[Deewan] NM se, 04
"सीएम लैब, नांगला माँछी"
nangla at cm.sarai.net
Sun Feb 5 22:36:30 IST 2006
नोटिस बोर्ड
-"जानू” और लखमी-
साइन बोर्ड – जो कभी रास्ता
बताते हैं, कभी बिन माँगी सलाह
देते हैं, कभी नसीहत देते हैं
कि ख़ुद को शहर में कैसे पेश
किया जाए, और कभी रास्ते से
ध्यान खींच कर किसी और दिशा
में ले जाते हैं! "यहाँ गैस
लाइन है, इसे न खोदें।" “इस
चौराहे का नाम है ---।" “दिल्ली
रेलवे स्टेशन में आप का
स्वागत है।" “अपना घर किराये
पर देने से पहले किरायदार की
जाँच करवा लें।" “यहाँ पंचर
ठीक किये जाते हैं।" एमरजेंसी
के बाहर पनपती साँसों के बीच
लगा बोर्ड, "एमरजेंसी वॉर्ड"।
"प्लीज़ यूज़ मी" लिये कूड़ेदान। हाँ, और एक बोर्ड याद आया जो मेरे पड़ोस में ही लगा है जो किसी प्रॉपर्टी डीलर का आभास कराता है -“यहाँ प्लॉट सस्ते में मिलते हैं"। पर अब आप को क्या बताऊँ, न ही यहाँ कोई प्रॉपर्टी डीलर है, और न ही कोई प्रॉपर्टी! पर बोर्ड अपनी जगह पर लगा ही लगा है।
इन्हीं बोर्डों की तरह एक और
बोर्ड भी है, जो सरकार के
सफ़ाई अभियान के तहत बटोरी जा
रही बस्तोयों के सामने
समय-समय पर खड़ा कर दिया जाता
है - एक ऐसा बोर्ड जो बिना कुछ
कहे, बिना हाथ-पाँव इस्तेमाल
किये, अपने पर लगे एक सूचना
पत्र के शब्दों को दोहरा देता
है, और जो इस बस्ती के सामने भी
लगा है। "यह सरकारी भूमि है।
इसे खाली कर दो। ये किसी भी
समय, या किसी भी दिन तोड़ी जा
सकती है।" इसे पढ़-पढ़ कर सब के
रोंगटे खड़े हो रहे थे।
गिरती शाम और उठती रात का पहला
पहर था। कोमल भाई इस साइन
बोर्ड को पढ़ कर बसेरे में
दाखिल हुए। उन के मन में एक
तस्वीर बनती तो दूसरी बिगड़
जाती। इन्हीं बनती, ओझल होती
तस्वीरों के साथ पतली गलियों
से गुज़रते हुए वो घर पहुंचे
और हथेली के सहारे घर के
दरवाज़े पर टेक लगाते हुए
बोले, “मीना, दरवाज़ा खोलो!”
अपने पति की आवाज़ को पहचानते
हुए मीना ने एकदम दरवाज़ा खोल
दिया। कोमल भाई बोले, “ये लो
केले। अम्मी कहाँ हैं? उन्होंने खाना खा लिया?” बेटे की आवाज़ सुन कर अम्मी बोलीं, “हाँ बेटा। अभी खाना खिला कर ही बहु मेरे पास बैठी थी। अब तुम दोनों भी खा लो और आराम से सो जाओ।"
कोमल भाई ने मुँह हाथ धो कर,
मीना से तहमक माँगते हुए अपना
मुँह पोंछा और फिर तहमक कमर पर
बाँध लिया। उधर मीना ने
बिस्तर पर अख़बार बिछा कर
थाली में खाना लगा दिया और
कोमल का इंतज़ार करने लगी।
कोमल ने बैठते ही रोटी का
टुकड़ा तोड़ा। निवाला लबों
से लगाते हुए बोला, “मीना, तुम
भी खाओ।" फिर कुछ देर रुक कर वो
बोले, “मीना, तुम ने कुछ सुना
है...”
“नहीं तो,” मीना बोली, “क्यों,
क्या हुआ?”
“आज आते हुए मेरी नज़र एक नीले
बोर्ड पर पड़ी। उस पर लिखा था
कि ये सरकारी ज़मीन है। इसे
खाली कर दो..”
“अरे आप क्या बात कर रहे हैं,”
मीना ने कहा। "ये भनक तो कई
दिनों से मेरे कानों में पड़
रही है। चाहो तो अम्मी से पूछ
लो!”
अब अम्मी से चैन न हुई और वो उठ
कर कोमल की बगल में जा कर बैठ
गईं। बोलीं, “बेटा, कोई नई बात
है क्या?”
