[Deewan] NM se, 02
"सीएम लैब, नांगला माँछी"
nangla at cm.sarai.net
Sun Feb 5 22:29:00 IST 2006
लाउड स्पीकर
-जानू-
एक आवाज़ मस्जिद के माइक से
निकल कर गलियों में छाती है,
कानों को छूती हुई बसेरे की
अलग से पहचान कराती है। हर जगह
मस्जिद हैं। लेकिन यहाँ इन
मस्जिदों का तजुर्बा ही
दूसरा है। हर शाम एक नई आवाज़
लोगों के ज़हन में समाती है।
कभी तो ये आवाज़ लोगों को
चौंका-सा देती है। वैसे तो लोग
अपना काम करते हुए रहते हैं।
लेकिन जिस समय मस्जिद से
आवाज़ निकल कर गलियों में आती
है, तो कुछ क्षण के लिये लोग थम
से जाते हैं। यहाँ तक हाथ का
निवाला हाथ में ही रह जाता है।
जो मुँह में है वो मुँह में
रुक जाता है। कुछ आवाज़ें ऐसी
हैं जिन्हें सुन कर लोग ख़ुश
हो जाते हैं, तो कुछ लोग घबराए
हुए नज़र आते हैं। पर अहसास जो
भी हो, कुछ देर के लिये सभी ठहर
ज़रूर जाते हैं। जहाँ जिस के
क़दम होते हैं, वहीं थम से
जाते हैं। कुछ आवाज़े तो आम हो
चुकीं हैं, पर कुछ ऐसी हैं जो
लोगों की भूख, प्यास, छुट्टी
भी हर लेतीं हैं।
एक आवाज़ ऐसी है, जिसके आने पर
कोई एक परेशान होता है। लेकिन
कान सब के खड़े हो जाते हैं।
ये आवाज़ है जो सब की जानी-पहचानी सी हो गई है - किसी बच्चे के खो जाने की आवाज़।
“ध्यान दो! एक बच्चा जो क्रीम
कलर का सूट पहने है, जिस के बाल
छोटे-छोटे हैं,
पैरों में नीले रंग की रूपाली
चप्पल है, उम्र लगभग 3 से 5 साल
है।
बच्चे का नाम दानिश है, पिता
का नाम नसरुद्दीन। आप अपने
बेटे को
पुरानी मस्जिद के पास आकर ले
जाएं।"
ये तो था हाल का पता। लेकिन और
इस तरह के कई मामले होते हैं,
और सामने आते रहते हैं। जब तक
खोए लड़के के पापा नहीं मिल
जाते तब तक मस्जिद के राजा
हाफ़िज़ जी बराबर गुहार
लगाते रहते हैं। कहीं कहीं तो
अपनी आवाज़ के साथ-साथ बच्चे
के रोने की आवाज़ भी सुनवाते
हैं, कि लोग समझ जाएँ किस के
बच्चे की आवाज़ है। कभी उस
आवाज़ में "मम्मी", “अम्मी",
“पापा", “अब्बू" होता है, तो
कहीं सिर्फ़ रोने की ही आवाज़
लोगों के कानों तक आती है।
ये तो हैं शांत आवाज़े, जो हवा
की तरह बहती रहतीं हैं, और फिर
शांत हो जातीं हैं। लेकिन कुछ
आवाज़ें वर्षा की तरह आतीं
हैं।
जैसे राशन कार्ड और पहचान
पत्र की आवाज़ें। ये हल्की
रिमझिम बूंदों की तरह लोगों
को भिगो देतीं हैं। पहली ही
आवाज़ की तरह ये भी गलियों में
से गुज़र कर लोगों के ज़हन में
बस जातीं हैं। लोग सुबह होते
ही मस्जिद के हाफ़िज़ का
दिमाग़ खाने लगते हैं कि -
“कहाँ बनेगा पहचान पत्र?”
तो हाफ़िज़ साहब सुबह-सुबह
प्रधान से सलाह कर के जगह और
दूसरी डीटेल्ज़ के साथ
अनाउनंसमेंट कर के लोगों को
तसल्ली दे देते हैं। लोग अपनी
छुट्टी और कामों को छोड़ कर,
फ़ॉर्म भर कर जमा करते हैं।
कुछ आवाज़ें तो बिलकुल अंजान
होतीं हैं, जैसे कि -
“फ़लाँ-फ़लाँ साहब आप जनाब को
सुबह से खोज रहे हैं।
आप कहीं भी हों, मस्जिद के पास
से ले जाएँ।"
इस तरह हाफ़िज़ साहब कई बार
नाम ले ले कर पुकारते हैं।
इसी तरह छोटी-बड़ी घटनाएँ जब
घट जातीं हैं तो इन के बारे
में भी आवाज़ मस्जिद से निकल
कर आती है। जैसे एक बार एक
लड़के का एक्सीडेंट हो गया, तो
मस्जिद से आने वाली आवाज़ कुछ
इस तरह थी -
“एक पंद्रह वर्षीय लड़के का
रिंग रोड लाल बत्ती के पास
एक्सीडेंट
हो गया है। सभी लोग वहाँ
मौजूद हो कर उसकी पहचान कर
लें।"
ऐसी आवाज़ों को सुन कर लोग
ख़ुद-ब-ख़ुद पहुँचना शुरु कर
देते हैं।
और बसेरे की एक फ्रमुख आवाज़
है - चुनाव में दावेदारों की।
जब कोई ताजदार बाबर, वीपी सिंह
जैसे नेताओं का आगमन होना
होता है तो लोगों तक उस की
आवाज़ पहुँच जाती है कि -
"आज इन की रैली है। तमाम बस्ती
के लोगों से गुज़ारिश है कि
कॢपा कर के सभी रोड पर पहुँच
