[दीवान]Fwd: छठवीं पोस्ट- 1978-1987 की अवधि

Ravikant ravikant at sarai.net
Wed Oct 24 12:35:29 IST 2007


आलोक जी,

इसे देर से और याद दिलाने के बाद परोसने के लिए माफ़ी चाहूँगा. यह भ्रम इसलिए हो जाता है कि 
कई बार मैं मान लेता हूँ मेरे पास आया है तो बरास्ते दीवान ही आया होगा, जबकि आप ये हमें ज़ाती 
तौर पर भेज रहे होते हैं. बहुत बढ़िया जा रहा है!

शुक्रिया
रविकान्त

----------  आगे भेजे गए संदेश  ----------

Subject: छठवीं पोस्ट- 1978-1987 की अवधि
Date: सोमवार 15 अक्टूबर 2007 17:00
From: "alok puranik" <puranika at gmail.com>
To: ravikant at sarai.net, vivek at sarai.net
Cc: alokpuranik at yahoo.com

छठवीं पोस्ट- 1978-1987 की अवधि

सुधरता मूंग, उछलता काबुली चना
दशकों के बावजूद मंडी रिपोर्टिंग की भाषा कमोबेश वैसी ही रही।
देखें-

दैनिक हिन्दुस्तान, 21 दिसम्बर 1978, पेज नंबर सात
दो कालम की खबर
अनाज व दालें
उड़द, मोठ, मूंग सुधरे-काबली चने में भारी तेजी
दिल्ली -20 दिसं (एनएनएस) राजस्थान में फसल कमजोर होने की आशंका से तथा आवक
घटने के कारण उड़द, मोठ के भाव 2 /10 रुपये बढ़ गये। स्टाक के अभाव में काबुली
चना 25/50 रु. उछलते सुना गया।
उत्तर प्रदेश में नये माल की आवक बढ़ने से चावलों में पूर्वस्तर की मजबूती रही।
बाजरा व मक्की के भाव मांग के अभाव में 1 /2 रुपये ढीले रहे। मसूर व अरहर में
भी दाल मिलों की लिवाली से 5-5 रुपये का लाभ हुआ। भाव प्रति क्विंटल-
.......


सर्राफा बाजार
चांदी, सोना स्टे. दोनों में तेजी
दिल्ली , 20 दिसंबर, (एन.एन.एस.)न्यूयार्क के तेज समाचार से चाँदी तेजाबी 4 रु
बढ़ गई। सोने में भी 1 /5 रुपये की तेजी आई।
बम्बई के तेज समाचार से सोना स्टैंडर्ड 7 रु. प्रति दस ग्राम बढ़ाकर बोला गया।
विटूर में भी इसकी देखा-देखी एक रुपये का लाभ हुआ। ...............



ग्लोबलाइजेशन का जलवा तब भी था, और दिखता था
सर्राफा बाजार में तस्करी का उल्लेख विशेष तौर पर किया जाता था। ग्लोबलाइजेशन
की प्रक्रिया ने सिर्फ 1991 के बाद ही जोर नहीं पकड़ा है। इसके पहले तस्करी का
खासा असर सोने-चांदी के भावों में देखने में आता था। सिर्फ तस्करी ही नहीं,
न्यूयार्क के तेज समाचार यानी न्यूयार्क में भावों में तेजी से भारतीय बाजार भी
उछलते थे। और इस बात को खासी प्रमुखता के साथ रिपोर्टिंग में बताया जाता था।
देखें-

नवभारत टाइम्स 21 नवम्बर 1980 पेज नंबर सात
दो कालम का समाचार
दिल्ली सर्राफा बाजार
न्यूयार्क के तेज समाचार से चांदी उछली-सोने में भी तेजी
दिल्ली 20 नवम्बर, (एन.एन.एस.) न्यूयार्क से तेजी के समाचार आने तथा कथित
तस्करी की जोरदार लिवाली से आज सर्राफा बाजार में चांदी 100 रुपये प्रति किलो
था सोना लगभग 55 रु. प्रति दस ग्राम का और उछाला खा गया। सोने में आठ दिन में
115 रुपये तथा चांदी में 161 रुपयेकी तेजी आ चुकी थी। .
भाव इस प्रकार रहे –
चाँदी प्रति किलो-तेजाबी खुली 2710 बंद 2760 ऊंची 2760 नीची 2710
..

