से देखता है? उसकी आँख
की चाँद-पुतली पर कौन-कौन से नक़्श बनते-बिगड़ते हैं? उसका नज़रिया किस बात से
इत्तफ़ाक़ रखता है? वो दुनिया को क्या मशवरा देना चाहता है? उसकी निज़ी ख़ुशियाँ
या मुसीबतें किस तरह दुनिया के तमाम दर्दो-ओ-अलम का हिस्सा हैं? इस तरह की कई
बातों का जवाब बड़े ही मुलायम ढंग से महज एक शेर में समेट कर बयान किया गया है।

एक जगह शायर कहता है— *दास्तानों का इख़्तिसार किया / झुक के होठों पे उसने
प्यार किया / जो मिला उसको टूट कर चाहा / इस तरह तेरा इंतज़ार किया।* यानि शायर
मुहब्बत के इस ‘ग्रे-शेड’ से वाकिफ है कि मुहब्बत एक तल पर आकर सबके लिए एक
जैसी हो जाती है। ऐसे में अपना और पराया का फ़र्क़ ख़त्म हो जाता है। सब एक जैसे
लगते हैं लेकिन ऐसा कभी नहीं होता कि किसी एक के लिए जज़्बात में कभी कोई कमी
आए। मुहब्बत के इस मुकाम से जब इंसान ख़ुद ही न गुज़र जाए तब तक ऐसा शेर कहना
नामुमकिन है। शायर आगे कहता है—


*ये जो सब आसमान तन्हा है मेरे दिल के समान तन्हा है *


*ख़ुदकुशी कर चुके हैं सब अल्फ़ाज़ ख़ुशबुओं की उड़ान तन्हा है *

और इसी ख़ुशबू की तलाश में शायर एक ख़ामोश सफ़र पर निकलता है। वह कभी बहती हवाओं
के रुख़ पर अपनी उंगलियाँ फिराता है, तो कभी उड़ते रंगों पर अपना चेहरा मलने
लगता है। जावेद अख़्तर उनके बारे में कहते हैं, *“इजलाल मजीद साहब अपनी ज़िंदगी
में एक ख़ामोश तबीअत**, मुंकसिरूल मिज़ाज शख़्स हैं। एक फ़ंकार जिसे साज़ बजाने तो
आते हैं, मगर अपना ढिंढोरा पीटना नहीं आता।”*

शायरी के एक दूसरे पहलू पर ग़ौर करें, तो शायर अक्सर हैरान होता है। हैरानगी के
आलम में वह कहता है— *मिट्टी था किसने चाक पर रखकर घुमा दिया / वो कौन हाथ थे
कि जो चाहा बना दिया।* जब उसे ये करिश्मा समझ से परे लगता है तो वह सोचता है— *न
कल की याद न कल की उम्मीद बाक़ी है / अभी अभी कि अभी बस अभी का सामना है।* वो
आम ज़िंदगी की बात करते हुए किसी भी उम्मीद की तरफ़ मुँह नहीं करता। बस एक उदासी
चारों तरफ़ फैल जाती है— *दरिया चढ़ा तो पानी नशेबों में भर गया / अब के भी
बारिशों में हमारा ही घर गया*।

दरअसल, मजीद की शायरी के कई रंग हैं। वो अपनी शायरी में वक़्त से की गई गुफ़्तगू
का तज़रबा शामिल करते हैं और आह भरते हैं। एक बानगी— *सिसकियाँ**, चीख़ें,
कराहें, मिन्नतें, आँसू, लहू / वो मकां मंज़िल ब मंज़िल आसमां छूता गया।
*या फिर *पत्ता
पत्ता लहू बहाए / डाली डाली हँसे दरिंदा / पूरब पच्छिम वही शिकारी / यां निकले
वां छुपे दरिंदा।* दूसरा रंग यह भी है— *उसी को ढूँढता रहता हूँ जो मुझमें
निहाँ है / तो अब उधड़ा पड़ा हूँ और वो न जाने कहाँ है*।