कोमल बोला, “हाँ माँ। आज नोटिस
बोर्ड पढ़ा।"
“पर बेटा, वो तो मंगलवार से
लगा हुआ है। उस दिन जब हम
बाज़ार से आ रहे थे तो बहु ने
मुझे पढ़ाया था। ये तो सब को
मालूम है। बेटा, अभी चिन्ता कर
के कुछ नहीं होगा। सो जाओ।
सुबह की सुबह देखी जाएगी।"
रात का गुप अंधेरा था। खिड़की
खुली थी। पर सब स्थिर था। अंदर
भी उतना ही अंधेरा था जितना
बाहर। सब मिला-मिला लग रहा था।
शराब पिये किसी शख़्स की
क़दमों की आहट आने लगी। वो
अपनी धुन में कुछ बोल रहा था।
एकदम उस की आवाज़ ऊँची हो गई।
"कल अगर ये झुग्गी न टूटी तो
मेरा नाम भी शराबी नहीं।"
एक दूसरी आवाज़ आई, “ज़रा हाथ
लगा के तो दिखाओ!”
“कल देख लेना। कल देख लेना।"
ये आवाज़ें कोमल के कानों मे
जैसे ही पड़ीं, उस ने अपने
बिस्तर से उठ कर कोमल से कहा,
“कल बस्ती टूट जाएगी!”
“कोई बुरा सपना देखा है तुमने,
चलो अब सो जाओ,” इतना कह कर
कोमल करवट ले कर सोने को हुआ।
पर आवाज़ फिर आई, और कोमल ने सर
उठा कर ध्यान दिया। आवाज़ आ
रही थी, “कल बस्ती टूटेगी,
टूटेगी। मुझे शराबी मत समझो,
आज मैं होश में हूँ।"
कोमल बोला, “कोई पागल शराबी
है! परेशान मत हो, चल तू भी यहीं
सो जा।"
सुबह मीना और कोमल की आँख लगभग
एक ही साथ खुली। दोनों ने
खिड़की में से आती सुबह की
आवाज़ों को सुन कर समय का
अंदाज़ा लगाना चाहा, पर उन की
कुछ समझ नहीं आया। एक चुप्पी
लिये हलचल की तरंगें खिड़की
से कमरे में बह रहीं थीं। कोमल
ने झट उठ कर दरवाज़ा खोला और
बाहर झाँका। अपनी गली से
गुज़रता हुआ, दूसरी गलियों से
निकलता हुआ बाहर की तरफ़ जाने
लगा। सभी घरों के दरवाज़े
खुले थे। लग रहा था गली में
दीवारें कम, दरवाज़े ज़्यादा
हैं।
ये सुबह शराबी की बात का हकीकत
बनने की सुबह थी। पुलिस कोहरे
की तरह बस्ती को घेरे खड़ी थी,
और धीरे धीरे हर चीज़ को अपनी
लंबी अंगुलियों से छू कर ढंक
रही थी। पुलिस की वर्दी को देख
कर कोमल एक पुलिस वाले के पास
गया और उस से पूछा, “भाई, ये
क्या हो रहा है?”
पुलिस वाला बोला, “ये नोटिस
बोर्ड पे क्या लिखा है?”
“सर, हमें नहीं पता..” कोमल
बोला।
“नहीं पढ़ा तो सुन! बस्ती को
खाली कर दो, आज बस्ती टूटेगी।"
कोमल को पुलिस से बात करते देख
कुछ और लोग आसपास आ कर खड़े हो
गए थे। टूटने का सुन कर सब के
कानों में पुलिस वाले की नहीं,
बल्कि पिछली रात वाले शराबी
की आवाज़ गूँजने लगी, जैसे वो
कह रहा हो, "तुम सब मुझे नशे में
समझ रहे थे। देखो, ख़ुद ही
देखो, कल रात की शराब को सुबह
बहते हुए देखो! चलो अब जाओ घर
खाली करो, पुलिस के तुम्हारे
ये सारे बाप यहाँ यूँ ही नहीं
खड़े हैं!”
कोमल बस्ती की तरफ़ मुड़ा
अंदर जाती गली को देख रहा था।
आज तक जिस गली में साइकल से
बड़ी कोई गाड़ी दाखिल नहीं
हुई थी, वहाँ आज होने जा रही
थी। ये पहली बार होगा। और ये
पहली गाड़ी बुल-डोज़र होगी,
जिस के गुज़रने के बाद किसी और
के गुज़रने की गुंजाइश नहीं
रहेगी।
सीएम लैब, नांगला माँछी
---------------------------
प्यासों की प्यास बुझाता है
नांगला,
दिल्ली में आने वालों का
बसेरा है नांगला।
---------------------------
More information about the Deewan
mailing list