नवभारत टाइम्स, 14 दिसम्बर 1980 पेज नंबर सात
दो कालम का समाचार
दिल्ली सर्राफा
विदेशों से तेज समाचारों से चाँदी व सोने में सुधार
दिल्ली -13 दिसम्बर (एन.एन.एस.) न्यूयार्क व लन्दन के तेज समाचारों के कारण तथा
अंतर्राष्ट्रीय राजनैतिक स्थिति विस्फोटक होने से आज दिल्ली सर्राफा बाजार में
दोनों कीमती धातुओं के मूल्य तेजी से सुधर गये।
न्यूयार्क में 175 सेंट भाव बढ़ जाने से चाँदी तेजाबी दिल्ली में एकदम 72 रुपया
उछलकर 2733 रुपया हो गयी। चाँदी का उठाव भी आज काफी अच्छा 80 सिल्ली रहा।
बिकवाल कम थे। चाँदी का सिक्का 2838 रुपये से तेज होकर 2930 रुपया पर आ पहुंचा।
चाँदी (.999) 82 रुपये ऊंची थी। ...........


क्रिकेट, तस्कर और वाघा बोर्डर
क्रिकेट का असर भारतवर्ष में कई बातों पर पड़ता है।
दफ्तरों की हाजिरी से लेकर सड़क के ट्रेफिक तक पर क्रिकेट अपना असर डालता है।
क्रिकेट भारत में खेल नहीं, धर्म है-मतलब यह जुमला भी इतना पुराना है, जितना
पुराना भारत में क्रिकेट है। पर क्रिकेट का असर सोना-चांदी के भावों पर पड़ता
था, यह जानना खासा दिलचस्प है। यह उस दौर की बात है, जब सोने-चांदी के भावों पर
तस्करी का असर खासा होता था। तो पूरा सिलसिला यूं बनता है कि क्रिकेट का असर
तस्करी पर पड़ता था, और तस्करी का असर भावों पर पड़ता था, तो संक्षेप में यह
कहें कि क्रिकेट सोना-चांदी के भावों को प्रभावित करता हुई दीखता था।
है ना आश्चर्यजनक किंतु सत्य कोटि का तथ्य। देखें-
हिन्दुस्तान 11 दिसंबर, 1982 पेज नंबर सात
दो कालम
सराफा बाजार
सटोरियों व तस्करों से चांदी पुन 39 रु. ऊंची, सोना बढ़ा
दिल्ली -10 दिसम्बर, (एनएनएस) स्थानीय सटोरियों व पंजाब के कथित तस्करों की
भारी लिवाली की चर्चा से चाँदी, तेजाबी डिलीवरी पुन 39 रु. ऊंची हो गई। सोना
विटूर भी 10 रु. बढ़ते सुना गया।
लाहौर में हो रहे क्रिकेट मैच के उपलक्ष्य में पाकिस्तान सरकार द्वारा वाघा
बार्डर को 12 घंटे के लिए खोल दिये जाने से पाकिस्तान की चांदी के तस्कर
निर्यात में वृद्धि की चर्चा सुनी जा रही थी। न्यूयार्क में भी इसके भाव 10
सेंट प्रति औंस बढने की खबर थी, जिससे चांदी तेजाबी डिलीवरी 2806 से बढ़कर 2845
रु. प्रति किलो हो गयी। .................