जाएँ और गाड़ी में बैठ जाएँ।
आज
जंतर मंतर में झुग्गियों के
टूटने के प्रति रैली है।"
हर किसी को इस तरह ताज़ी ख़बर
मिलती रहती है। कभी तो ऐसा शोर
नज़र आता है कि लोगों के ज़ेहन
में दर्द सा हो जाता है। कि -
“आज बस्ती टूटने वाली है। आज
सभी लोग यहीं पर रहें।"
लेकिन आज तो ये आवाज़ भी आम बन
चुकी है। अब तो कोई इस पर ग़ौर
नहीं करता। लेकिन कुछ तो
सहमी-सहमी साँसें लेने लगते
हैं।
अरे एक अच्छी बात तो मैं भूल
ही रहा था, कि -
“आज इन की बारात है। जिन को
निमंत्रण है, वो लोग खाना खाने
के लिये
स्कूल पर पहुँच जाएँ। हाँ, एक
बात और! हिंदू भाई भी पहुँच
जाएँ। आप के
लिये खाने की अलग व्यवस्था की
गई है।“
ये भी शाम के वक़्त ही सुनाई
देता है।
यहाँ तक कि सामान के गुम या
चोरी होने, और फिर लौटा दिये
जाने पर मिल जाने की भी आवाज़
आती है-
“किसी साहबान का बैग गिर गया
है। नाम गयासुद्दीन है। बैग
में कुछ साढ़े चार
सौ रुपये हैं। भाई साहब, आप
अपना बैग मस्जिद में आकर ले
जाइये, आपकी
महरबानी होगी।"
फिर एक आवाज़ है, जो हर सुबह की
आवाज़ है, कि पढ़ने वाले बच्चे
मस्जिद में आ जाएँ। आज़ान और
नमाज़ तो अपने समय से होती ही
रहती है। और कुछ पर्वों में तो
आवाज़ों की भीड़ ही उमड़
पड़ती है - ईद, बक्र-ईद, मुहर्रम, जुम्मे के दिन...
संडे
-जानू-
इन जनाब को देखिये! इन के
आव-भाव से लग रहा है कि इन के
लिये सप्ताह में ये एक दिन ऐसा
है कि बिस्तर छोड़ने का मन ही
नहीं करता! शरीर पर आलस ही आलस
निखार ले रहा है। मन है, कि बस
ज़मीन पर लगे अपने बिस्तर पर
लेटे ही रहें। सूरज कब का निकल
चुका है, पर मुँह पर चादर औढ़
कर ये किरणों से आँख-मिचोली
खेलने में लगे हैं।
पर इन दादा-पोता की जोड़ी को
देखिये! हफ़्ते भर में अपने
शरीर में भरी थकान को तोड़ने
के लिये कैसे चुस्त हो गये
हैं! बारी-बारी एक दूसरे के
शरीर पर तेल की मालिश कर रहे
हैं। फिर पानी को अच्छी तरह
गरम कर के मन लगा कर नहाएंगे।
ये तो इन के हर संडे का प्रोग्राम है। संडे का दिन, मतलब इन के पास शहर में क़दम रखने का समय ही नहीं। एक-दूसरे के साथ समय बिताते हुए ही सारा दिन कहाँ निकल जाता है, पता ही नहीं चलता। हफ़्ते भर की व्यस्तता में जो समय एक दूसरे के साथ नहीं बिता पाते, उस की कसर संडे के दिन पूरी करने की कोशिश करते हैं।
पर वहीं कुछ लोग ऐसे हैं जो
संडे की सुबह अपने अंदर अलग ही
चुस्ती ले आते हैं। संडे सुबह
आई जी स्टेडियम के पास एक
बाज़ार लगता है, जिस में सामान
काफ़ी अच्छा और सस्ता मिल
जाता है। इस बाज़ार को चोर
बाज़ार के नाम से जाना जाता
है। यहाँ जा कर ये लोग सेकेण्ड
हैंड सामान को अपने घरों में
जुगाड़ से चलाने के लिये
ख़रीद लाते हैं। चादर, कूलर,
लत्ता-कपड़ा, बिजली का सामान –
ये सबवस्तुएँ नांगला के अंदर
लाई जातीं हैं। अब इन जनाब को
देखिये। कितने प्यार से किसी
की मदद ले कर फ़्रिज ले आ रहे
हैं। अब ये फ़्रिज गर्मी में
पानी ठण्डा करने के मकसद से
लिया है, या फिर घर के बिखरे-फैले पड़े सामान को व्यवस्थित रूप में रखने के लिये अलमारी बना के काम में लाने के लिये, ये तो यही बता सकते हैं!
यहाँ एसटीडी दुकान की चहल-पहल
को देखिये! ये भी संडे की ही
ख़ासियत है। आज के दिन दुकानों पर कम, यहाँ ज़्यादा भीड़ नज़र आती है। यहाँ सुनने को मिलेगा कि कौन है, कहाँ का रहने वाला है। सुबह के वक़्त यहाँ लंबी लाइन लगी मिलती है, और हर कुछ मिनट बाद सुनाई देता है, “हाँ, हम बोल रहे हैं, दिल्ली से...”
सीएम लैब, नांगला माँछी
---------------------------
प्यासों की प्यास बुझाता है
नांगला,
दिल्ली में आने वालों का
बसेरा है नांगला।
---------------------------
More information about the Deewan
mailing list