[दीवान]Fwd: उर्दू-जगत/मुशर्रफ़ आलम ज़ौकी
Ravikant
ravikant at sarai.net
Wed Jan 17 12:21:38 IST 2007
परिकथा : सितंबर-अक्टूबर, 2006, से साभार, चंदन जी को सधन्यवाद.
रविकान्त
------
उर्दू-जगत
बा अदब बा-मुलाहिज़ा
मुशर्रफ़ आलम ज़ौकी
ये साल उर्दू के लिए बदनसीबी का साल रहा। कितनी ही बड़ी हस्तियाँ इस जहान से
रुख़सत हो गईं, ‘गड़रिया’ वाले अशफ़ाक़ अहमद चले गए तो ऐसा लगा, मंटो के बाद
उर्दू अफ़साने की दुनिया एक बार फिर वीरान हो गई हो। मज़े-मज़े की बातें करने
वाले मुशफ़िक़ ख़ाज़ा ने भी दुनिया को अपना आख़िरी सलाम कह दिया। बरसों से
बीमार चले आ रहे अहमद नदीम क़ासमी ने भी हमेशा के लिए अपनी आँखें बन्द कर लीं,
कहते हैं,
जाने वाले कभी नहीं आते
जाने वालों की याद आती है
लेकिन मेरी समझ में एक बात कभी नहीं आई।
जो दुनिया छोड़ कर चले गए, उनके बारे में सिर्फ़ अच्छा क्यों लिखा जाता है। मेरे
ख़्याल से जो ज़िंदा हैं, वो ज़्यादा 'दाद' के मुस्तहक़ हैं। क्योंकि वो ऐसे
आलम में ज़िंदा हैं, जहाँ दहशतपसंदी है, भेदभाव है, एड्स है, भ्रूण-हत्याएँ हैं
और एक-दूसरे की जान लेता हुआ इंसान है। अहमद नदीम क़ासमी चले गए। हिन्दुस्तान
से पाकिस्तान तक उन पर लिखे जाने वाले तारीख़ी मज़ामीन की भीड़ लग गई वो बड़े
अदी ब, बड़े शायर थे, इसमें कोई शक नहीं। मगर क़ासमी की कलम ने कभी भी
हिन्दुस्तान को अच्छे लफ़्ज़ों में याद नहीं किया। क़ासमी उन लोगों में थे जो
शायद, वजह कोई भी रही हो, मगर हिन्दुस्तान का बँटवारा या अपना अलग पाकिस्तान
चाहते थे और तक़्सीम के बाद भी अपने अदब में इसी नज़रिए की परवरिश करते रहे।
यही वजह है कि पार्टीशन के बाद का ‘क़ासमी’ मुझे पसन्द नहीं आया। बहुत अच्छा
लिखने के बावजूद। अपनी उम्र के आख़िरी बरसों में वो एक उपन्यास लिख रहे थे यह
उपन्यास (शायद ही पहली या दूसरी क़िस्त) उनकी मशहूर पत्रिका फ़ुनून में छपनी भी
शुरू हुई थी कि उनकी मौत का परवाना आ गया। दिलचस्प यह है कि यह उपन्यास भी
हिन्दो-पाक में होने वाली दो बड़ी जंगों पर आधारित था। शुरू की क़िस्तों में जो
कहानी की फ़िज़ा क़ासमी ने बुनी थी, ऐसी कला त्मक 'बुनत' तो हमारे यहाँ भी किसी
के पास नहीं है। न बिज्जी, न कृष्णा सोबती, न निर्मल वर्मा। क़ासमी ग़ज़ब के
ख़िलाड़ी थे, मगर पूरे पाकिस्तानी। ऐसा पाकिस्तानी, जिसके दिल में हिन्दुस्तान
के लिए कोई जगह न थी और यह बात सिर्फ़ क़ासमी पर लागू नहीं होती। इंतज़ार हुसैन
या अहमद फ़राज़ भी जब पाकिस्तानी मीडिया के सामने होते हैं तो हिन्दुस्तान के
ख़िलाफ़ बोलते हुए उनकी ज़बान मिर्ची से भी ज़्यादा तेज़ हो जाती है। मैंने आज
तक किसी हिन्दी या उर्दू कलमकार को कश्मीर के मुद्दे पर बोलते हुए नहीं सुना।
मगर पाकिस्तान में यह वबा आम है। कश्मीर की बात करते हुए कलमकार ‘एकदम’
पाकिस्तानी या सांप्रदायिक बन जाता है। ख़ुद मैंने कई बार क़ासमी की कलम को भी
घोर पाकिस्तानी महसूस करते हुए कई बार सोचा कि हिन्दुस्तानी और पाकिस्तानी
लेखकों में इतना बड़ा अंतर कैसे?