वही कटान, वही समर्थन
कटान और समर्थन , ढीलापन शेयर बाजार की रिपोर्टिंग में बराबर चल रहे थे। देखें-
हिन्दुस्तान 20 जनवरी, 1982, पेज नंबर सात
कलकत्ता शेयर
कलकत्ता -19 जनवरी, (ह.स.) शुरु की स्थिरता के बाद औद्योगिक शेयरों को निरंतर
बिकवाली से जोरदार धक्का लगा। बाद में कुछ शेयर पटान व समर्थन से सुधर गए।
......हिन्दालको 32 पर बंद हुआ और ग्वालियर रेयन शुरु में 47.60 तक नीचे उतरने
के बाद ऊंचे में 48.70 पर बंद हुआ।.. जे.के.सिंथेटिक्स 54.80 और केशोराम
61.10पर बंद हुए।


वही ढीलापन...
नवभारत टाइम्स 16 अक्तूबर, 1984, पेज नंबर नौ, दो कालम का समाचार
जिन्स बाजार की हेडिंग के तहत
मूंगफली तेल ढीला
नई दिल्ली 15 अक्तूबर, (एनएनएस) मध्य प्रदेश व गुजरात तथा उत्तर भारत में नई
मूंगफली की आवक बढ़ने के कारण तेल मूंगफली 20 रुपये ढीला रहा। नीम अरंडी और तिल
के तेलों में भी 10 से 20 रु. की हानि हुई लेकिन चावल तेल 50 रु. का उछाला खा
गया। मिल डिलीवरी चीनी में 1 से 4 रु. की और चमक आई। चने 5 से 6 रु टूट गए।
ज्वार में भी नरमी थी लेकिन उड़द और इसकी दाल के भाव 5 से 10 रु. तेज हो गए।
........रिपोर्ट खत्म


श्रीमती इन्दिरा गान्धी की हत्या और बाजार का सन्नाटा
श्रीमती इन्दिरा गान्धी की हत्या को तमाम बाजारों ने बहुत गंभीरता से लिया। यह
बात रिपोर्टिंग में बराबर दिखायी देती है।
नवभारत टाइम्स 1 नवम्बर, 1984, पेज नंबर नौ
दो कालम
जिन्स बाजार
चीनी और खंडसारी नरम
दिल्ली 31 अक्तूबर (एनएनएस) प्रधानमंत्री श्रीमती इन्दिरा पर घातक हमला होने से
उनकी गांधी की हत्या की खबर से आज दिल्ली की मंडियों में सन्नाटा छा गया। मांग
के अभाव में चीनी और खंडसारी के भाव और ढीले पड़ गए। चने व बेसन में मजबूती
रही, जबकि चावलों में कारोबार सुस्त था तेल गोला 10 रु. प्रतिटीन ढीला रहा।
जबकि तेल तिल में कुछ सुधार हुआ। ..रिपोर्ट खत्म।

मांग के अभाव में चीनी और खंडसारी तो ढीले ही पड़ गये। चने व बेसन में हालांकि
ढीलापन व सन्नाटा नहीं देखा गया।

श्रीमती इन्दिरा गान्धी की हत्या और स्तब्ध शेयर बाजार
श्रीमती गान्धी की हत्या को शेयर बाजार ने बहुत गंभीरता से लिया। शेयर बाजार ने
इस घटना पर बहुत गंभीर प्रतिक्रिया की। जैसा कि इस रिपोर्ट से साफ होता है-
नवभारत टाइम्स 2 नवंबर, 1984, पेज नंबर सात
सिंगल कालम, व्यापार वार्ता
शेयर दलाल स्तब्ध कारोबार बन्द
प्रधानमंत्री श्रीमती इन्दिरा गांधी की हत्या के समाचार से बुधवार को दिल्ली
सहित देश के सभी शेयर बाजारों में सन्नाटा छाया रहा। कारोबारी स्तब्ध रह गए।
प्रबंधकों ने तो श्रीमती गांधी की गोली मार दिए जाने की खबर पाते ही कारोबार
बन्द करने का नोटिस पहले ही जारी कर दिया था। शेयर दलालों को अनधिकृत कारोबार
करने के विरुद्ध कड़ी चेतावनी भी दे दी गयी गई है। नए आदेश जारी होने तक शेयर
कारोबार बन्द रहेगा। इसीलिए अब अनधिकृत सौदों का कोई अस्तित्व नहीं रह गया।
श्रीमती गांधी के मृत्यु हो जाने की पुष्टि हो जाने के पर शेयर कारोबारी इस
दुखद घटना के सम्भावित असर का जायजा लेते और विचार-विमर्श करते देखे गए।
राष्ट्र को पहुंचे गंभीर आघात के बाद अंतर्धारणा में निराशा का व्याप्त होना
स्वाभाविक था। राजनीतिक ही नहीं आर्थिक क्षेत्रों में भी इस वारदात से अनिश्चित
स्थिति बनी रहेगी। अनेक कम्पनियां अब प्रस्तावित परियोजनाओं और विस्तार
कार्यक्रमों के बारे में पुन विचार करके ही अपने निर्णयों को अन्तिम रुप देंगी।