शायर स्मृतियों के अनंत जंगल में भटकता हुआ सपनों की सतह पर पाँव रखता है। वो
इस बात को क़बूल करता है— *किस किस जतन से जिसको किया था कभी शिकार / ख़्वाबों
में अब भी चौकड़ी भरता है वो हिरन।* फिर कहता है, “*स्मृतियों और सपनों की
धड़कनों के बिना वर्तमान का संघर्ष सजीव नहीं हो सकता। तीनों कालों का
पारस्पारिक प्रभाव रचनाकार के वजूद को रहस्यमय बनाता है। वजूद के इसी रहस्य की
कलात्मक खोज ही रचनाकार का बुनियादी सरोकार होना चाहिए। **‘ख़ुद गरिफ़्त:’ की इन
ग़ज़लों में मैंने इस सरोकार को निभाया है। किसी और बुलंद बांग दावे या ख़ुशफ़हमी
के बग़ैर बस यही सरोकार इस ग़ज़ल संग्रह का एकमात्र ‘जवाज़’ है।”* शेर यूँ हुआ है—


*दिल में कुछ ऐसे रहा करता है यादों का ग़ुबार बंद कमरे में धुआं जैसे घुटा
करता है *


*काश वो सतह तक इक बार उभर कर आता तेज़ धारा जो तहे आब बहा करता है *

जावेद अख़्तर इस बात पर यक़ीन फरमाते हैं और कहते हैं, “*ख़ुद गरिफ़्त: के इशाअत
(प्रकाशन) के साथ एक तेज़ धारा तहे आब से सतहे आब तक आ रहा है। और यह धारा
बहुतों के दिल**, बहुतों के ज़ेहन को छूता हुआ गुज़रेगा।” *और उनकी बात सच भी
साबित होती है।

संग्रह की ख़ासियत सबसे बड़ी ख़ासियत ये है कि हर एक शेर आपकी सोच की शिरयानों
में बहने लगता है। हर एक शेर में घुला हुआ एहसास आपका अपना एहसास मालूम पड़ता
है। आप चाहे उम्र के किसी पड़ाव पर क्यों न हों, आप शेरों के उजाले को बड़ी
शिद्दत से महसूस करते हैं। मुमकिन है कि आप इतनी तेज़ रोशनी से कभी-कभार घबरा
भी जाते हैं और बचना भी चाहते हैं। ऐसे मौक़े पर शायर सोचने लगता है— *लगता है
जैसे सबकी ख़ताओं को बख़्श दें / लौटे हैं हम अभी अभी दरिया की सैर से*।

ऐसे दौर में जब एक ख़ूबसूरत शेर की तलाश में हमें कई किताबों की खाक छाननी पड़ती
है, वहीं ‘ख़ुद गरिफ़्त:’ में कई ग़ज़लें हैं जो हम तक पहुंचने को बेताब हैं। मजीद
की शायरी का एक ख़ुशनुमा रंग इस तरह भी महकता है कि हमारे दिल-ओ-दिमाग़ पर
चाँदनी के छितर जाने का गुमान होता है। हम घास पर बिखरी हुई ओस की बूँदों को
अपने दुख की तरह सम्भालने लगते हैं। यही छुअन हमारी ज़िंदगी की बेशक़ीमती दौलत
है। यही छुअन किसी लम्हे में आँख में बीनाई की तरह है तो कभी कमीज़ के कॉलर पर
एक टूटे हुए लम्बे बाल की तरह। शुक्र है, हम अब भी ज़िंदा हैं और ज़िंदगी को रोज़
नई तरह से जीने में यक़ीन रखते हैं। और आख़िर में इजलाल मजीद के लफ़्ज़ों में ही— *वो
होता जा रहा है मेरे ऐसा / उसे मैं उसके जैसे चाहता हूँ*।



*पुस्तक:* ख़ुद गरिफ़्त:
*विधा:* ग़ज़ल
*शायर:* इजलाल मजीद
*प्रकाशक:* यात्रा बुक्स, दिल्ली
*क़ीमत:* 300 रुपए
*समीक्षक: *त्रिपुरारि कुमार शर्मा



*समीक्षक का पता: *त्रिपुरारि कुमार शर्मा, ए-203, गाँधी
विहार,दिल्ली-110009. फोन:
+91-9891367594

-- 
Regards,
Tripurari Kumar Sharma
Founder, Beingpoet
+91-9891367594
www.beingpoet.com



-- 
Regards,
Tripurari Kumar Sharma
Founder, Beingpoet
+91-9891367594
www.beingpoet.com
-------------- next part --------------
An HTML attachment was scrubbed...
URL: <http://mail.sarai.net/pipermail/deewan_mail.sarai.net/attachments/20140101/e3142689/attachment-0003.html>


More information about the Deewan mailing list