और मुझे जवाब भी मिल गया। हमारे देश की राजनीति जैसी भी हो, हमारा साहित्य जो
मुल्कों की राजनीति से अलग रहा है। उर्दू से ज़्यादा लिबरल चरित्र इस मामले में
हिन्दी ने अदा किया है। एक सेक्यूलर और जम्हूरी चरित्र। कुछ अपवाद छोड़ दिए
जाएँ तो हमने पाकिस्तानी की ओर साहित्यिक दा यरे में बँधते हुए, कभी पत्थर
उछालने की भूल नहीं की है। पाकिस्तान के ऩये रचनाकारों में भी यह तेवर नहीं है।
वहीद अहमद, से लेकर नासिर और अली मुहम्मद फर्शी तक, मगर कल तक 'पार्टीशन' की यह
दीवार कम अज कम पाकिस्तानी साहित्यकारों के साहित्य में मज़बूती से खड़ी थी। हम
अहमद नदीम क़ासमी की मृत्यु को साहित्य के लिए एक बहुत बड़ा 'ख़ला' मानते हैं
यह केवल साहित्य नहीं, एक पूरी तहज़ीब के चले जाने जैसा है। अपने आरंभिक दिनों
में क़ासमी ने मंटो को कभी नहीं माना। उनके प्रकाशित पत्र भी मंटो के लिए उनकी
नाराज़गी या झल्लाहट को ही बयान करते थे। मगर यहाँ श्रद्धांजलि के तौर पर हम
उनकी अंतिम तहरीर पाठकों के समक्ष रख रहे हैं।
इंतक़ाल के पचास बरस बाद मंटो ज़िंदा हो गया
रेडियो पाकिस्तान से मंटो का अफ़साना ‘नया क़ानून’ सुनकर मैं आश्चर्यचकित रह गया
कि ये वही हमा री कौमी रेड़ियो सर्विस है जिसने अपने यहाँ मंटो की रचनाओं को
बन्द कर रखा था। क़यामे-पाकिस्तान के बाद जब मंटो लाहौर गया तो उसे विश्वास था
कि उसकी साहित्यिक ख़िदमत में कोई कमी नहीं होगी। लेकिन इस ख़ुशफ़हमी का अन्त
होते देर न लगी। मैं उन दिनों पेशावर रेड़ियो स्टेशन से स्क्रिप्ट राइटर के तौर
पर जुड़ा था। मंटो ने मुझे सूचना दी कि वो अपने एक दोस्त के साथ एक काम के
सिलसिले में पाकिस्तान आ रहा है और वो मेरे यहाँ ठहरेगा। मेरे लिए ये सूचना
प्रसन्नतापूर्ण थी। फिर उन दिनों मैं एक बंगले के दो कमरों में रहता था जिसमें
शायद एक दर्जन कमरे थे जिसके लॉन कई ‘कनाल’ पर फैले हुए थे। मैंने मंटो और उसकी
पत्नी के लिए एक कमरे को ख़ूब सजाया । जब मंटो आया तो अपना कमरा देखकर हैरत में
रह गया। वो मेरे यहाँ तीन दिन तक रुका। उसके सा थ जो साहब थे, वो अमृतसर के एक
बड़े ख़ानदान से ताल्लुक रखते थे और उन्हें यकीन था कि वो पेशावर का एक सिनेमा
हॉल अपने और मंटो के नाम अलाट करा लेंगे। अगर वो कामयाब हो जाता तो मंटो की
जिंदगी का रंग बदल गया होता। लेकिन मंटो का क़याम पेशावर में ज़्यादा दिनों तक
नहीं रहा। मंटो जब तक मेरे यहाँ रहा, प्रतिदिन मेरे साथ रेडियो स्टोशन जाता