मर्चेण्ट बैंकिंग क्षेत्रों का अनुमान है कि सार्वजनिक अभिदान के लिए भारी
संख्या में जारी होने वाले कम्पनियों के शेयरों के बारे में उन्हे धीरज और
धैर्य से काम लेना होगा।
बाजार में कुछ लोगों का कहना है कि कुछ दिनों में स्थिति स्पष्ट हो जायेगी।
कारोबारी शीघ्र ही कामकाज में व्यस्त हो जाएंगे। इस देश ने पहले भी ऐसे सदमों
और गम्भीर संकटों का सामना किया है। कोई सन्देह नहीं कि इस वर्तमान संकट से हम
न उबरें।
बम्बई शेयर बाजार के अधिकारियों ने गुरुवार और शुक्रवार को बाजार बन्द रखने का
निर्णय किया है।
तथापि दो नवम्बर को प्रबंध बोर्ड की बैठक में सम्पूर्ण स्थिति पर विचार किया
जाएगा। चालू सौदों का भुगतान 5 और 6 नवम्बर तक स्थगित कर दिया गया है। -रिपोर्ट
खत्म

पर बाजार बाजार ही होते हैं।
बाजार दुर्घटना से स्तब्ध होता है।
फिर संभलने की कोशिश करता है। जबदरस्त से जबरदस्त दुर्घटना के बाद भी बाजार
सामान्य स्थिति की ओर उन्मुख होने की कोशिश करता है। नवभारत टाइम्स की इस
रिपोर्ट में इस बात को रेखांकित करने की कोशिश की गयी है-
बाजार में कुछ लोगों का कहना है कि कुछ दिनों में स्थिति स्पष्ट हो जायेगी।
कारोबारी शीघ्र ही कामकाज में व्यस्त हो जाएंगे। इस देश ने पहले भी ऐसे सदमों
और गम्भीर संकटों का सामना किया है। कोई संदेह नहीं कि इस वर्तमान संकट से हम न
उबरें। ..........
श्रीमती गांधी की हत्या के बाद की अनिश्चितता
शेयर बाजार में श्रीमती गांधी की हत्या के बाद विकट अनिश्चितता बनी रही। शेयर
बाजार पांच दिन बन्द रहे। फिर भी बाजार नरमी के साथ खुला। देखें-

नवभारत टाइम्स, 6 नवम्बर, 1984, पेज छह
दो कालम की खबर
बम्बई शेयर-सेंचुरी तथा रिलायन्स में गिरावट
बम्बई, 5 नवम्बर, (प्रेट्र) स्थानीय शेयर बाजार पांच दिन बन्द रखने के बाद नरमी
की धारणा को लेकर खुला। वर्तमान अनिश्चित स्थिति में सटोरिये सौदे करने में
कतरा रहे थे। समर्थन के अभाव में सेंचुरी व रिलायन्स सहित प्रमुख सूचियों में
व्यापक गिरावट आई।.........

