[दीवान]यू पी की मज़बूरी
kamal mishra
kissakhwar at gmail.com
Sat Nov 21 22:07:21 CST 2015
उत्तर प्रदेश से जिनकी वाक़फ़ियत ज़रा कम है वो अक्सर एक ख़ास राजनैतिक नारे को
सुन कर पूरी तरह विस्मय बोध से भर जाया करते हैं। बहुतों को चौंका देने वाला
वह नारा है - "यू पी की मज़बूरी है, मायावती जरुरी है !" वैसे, उत्तर प्रदेश
में ऐसे भी लोग आप को आसानी से मिल जायेंगे जो इसी नारे को सुन कर बेतरह खदबदा
जाते हैं। ठीक वैसे ही, जैसे, कुछ दूसरे लोगों के चेहरे पर इस एक नारे को
सुनते ही ख़ुशी की झलक आप को साफ दिखने लगती है। लेकिन मैं समझता हूँ अभी तो आप
सब बस यही सोच रहे होंगें कि अचानक मुझे यह चुनावी नारा क्यों और कैसे याद आ
गया ? दोस्तों, सच तो ये है कि मैं इसे कोई चुनावी नारा भर नहीं मानता। और
न मैं किसी चुनावी या राजनैतिक प्रचार के सिलसिले में आप से मुखातिब हूँ। यह
बात अलग है कि पिछले कुछ समय से मैं लगातार इस सवाल पर सोचने के लिए मजबूर हूँ
कि यू पी की वो कौन सी विवशता है जिसके चलते यह कहा जाय कि बहुजन समाज
पार्टी का शासन-सत्ता में होना इस प्रदेश की बड़ी आबादी, विशेषकर,
अल्पसंख्यकों, महिलाओं और दलितों के लिए सुरक्षा, सम्मान और बेहतरी की एक
मात्र शर्त है ?
मैं समझता हूँ कि मुज्जफरपुर (2013) से लेकर दादरी (2015) तक की घटना का
यहाँ महज जिक्र भर कर देना शायद आपको यह बताने के लिए काफी है कि अखिलेश यादव
की सपा सरकार उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यकों को सांप्रदायिक आतंक के साये से
महफ़ूज रखने में किस कदर नाकाम साबित हुई है। संघ-भाजपा के अपने साम्प्रदायिक
एजेंडे में उत्तर प्रदेश कैसा और कितना महत्त्व रखता है इसका कुछ अंदाजा हमें
अगर खुद नरेंद्र मोदी के वाराणसी जा कर लोकसभा चुनाव लड़ने से लग सकता है। तो
वहीं दूसरी तरफ मुजफ्फरपुर दंगों के आरोपियों में से एक को मंत्री बना कर मोदी
जी ने जैसा संदेश यू पी की आवाम को देने का प्रयास किया वह भी आपसे छिपा नहीं
है। शामली तो एक तरफ, धर्मान्तरण के मुद्दे पर पहले आगरा, और फिर अलीगढ से
लेकर सहारनपुर तक, यानी पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को देख ऐसा लगता है
मानो सपा सरकार ने अपना कोई बैर साधने के लिए ही इस क्षेत्र को संघ भाजपा के
लिए राजनैतिक ध्रुवीकरण का एक मैदान बना कर रख छोड़ा है। या कि इस सांप्रदायिक
ध्रुवीकरण की कुत्सित राजनीति के प्रति मुलायमियत के रुख से सपा के अपने भी
कुछ हित सधते हैं ? जो भी हो इस आग की लपटें तो अब मैनपुरी तक को निगल जाना
चाहती हैं। और आज अगर पूरे प्रदेश में हिंसा की सैकड़ों पूर्व कल्पित घटनाओं के
बाद भी सपा सरकार सांप्रदायिक शक्तियों के समक्ष बेबस नजर आती है तो खातिर जमा
रखें अल्पसंख्यकों का भरोसा मुलायम सिंह यादव से उठ चुका है। वैसे तो
यहाँ विधान सभा चुनाव 2017 में होने वाले हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी और
समाजवादी पार्टी ने जिस दूरंदेशी का परिचय अपने अपने राजनैतिक कर्मों के जरिये
प्रदेश की जनता को देने का प्रयास पिछले कुछ वर्षों में किया है उसके बाद हम
अभी से इनकी अवश्यंभावी विफलता के कारणों पर व्यस्थित चिंतन के लिए मजबूर हैं।
मैं यहाँ संघ -भाजपा की समाज विरोधी राजनीति पर अपनी ऊर्जा ज्यादा न खर्च करते
हुए बस इतना ही कहना चाहता हूँ कि नरेंद्र मोदी की थोथी लफ्फाजी भी इस प्रदेश
में अब बी जे पी की नैया को डूबने से न बचा सकेगी।जहाँ तक अन्याय से बचाव
और कानून के शासन का सवाल है तो यकीन मानिये अखिलेश सरकार की विफलता का सबसे