रहा। वहाँ सज्जाद सरवर नेयाज़ी, नून मीम राशिद, चौधरी इक़बाल, सैयद अंसार
नासिरी आदि के साथ दिलचस्प गुफ़्तुगू रहती। राशिद से दिल्ली के दिनों में उनका
ताल्लुक दोस्ती में न बदल सका क्योंकि मंटो राशिद को हमेशा छेड़ते रहते थे
लेकिन पेशावर में उनकी गुफ़्तुगू ‘शान्तिपूर्ण’ रही। सज्जाद सरवर नेयाजी साहब
स्टेशन डायरेक्टर थे। उन्होंने मंटो की रचना भी रेकार्ड की और उसका मुआवज़ा भी
अदा किया। पेशावर के लोगों ने भी मंटो का स्वागत किया लेकिन दुख की बात यह है
कि मंटो का क़याम पेशावर में कुछ ही दिनों तक रहा।
वापस लाहौर आकर उसने रोज़ी-रोटी के सिलसिले में काफ़ी मेहनत की लेकिन ‘अश्लील
लेखक मंटो’ किसी भी मरहले में सफल न हो सका। मैं भी 1948 में पेशावर छोड़ कर
लाहौर आ गया और मंटो से करीब-करीब रोज़ाना मुलाक़ात रही। लेकिन मैं भी उसी की
तरह बेरोज़गार था। एक बेरोज़गार दूसरे बेरोज़गार की क्या मदद करता उन्हीं दिनों
मर्कज़ी हुकूमत के वजीर इत्तलाआत व नशरियात और प्रसि द्ध लेखक एस.एम.एकराम साहब
लाहौर आए और जनाब हफ़ीज़ होशियारपुरी को, जो स्टेशन डायरेक्टर या असिस्टेंट
डायरेक्टर थे, मेरे पास भेजा कि शाम की चाय मेरे साथ पियो। मुझे आश्चर्च अवश्य
हुआ लेकिन पैग़ाम लाने वाले मेरे दोस्त और मशहूर शायर हफीज़ होशियारपुरी थे। और
निमत्रण देने वाले अनेक श्रेष्ठ ऐतिहासिक पुस्तकों के लेखक थे। मैं हाज़िर हुआ
तो एकराम साहब बड़ी मुहब्बत से मिले। मुझे इस मुहब्बत पर कुछ आश्चर्य भी हुआ कि
मुझको तो दूसरे बहुत से लेखकों के साथ उनके विभाग ‘बैन’ कर रखा था। उन्होंने
गुफ़्तुगू का आग़ाज़ ही इस बात से किया कि मेरे सम्मान में मुझ पर से पाबन्दी
हटा रहे हैं तो वो बोले, ‘‘नहीं, केवल आप पर है।’’ मैं उठ खड़ा हुआ और अर्ज़
किया कि आप जैसे विद्वान व्यक्ति से मुझे इस तरह की पेशकश की आशा नहीं थी कि
मैं दूसरे सब लोगों पर पाबन्दी गवारा कर लूँ और स्वयं आपकी पेशकश से फ़ायदा
उठाऊँ। मैं अपने दोस्तों को धोखा देने के बारे में सोच भी नहीं सकता जबकि मेरे
दोस्तों में सआदत हसन मंटो से महान रचनाकार भी मौजूद हैं। मैं ये कहकर वहाँ चला
आया। बाद में हफीज़ साहब से इस ज़्यादती का शिकवा किया तो उन्होंने क़समें खाकर
बताया कि उन्हें एकरा म साहब के प्रोग्राम का पता नहीं था।
नवंबर 1949 में जो ‘कुल पाकिस्तान तरक्की पसंद मुसन्नफ़ीन कांफ्रेंस’ हुई उसमें