दिल्ली शेयर-नरम रुख
दिल्ली, 5 नवम्बर (एन.एन.एस.) सरकार द्वारा देश में अमन चैन स्थापित करने के
लिए भरपूर कार्यवाही किये जाने के का यद्यपि काफी सीमा तक अनुकूल प्रभाव पड़ा
लेकिन बाजारों में अभी भय व दहशत का वातावरण होने से शेयर बाजार में मंदे का
रुख रहा। लिवाल अभी मार्केट से गायब नजर आये। धन की तंगी भी बढ़ गई। आज ए.सी.सी.
में 5 रु व सैंचुरी स्पिनिंग में 13 रु. निकल गये।
इसी प्रकार गुजरात नर्मदा,ग्वालियर रेयन, हिन्द मोटर व मोदी रबड़ में 1.12 रु.
से 1.87 रु. तथा रैलाइंस टैक्सटाइल में 8.75 रु. की गिरावट आई। लोहिया मशीन्स
3.38 रु. व ओसवाल एग्रो 4.88 रु. और टेल्को 3 रु. टूट गई। इसके विपरीत छुटपुट
समर्थन मिलने से फूड स्पेशिलिटीज एक रुपया और जे.के.सिंथेटिक्स 1.50 रुपये सुधऱ
गए जबकि श्रीराम फाइबर्स पूर्वस्तर पर कायम रहा। रिपोर्ट खत्म।

राजीव गांधी के रुख की प्रतीक्षा
शेयर बाजार में अनिश्चितता काफी लंबे समय तक चली । शेयर बाजार ने श्रीमती गांधी
के निधन को सिर्फ राजनीतिक दुर्घटना के तौर पर नहीं लिया, बल्कि शेयर बाजार इस
सवाल को लेकर चिंतित था कि राजीव गांधी के नेतृत्व में देश की आर्थिक नीतियां
कहां जायेंगी। राजीव गांधी के रुख के लेकर अनिश्चितता को इस रिपोर्ट में साफ
तौर पर चिह्नित किया गया है-
नवभारत टाइम्स 12 नवम्बर, 1984 पेज छह
दो कालम
दिल्ली शेयर बाजार की समीक्षा
सामान्य व्यापारिक स्थिति न होने से शेयर नरम
दिल्ली 11 नवम्बर, (एन.एन.एस.) देश में हिंसात्मक उपद्रव काफी हद तक काबू में आ
जाने पर भी व्यापारिक स्थिति पूर्णत सामान्य न होने और प्रवासी भारतीय
उद्योगपति श्री स्वराज पाल की शेयर खरीद अवैध होने के न्यायायिक निर्णय से गत
सप्ताह अधिकांश शेयरों में नरमी रही। 30 अक्तूबर के बाद शेयर बाजार 5 नवंबर को
खुला था।
आलोच्य सप्ताह शेयर बाजार में अभी नरमी का रुख ही था। श्रीमती इन्दिरा गांधी की
क्रूर हत्या के बाद देश में नफरत की जो हिंसात्मक लहर चली थी उस पर काफी हद तक
सरकार ने काबू पा लिया था और स्थिति सामान्य होती जा रही है मगर अभी उद्योग व
व्यापार ट्रकों की कमी, विद्युत संकट आदि समस्याओं से नहीं उबर पाया था। इसके
अलावा नए प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी का उद्योग व व्यापार ने समर्थन तो किया
है लेकिन अभी तक उनके रुख का पता नहीं चल पाया है। कारोबारी उसकी प्रतीक्षा कर
रहे हैं। .......रिपोर्ट खत्म