बड़ा कारण यहाँ पुलिस- प्रशासन का पूरी तरह बेलगाम और गैर जवाबदेह होना है।
उत्तर प्रदेश की पुलिस मशीनरी रक्षक के बजाय भक्षक बने रहने में अपना शौर्य
समझती है। और प्रदेश की जनता को भी यह बात बखूबी पता है कि ऐसी बिगड़ैल पुलिस
और प्रशासनिक व्यवस्था को सही ढर्रे पर ले आने की कूबत वास्तव में किसके पास
है ? इसी सिलसिले में आप को अभी दो तीन दिन पहले की उस खबर की भी याद दिलाना
चाहूँगा जहाँ बलात्कार की शिकार एक महिला थाने में अपने उत्पीड़न की शिकायत न
दर्ज किये जाने की फरियाद ले कर जब कैबिनेट मंत्री आजम खां के पास गयी तो वहां
संवेदना के बजाय उसको अपमानित करने वाले शब्द सुनायी पड़ते हैं। साथ ही, पिछले
माह उत्तर प्रदेश के ही नोएडा इलाके में पुलिसकर्मियों ने दलित उत्पीड़न की
जैसी घृणित मिसाल पेश की वह भी भूलने वाली बात नहीं है। दादरी और बिहार
चुनावों के शोर में वह घटना भले ही दब गयी हो लेकिन उत्तर प्रदेश में कानून का
कैसा राज चल रहा है और मानवाधिकारों की यहाँ कैसी प्रतिष्ठा है यह देश और
प्रदेश के संवेदनशील नागरिकों से छुपा नहीं है (
http://blog.madpals.com/dalit-family-beaten-stripped-paraded-naked-by-up-police/
) . दोस्तों, यू पी में दलित उत्पीड़न के बेतहाशा बढ़ते मामलों की कड़ी में एक
नयी घटना चित्रकूट जिले की है। जहाँ कौशाम्बी से बीडीसी चुनी गयी आशा देवी नाम
की एक दलित महिला अपने पति धरमलाल के साथ राजापुर कस्बे में स्थित जालपा देवी
के मंदिर में पूजा करने के दौरान सवर्ण-सामंती जुल्म का शिकार हुयी है। रोहित
तिवारी और उसके दो समर्थकों ने इस दलित दंपत्ति को सिर्फ इस लिए मारा-पीटा और
अपमानित किया क्योंकि उन्होंने देवी प्रतिमा को छूने जैसा कुछ साहस कर दिया
था। कोढ़ में खाज ये कि पुलिस ने एक दलित महिला जनप्रतिनिधि पर हुए हिसा के इस
मामले को भी दबाने और दर्ज न करने का पूरा प्रयास किया। और सिर्फ जनदबाव के
चलते ही अंततः उनकी शिकायत दर्ज हो पायी। तिस पर भी मुख्य आरोपी को गिरफ्तार
करने में पुलिस अब तक असमर्थ है।
ये और ऐसी कई घटनाएँ यह बताने के लिए पर्याप्त हैं कि उत्तर प्रदेश में
अल्पसंख्यकों, महिलाओं और दलितों को किस तरह का सम्मान और सुरक्षा हासिल है।
जहाँ तक उत्पीड़न से सुरक्षा, व्यवस्थित प्रशासन और इस लिहाज से प्रदेश की
बेहतरी का सवाल है तो ऐसे में मायावती के रिकॉर्ड की बराबरी मुख्यधारा की
किसी दूसरी पार्टी का नेतृत्व नहीं कर सकता यह बात न सिर्फ
बसपा समर्थकों बल्कि प्रदेश के आम आवाम तक को पता है। ये अलग बात है कि लोकसभा
चुनावों में बसपा बुरी तरह असफल रही। लेकिन मायावती की स्वीकार्यता को इससे कम
कर के नहीं आँकना चाहिए। विशेषकर तब जब संघ-भाजपा ने लोकसभा चुनावों के दौरान
भी प्रदेश में माया और केंद्र में मोदी ("नीचे माया, ऊपर मोदी ") जैसे
प्रस्ताव पर जनता के एक हिस्से का समर्थन माँगा हो। वैसे यू पी की मज़बूरी क्या
है और मायावती की सरकार यहाँ क्यों जरुरी है यह तो आप समझ ही गए होंगे। जहाँ
तक बहन जी का सवाल है, तो मैं समझता हूँ कि उन्हें तो अब अल्पसंख्यकों,
महिलाओं, दलितों और प्रदेश की तरक्की पसंद आबादी के हक़ में खुद को एक नए तेवर
के साथ पेश करने की चुनौती पर एक व्यवहारिक राजनीतिज्ञ की तरह कदम बढ़ा देने
चाहिए।
-------------- next part --------------
An HTML attachment was scrubbed...
URL: <http://mail.mail.sarai.net/pipermail/deewan_mail.sarai.net/attachments/20151122/f30e2e15/attachment-0001.html>
More information about the Deewan
mailing list