एक ऐसा प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया जो मेरे आतिरिक्त मेरे दोस्त इब्राहीम
जलीस के नज़दीक भी ग़लत और नुक़सानदेह था लेकिन मैं सेक्रेटरी जनरल होते हुए भी
यह प्रस्ताव रुकवा ना सका और इस प्रस्ताव ने तरक्कीपंसद साहित्य की तहरीक को
काफ़ी नुक़सान पहुँचाया। इस प्रस्ताव के अनुसार मंटो, राशिद और क़ुर्रतलएन हैदर
आदि को तरक्की पसंद पत्रिकाओं ने छापना ज़ुर्म क़रार दिया गया था। इस स्थिति के
कारण मंटो मुझसे बहुत ही ख़फ़ा रहा लेकिन इसके बावजूद हमारी दोस्ती बनी रही और
ये मंटो की महानता का सबूत है। मैंने बाद में संस्था की सभी शाखाओं से इस
प्रस्ताव के बारे में पूछा। सबने इसके ख़िलाफ़ राय दी। 1951 में मुझे बहुत से
साथियों के साथ जेल भेज दिया गया। लेकिन जब 1951 के अन्त में रिहा हुआ तो कराची
में एक और ‘कुल पाकिस्तान तरक्की पसंद मुसन्नफ़ीन कांफ्रेंस’ करने का प्रोग्राम
बनाया और फिर 1952 में ये कांफ्रेंस हुई। तीन अधिवेशन हुए। पहले अधिवेशन की
अध्यक्षता डॉ. मौलवी अब्दुलहक़ ने की। जब मैंने ये विवादपूर्ण प्रस्ताव क्षमा
याचना के साथ लोगों की मौजूदगी में वापस लिया तो बाबए-उर्दू ने अपने भाषण में
कहा कि ये पहली संस्था है जो आम लोगों के सामने अपनी कमियों को तस्लीम कर रही
है और ये बड़ी बात है दूसरे दो अधिवेशनों में से एक की अध्यक्षता मौलाना अबुदल
मजीद सालिक ने की थी और अंतिम अधिवेशन की अध्यक्षता पीर हसामुद्दीन राशिदी ने
की।
लेकिन 1951 के आरंभ में जो रावलपिंडी साजिश-केस का क़िस्सा चला था और पश्चिमी
एवं पूर्वी पाकिस्तान में दर्जनों रचनाकारों को नज़रबन्द कर दिया गया था तो
धीरे-धीरे दोस्तों ने संस्था की कार्रवाइयों में दिलचस्पी लेना बन्द कर दी और
संस्था बुझकर रह गई। लेकिन जब मैंने 1954 में इसके सबसे बड़े पद से इस्तीफ़ा
दिया तो अपने इस्तीफ़े में स्पष्ट रूप से कहा था कि यदि कोई दूसरे लोग इस
संस्था को संभालने के लिए आगे बढ़ें तो मैं स्वेच्छा सेवक के तौर पर उनका भरपूर
सहयोग करूँगा लेकिन दुख है कि कोई भी आगे न आया।
1953 में मुझे दैनिक ‘इमरोज़’ की ज़िम्मेदारी सौंपी गई। इस बीच मंटो, अस्करी
साहब ने मिलकर एक पत्रिका भी निकाल चुके थे जिसमें युसूफ़ ज़फ़र (स्वर्गीय) ने
मुझे ‘जी’ खोलकर बुरा भला कहा था, लेकिन जैसा कि मैं अर्ज़ कर चुका हूँ, मंटो
से मेरी दोस्ती पूरी शिद्दत से क़ायम रही। इस बीच मैंने ‘मंटो के नाम एक खुली
चिट्ठी’ पत्रिका ‘संगमेल’ (पेशावर) में छपवाया। मैंने मंटो को चेतावनी दी कि
