[दीवान]अलविदा, निदा फ़ाज़ली !!

kamal mishra kissakhwar at gmail.com
Mon Feb 8 05:06:53 CST 2016


अभी सुबह ही निदा फ़ाज़ली के इक कलाम के हवाले से कुछ बात कहा चाहा था, और चंद
मिनटों पहले उनके जाने की ख़बर पढ़ कर आवाक और ग़मज़दा हूँ!! उस्ताद ज़ौक़ ने भी
कितना सच कहा है: "लायी हयात आये क़ज़ा ले चली चले, अपनी ख़ुशी न आये न अपनी ख़ुशी
चले।" बताते हैं कि 78 साल की उम्र में दुनिया से रुखसती लेने वाले इस मशहूर
और मारूफ़ शायर ने कभी मंदिर के पास से गुजरते हुए सूरदास का कोई पद सुना और
उसी दम शायरी करने का फैसला कर लिया था। हालाँकि, उनके वालिद भी शेरो शायरी से
लगाव रखते थे। लेकिन, ये वाकया तब का है, जब उनका पूरा परिवार पाकिस्तान
बस चुका था। खुद निदा फ़ाज़ली तक़सीम के बाद भी हिंदुस्तान में ही रहते आये,
और धर्मयुग जैसी पत्रिकाओं के लिए कुछ समय तक लिखने का काम भी उन्होंने किया
था। काफी लंबे संघर्ष के बाद बॉम्बे फिल्म इंडस्ट्री में उन्होंने अपना वो
मुकाम बनाया जिसके वो वाकई हक़दार थे। 'कभी किसी को मुकम्मल जहाँ नहीं मिलता,
कहीं जमीं तो कहीं आसमां नहीं मिलता' जैसी यादगार ग़ज़ल से शुरू करें तो निदा
फ़ाजली के वैसे कलामों की भी एक लंबी फेहरिश्त है जिन्हें जगजीत सिंह जैसे ग़ज़ल
गायकों ने गाया था।
"दुनिया न जीत पाओ तो हारो न आप को, थोड़ी बहुत तो ज़ेहन में नाराज़गी रहे।",
"ख़ुदा के हांथ में मत सौंप सारे कामों को, बदलते वक्त पे कुछ अपना इख़्तियार भी
रख।" और "घर से मस्जिद है बहुत दूर चलो यूं कर लें, किसी रोते हुए बच्चे को
हँसाया जाये।" जैसे बेशकीमती शेर कहने वाला यह मक़बूल शायर अब हमारे बीच नहीं
है। लेकिन मैं यक़ीन से कह सकता हूँ, और ख़ुद वक्त भी इस बात की गवाही देगा कि
निदा फ़ाज़ली जैसे बेहतरीन शायर को न तो हिन्दुस्तान और न ही बाकी दुनिया
कभी भुला पायेगी ! अलविदा, निदा साहब !! हम ताउम्र आप की याद और शायरी को
अपने कलेजे से लगा के रखेंगे।
-------------- next part --------------
An HTML attachment was scrubbed...
URL: <http://mail.mail.sarai.net/pipermail/deewan_mail.sarai.net/attachments/20160208/234852da/attachment.html>


More information about the Deewan mailing list