जलवे यूटीआई के , छापे की छाप
एक दौर था, जब भारतीय शेयर बाजारों में यूनिट ट्रस्ट आफ इंडिया यानी यूटीआई
द्वारा खरीद या बिक्री किये जाने का बाजार पर बहुत असर पड़ता था। यानी यूटीआई
की खरीदारी से बाजार उठ जाया करता था, और यूटीआई की बिकवाली से बाजार गिर जाया
करता था। पर अब यह इतिहास की बात है। अब बाजार में इतने तरह-तरह के देशी-विदेशी
संस्थान सक्रिय हैं कि यूटीआई का जिक्र तक आम तौर पर शेयर बाजार की रिपोर्टिंग
में नहीं होता है। खास तौर पर विदेशी वित्तीय संस्थानों की खरीद-बिक्री तो अब
शेयर बाजार की रिपोर्टिंग में चिह्नित की जाती है। यानी विदेशी वित्तीय संस्थान
अब बाजार को उठाने-गिराने की हैसियत में हैं। यह हैसियत पहले यूटीआई की थी।
यह दौर और है, वह दौर और था। यूटीआई तब भी था, यूटीआई अब भी है, शेयर बाजार में
फिलोसोफिकल होने की इजाजत हो, तो उस कहावत को याद किया जा सकता है-समय बड़ा
बलवान, भिल्लिन लूटी गोपिका, वे ही अर्जुन वे ही बाण। यूटीआई अब शेयर बाजार को
उठाने-गिराने की हैसियत में नहीं है। पर साहब एक वक्त की बात है, और उस वक्त की
रिपोर्ट देखिये। यूटीआई की खरीद-बिक्री को बाकायदा रिपोर्ट किया जाता था। और इस
बात पर किंचित आश्चर्य भी व्यक्त किया जाता था कि यूटीआई की खऱीद के बावजूद
बाजार अगर नहीं चढ़ा, तो इसका मतलब है कि बाजार सच में भारी ढीलेपन का शिकार
है। देखें-
नवभारत टाइम्स 17 नवम्बर, 1986, पेज नौ
तीन कालम
दिल्ली शेयर समीक्षा
दिल्ली 16 नवम्बर (एन.एन.एस.) बाद में सुधार के बावजूद स्थानीय शेयर बाजार गत
सप्ताह सीमावर्ती तनाव तथा सरकारी छापों के डर से दबा रहा। यूनिट ट्रस्ट द्वारा
कुछ प्रमुख शेयरों में लिवाली किए जाने का वांछित प्रभाव नहीं पडा। बंबई में
दलालों के कागजात अभी वापिस न मिलने से सेटलमेंट का काम स्थगित हो गया। देश की
80 कम्पनियों को पूंजी बढ़ाने की अनुमति मिलने पर भी शेयरों में पूंजी लगाने
वालों का उत्साह ठंडा नजर आया। अधिसंख्य शेयरों में गिरावट आई।
सीमावर्ती तनाव को देखते हुए आलोच्य सप्ताह शेयर बाजार मंदड़ियों के जोर से
दबकर खुला। यद्यपि यूनिट ट्रस्ट द्वारा टाटा स्टील , मुकन्द आयरन, इंडियन रेयन,
ए.सी.सी. इंडियन आर्गेनिक, जुआरी एग्रो आदि शेयरों में लिवाली किए जाने और बंबई
में एक तेजड़िये द्वारा टिस्को और प्रीमियर आटो की भारी लिवाली किये जाने की
खबर थी, लेकिन बंबई शेयर बाजार के कई दलालों के हिसाब-किताब के कागजात जो छापों
के दौरान जब्त हुए थे, वापिस न मिलने से सेटलमेंट का काम रुक जाने तथा फेरा
कानून के अन्तर्गत सरकार द्वारा और सख्ती से छापे डालने की चेतावनी देने से
कारोबारी गतिविधि कमजोर रही।
.........कारोबारियों के विचार में अगर राजनैतिक स्थिति सुधर जाए तथा देश के
आधे राज्यों में जो सूखा पड़ रहा है वहां वर्षा हो जाए तो शेयरों में तेजी आ
सकती है। रिपोर्ट खत्म।


तस्करी का असर, फिर
दरअसल काफी लंबे समय तक तस्करी सोना-चांदी की बाजार रिपोर्टिंग में एक मुख्य
कारक के तौर पर चिह्नित की जाती रही। बल्कि अगर उस दौर की सर्राफा रिपोर्टिंग
को लगातार देखा जाये तो लगता कि यह तस्करी की रिपोर्टिंग ही लगती है। मतलब यह
तक लगता है की सोने-चांदी के बाजार की सटीक रिपोर्टिंग करने के लिए उस दौर के
सर्राफा रिपोर्टर तस्करों के घनिष्ठ संपर्क में रहते होंगे। तस्करी की खबरें
सर्राफा रिपोर्टिंग में नियमित तौर पर देखने में आती थीं। ऐसा लगातार कई सालों
तक होता रहा। देखें-
नवभारत टाइम्स 4 जनवरी, 1987 पेज 7
दो कालम
दिल्ली सर्राफा
तस्करी आवक की चर्चा से चाँदी और गिरी –सोना खामोश
दिल्ली 3 जनवरी (एन.एन.एस.) बंबई से इस सप्ताह लगभग 150 सिल्ली विदेशी चांदी की
तस्करी की आवक होने की चर्चा से चांदी में गिरावट जारी रही। सोना खामोश था।
बंबई में मंदे का समाचार आने तथा तेजड़ियों की खामोशी से चांदी तेजाबी डिलीवरी
4152 से घटकर 4146 रु. प्रति किलो रह गई। चांदी 999 में 4201 रु. पर 7 रु.
प्रति किलो की हानि हुई। कहा जाता है कि गुजरात तथा बंबई में चांदी का तस्कर
आयात फिर शुरु हो गया। इस सप्ताह में लगभग 150 सिल्ली चांदी केवल बंबई में आ
जाने का अनुमान था। सिक्का 7 रु. और टूट गया।
सोने में तस्करी आवक कमजोर होने तथा जेवर वालों की पूछताछ आने सोना बिटूर
पूर्वस्तर पर टिका रहा। जेवर और स्टैंडर्ड सोने में खामोशी रही।
................रिपोर्ट खत्म