अस्करी साहब के साथ आपका याराना बढ़ रहा है और मुझे ख़तरा है कि वो फ्रांस के
‘ज़वाल पसंद’ साहित्यकारों के प्रभाव को मंटो के ज़ेहन में प्रेवश कर दें। तब
मंटो मेरे पास आया और बहुत ही गुस्से में कहा कि तुमने मेरे नाम खुली चिट्ठी
लिखी है। अब मैं तुम्हारे नाम ‘बन्द चिट्ठी’ लिखूँगा। मैंने कहा, ज़रूर लिखिए।
लेकिन आपने मेरी चिट्ठी पढ़ी भी है। मंटो ने बताया कि चिट्ठी उसकी नज़र से तो
नहीं गुज़री। लेकिन इशके बारे में लोगों ने बताया है। मैं वो पत्रिका ले आया
जिसमें वो चिट्ठी थी। मैंने कहा कि इसे पढ़ लीजिए। यदि आप इसके बावजूद मुझे
‘बन्द चिट्ठी’ लिखना चाहें तो ज़रूर लिखें। दो दिन बाद मैं मंटो के पास गया और
चिट्ठी पढ़ कर सन्तुष्ट हो चुके थे। उनकी प्यारी-सी मुस्कुराहट मेरे सवाल का
जवाब थी। ये बिल्कुल अलग बात है कि मेरे दोस्त फतह मुहम्मद मलिक साहब ने हाल ही
में, मंटो पर जो किताब लिखी है, उसमें ये ‘स्पष्ट’ भी किया है कि मैंने मंटो के
नाम जो ख़त कम्युनिस्ट पार्टी की पॉलिसी के मुताबिक लिखा था। मैं कभी
कम्युनिस्ट पा र्टी का मेंबर नहीं रहा और न पार्टी के फ़ैसले मुझ पर लागू हुए
हैं। मेरे ज़ेहन ने मंटो के नाम ये ख़त लिखने का फ़ैसला किया था। लेकिन मेरे
अज़ीज़ दोस्त को मेरी इस मासूमाना हरकत में भी साज़िश नज़र आई।
मैंने दैनिक ‘इमरोज़’ में एक साप्ताहिक ‘पंजाबी’ पेज शुरू किया था। 1954 के
आरंभिक दिन थे जब मंटो मेरे पास आया और बोला कि मैंने जिंदगी में पहली बार
पंजाबी में अफ़साना लिखा है। यह अपने पंजाबी पृष्ठ में दर्ज करो और मुझे इसी
समय इसका परिश्रमिक दिलवा दो। परिश्रमिक का तो बन्दोबस्त हो गया लेकिन दूसरे ही
दिन प्रोग्रेसिब पेपर्ज पर पुलिस का छापा पड़ा और पुलिस मेरी मेज़ की दराज़ों
में से बहुत-सी ‘पांडुलिपियाँ’ समेट कर ले गई। उनमें मंटो का वो पंजाबी अफ़साना
भी था जो मैं अगले ही सप्ताह ‘इमरोज़’ में छापने वाला था। मैंने ख़ुफ़िया पुलिस
वालों की बहुत खुशामद कि कम से कम वो कहानी ही मुझे वापस मिल जाए लेकिन मेरी
कोई सुनवाई न हुई।
ये हक़ीकत है कि मंटो उन दिनों लगभग प्रतिदिन एक अफ़साना लिखता था और पच्चीस-तीस
रुपये में बेच आता था और यों अपना ‘ख़र्च’ चलाता था। मृत्यु से शायद दस पंद्रह
दिन पहले वो मेरे घर आया और मुझे पकड़ कर अपने घर ले गया। शराब की एक बोतल उसके
पास थी जो उसने मेरे कोट की जेब में खिसका दी थी। घर पहुँचे तो बोतल मेज़ पर
