[दीवान]सारा सेकुलरिज्म फेसबुक पर ही अपलोड करोगे ?

vineet kumar vineetdu at gmail.com
Sat Jul 2 08:19:28 CDT 2016


सारा सेकुलरिज्म फेसबुक पर ही अपलोड करोगे ?

मेरी आँखें उसकी कलाई पर टिकी थी जिस पर उर्दू में कुछ-कुछ लिखा था और मैं
समझने की कोशिश कर रहा था. एक जगह अंग्रेजी में अल्लाह लिखा पढ़ने के अलावा
बाकी कुछ समझ नहीं आया.

मेरे सामने खड़ी लड़की की नज़र उसकी गर्दन पर टिकी थी जो बाद में घूमने पर बहुत
ही स्टाइलिश अंदाज़ में टैटू बने थे...और हमदोनों की नज़रों से अंजान अपने आगे
खड़े, कंधे पर पिठ्ठू टाँगे उस लड़के की पानी की बोतल पर टिकी थी..

वो सिविल लाइन्स से उस पर नज़रें टिकाये था और कश्मीरी गेट तक आते-आते उससे रहा
न गया और पूछा-एक्सक्यूज़ मी, आप मुझे दो घूंट पानी दे सकते हैं? लड़के ने मेरी
और मेरे सामने खड़ी लड़की की तरह बिना कलाई पर नज़र टिकाये बोतल निकालकर उसके हाथ
में पकड़ा दिया.

बोतल निकालने के लिए उसने जैसे ही हाथ पीछे किये, देखा-उसकी कलाई पर बड़ा सा ॐ
लिखा है. इस सिनेमेटिक अंदाज़ को देखकर मुझसे रहा नहीं गया. मोबाइल कैमरा ऑन
करके अभी पिक लेता ही कि पीछे से एक शख्स मेरे नज़दीक आकर कहा- क्यों सारा
सेकुलरिज्म फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अपलोड होना ज़रूरी है, कुछ तो समाज के बीच
नेचुरल ढंग से रहने देने चाहिए.

मैंने सॉरी कहने के बाद मोबाइल वापस जेब में रख ली. पानी पी लेने के बाद उसने
थैंक्यू भाईजान बोलते हुए बोतल वापस बैग में रखने जा रहा था कि लड़की ने उसके
हाथ से लेकर बाकी बचा पानी पी गयी और हड़बड़ाते हुए अपने दोस्त से कहा- चल,
राजीव चौक आ गया, मैं निकलती हूँ..

#दरबदरदिल्ली
-------------- next part --------------
An HTML attachment was scrubbed...
URL: <http://mail.mail.sarai.net/pipermail/deewan_mail.sarai.net/attachments/20160702/b3f208c7/attachment.html>


More information about the Deewan mailing list