सुस्ती व ढीलापन और अनिश्चय का कोहरा
सुस्ती ढीलापन बाजार रिपोर्टिंग में भी था और 1987 के शुरु में शेयर बाजार में
भी था। देखें-
नवभारत टाइम्स 4 जनवरी, 1987, पेज 7 दो कालम

दिल्ली शेयर बाजार की साप्ताहिक समीक्षा

ओसवाल, रेलायंस टिस्को व टेल्को, में तेजी के साथ शुभारंभ
दिल्ली 3 जनवरी (एन.एन.एस.) आलोच्य सप्ताह केवल एक दिन के कारोबार में ओसवाल
एग्रो., टेल्को, रेलायन्स आदि कई शेयरों ने नए साल में तेजी की अच्छी ज्योति
जगाई,जबकि ए.सी.सी. , एस्कार्ट्रस , जे.के. लोहिया में सुस्ती रही। अभी अधिकांश
शेयर सरकारी नीति स्पष्ट न होने के कारण अनिश्चय के कोहरे में फंसे हुए हैं।
गत सप्ताह केवल शुक्रवार को शेयर बाजार खुला था।...
रेलायन्स में चमक
दस्ती डिलीवरी विशिष्ट शेयरों के रेयन वर्ग में रेलायन्स नए साल में नीचे स्तर
पर लिवाली बढने से 172 रु. से बढ़कर 194 रुपये गया। आम धारणा थी कि जिन
लोकप्रिय शेयरों में गिरावट आई है, उनमें लिवाली करने वाला आगे चलकर कमा खा
सकता है। ओर के 94 रु. पर 50 पैसे ऊंचा रहा। .......

एस्कोर्ट्स सुस्त
आटो शेयरों में टेल्को निरंतर तेजड़ियों की लिवाली से 555 से बढ़कर 584 रु.हो
गया। यह उम्मीद है कम्पनी की नई आटो मोबाइल नीति शेयरों में जान डाल देगी।
.....रिपोर्ट खत्म।


मतलब मोटे तौर पर यह कहा जा सकता है बाजार की रिपोर्टिंग में कमोबेश कोई बदलाव
नहीं दिखायी पड़ता। वे ही शब्द, वही ढर्रा। बहुत कुछ बदल रहा था, पर बाजार की
रिपोर्टिंग को देखें, तो शायद बहुत कम बदल रहा था। 1987 में राजनीति नेहरु काल
से राजीव गांधी काल तक सफर तय कर चुकी थी। पर शेयर बाजार की रिपोर्टिंग, सोना
चांदी बाजार की रिपोर्टिंग शायद अभी भी पुराने काल में थी। वो ही शब्द, वो ही
मुहावरे, वो ही ढीलापन, वो ही सुस्ती।
खैर 1987 के बाद के दशक में शेयर बाजार तो बुनियादी तौर पर बदल गये।
पर बाजार की रिपोर्टिंग की भाषा सच में बदली क्या।
इस सवाल का जवाब जानने के लिए मिलते हैं एक ब्रेक के बाद।

-------------------------------------------------------


More information about the Deewan mailing list