रखी और शायद पानी लेने या ‘बाथरूम’ इस्तेमाल करने अन्दर चला गया। तब उसकी बेगम
सफ़िया बहन चुपके से मेरे पास आईं और आहिस्ता से कहा कि ख़ुदा के वास्ते उसे
ज़्यादा पीने से रोकिए। आपने देखा है न कि उसका सफ़ेद रंग कैसा मिट्टी हो रहा
है। ऊपर से मंटो आया और बोला, ‘‘क्या बातें हो रहीं हैं।’’ सफ़िया बहन अंदर चली
गई, तब मैंने मंटो को उसकी बेगम और बेटियों के वास्ते दिए कि ‘‘पूरी तरह न सही
कुछ कम कर दीजिए, ये मेरी इल्तजा है।’’ और मंटो बोला ‘‘मैंने आपको दोस्त बनाया
है अपने ज़मीर की मस्जिद का इमाम मुक़र्रर नहीं किया।’’ और इसके कुछ ही दिन बाद
मैं मंटो के अन्तिम संस्कार के लिए जा रहा था।
आज देश के कोने-कोने से मंटो के कारनामों की गूँज सुनाई दे रही है। हर शहर में
इल्मी, अदबी और फ़न्नी इदारे मंटो की यादें ताज़ा कर रहे हैं और मान रहे हैं कि
मंटो ने उर्दू अफ़सानानिगारी को रूस और फ्रांस के मुख़्तसर आफ़सानों के बराबर
खड़ा कर दिया था। मंटो बेरहम हक़ीक़त पसंद था। इसलिए हक़ीक़त पर से पर्दे हटाने
में उसे कोई झिझक महसूस नहीं होती थी। हमारा मोआशरा अपने आप को धो खा देने और
हक़ीक़त से आँखें चुराने का आदी है, इसलिए इसे मंटो के अफ़सानों ने झंझोड़ कर
रख दिया। लेकिन अन्तत: ....उन पर मंटो की रचनात्मक महानता का सूरज उग के रहा।
इसीलिए मैं कहता हूँ कि इंतक़ाल के पचास बरस बाद मंटो ज़िंदा हो गया है और वह
सदियों ज़िंदा रहेगा।
क़ासमी का खुला ख़त
दरअसल क़ासमी कनफ्यूज़ थे। मंटो को न चाहकर भी मानने से मज़बूर थे। इसलिए कि
पाकिस्तान पहुँचने पर चारों ओर मंटो का डंका बजने लगा था। और मंटो अपने लेखन के
कारण यह सम्मान ‘डिजर्व’ भी करते थे। क़ासमी ने अपने लेख में जिस खुले ख़त का
ज़िक्र किया है, उसे आप भी मुलाहिज़ा कीजिए। 'मंटो साहब, विभाजन के बाद हमारे
यहाँ अच्छे और नामवर फ़नकार बहुत कम रह गए थे। इसीलिए अस्करी ने आपको बेहतरीन
फ़नकार घोषित किया है। मगर आपने यह कैसे मान लिया कि हसन अस्करी कोई पाकिस्तान
का बहुत बड़ा आलोचक है? दिलचस्प यह है कि अस्करी ने जिस पत्रिका में आपकी
तारीफ़ की है, उसका भी सम्पादन आप दोनों मिलकर करते हैं।'
बा-अदब बा-मुलाहिज़ा होशियार क़ासमी का एक रूप यह भी है। लेकिन ‘श्रद्धांजलि’
देने वाले हमेशा ऐसी बातों को नज़रअंदाज़ कर देते है।
-------------------------------------------------------
More information about the Deewan
mailing list