[दीवान]'भारतीयता' का समाजशास्त्र और आशीष नंदी की व्यथा-कथा!!
kamal mishra
kissakhwar at gmail.com
Wed Jan 30 22:05:21 IST 2013
दोस्तों,
आशीष नंदी के भ्रस्टाचार पर दिए हालिया वक्तव्य और इसके साथ ही उठ खड़े हुए
विवाद ने न सिर्फ दलित राजनीति को झकझोरा है बल्कि भारतीय परिदृश्य में
एक बौद्धिक की अभिव्यक्ति सम्बन्धी स्वतंत्रता से जुडी हुई बहस को भी एक नयी
ऊँचाई प्रदान कर दी है।' काफ़िला' पर अपने ताजातरीन हस्तक्षेप में, शुद्धाब्रत
सेन गुप्ता, जिनको यह विश्वास हैं की नंदी व्यक्तिगत तौर से कतई जातिवादी नहीं
हैं, भी यह कहने पर मजबूर हैं कि एक तेज-तर्रार मनोवैज्ञानिक और
विद्वान समाजशास्त्री के रूप में नंदी से ऐसे किसी 'गैरजिम्मेदार' वक्तव्य की
उम्मीद कम से कम बौद्धिक समुदाय को नहीं थी। शुद्धाब्रत सेन गुप्ता, जो नंदी
को सी एस डी एस की उस बौद्धिक परंपरा में पूर्णतः स्थापित करते दिखते हैं-
जिसने उत्तर भारत में जाति और चुनावी राजनीति के अंतर्संबंधों को सबसे पहले
प्रकाशित किया, 'आलोचना की एक ऐसी जुबान' ईजाद करने का प्रस्ताव भी नंदी और
हम सबके समक्ष पेश करते हैं 'जो एकजुटता के व्याकरण से निकलती हो'। इस
संक्षिप्त पोस्ट के माध्यम से मैं चंद ऐसी बातें आप मित्रों के साथ साझा करना
चाहता हूँ जिनके बारे में विचार करते हुए सेनगुप्ता साहब की प्रस्तावना न
सिर्फ अत्यंत हास्यास्पद बल्कि बचकानी मालूम पड़ती है। साथ ही, मैं इस बात
को भी ज़ोर दे कर कहना चाहूँगा की नंदी हमारे समय में सभ्यता मूलक विमर्श के
सबसे प्रखर स्वरों में से एक हैं और यही उनकी और इस दौर की भी व्यथा-कथा है।
प्रसंग से भटकाव के लिए मुझे माफ़ करें। लेकिन हिंदुस्तान में एक मिसल मशहूर है
: 'जाति न पूछो साधू की, पूछ लीजिये ज्ञान' तो आइये ऐसे किसी साधू से ही पूछते
हैं की भारतीय सभ्यता और समाज की मौजूदा बदहाली के लिए दरअसल कौन
जिम्मेदार है। वैसे तो आप मेरे चुनाव से असहमत हो सकते हैं लेकिन अब इसका कुछ
भी किया नहीं जा सकता। क्योंकि जिस वक्त आशीष नंदी जयपुर में अपना विवादास्पद
वक्तव्य दे रहे थे, ठीक उसी समय मैं विश्व के एक सबसे बड़े धार्मिक आयोजन
यानी प्रयाग के महाकुम्भ मेले में एक दशनामी नागा साधू, जिसे 'किलेदार' का
रुतबा हासिल है के साथ बैठा ज्ञान लाभ कर रहा था। तो चिलम राम की धुन में या
शायद अपने आस पास बैठे नौजवानों को चमत्कृत कर देने के लोभ वश उक्त
किलेदार-सन्यासी ने अचानक यह कहना शुरू कर दिया कि , पंडित मोतीलाल और जवाहर
लाल नेहरु तक तो फिर भी ठीक था, मगर इंदिरा गाँधी ने जब जाति के बाहर विवाह
किया तो उसका नतीजा वही होना था जो हुआ। साथ ही, उन साधू महाराज ने इस बात पर
भी रौशनी डालने में कोई कोताही नहीं की कि कैसे बापू के सेक्स प्रयोगों में
इंदिरा बचपन में ही शामिल हो रही थीं, और इस महत्वपूर्ण जानकारी का साझा अक्सर
वो किसी से भी नहीं किया करते हैं।
लगे हाँथ इस बात का उल्लेख भी गैर वाजिब न होगा कि इस नाचीज़ को आज से कोई दो
दशक पहले इसी कुम्भ मेले में देवराहा बाबा जैसे संतों के दर्शन का भी सौभाग्य
हासिल है जिनके लिए यह प्रचलित मान्यता है की वो 300 सालों से ज्यादा उम्र तक
तप के प्रभाव से जीवित रहे। बहरहाल, चंद्रा स्वामी के चमत्कारी कारनामों से
वाकफियत के बाद, इस बार देवराहा बाबा जैसे किसी दुर्लभ संत -महात्मा के दर्शन
की ख्वाहिश तो मन में भी न थी मगर यह जरुर देखना समझना चाहता था की 'सभ्यता के
इस महापर्व' में जिसका ज्ञात इतिहास कम से कम कई शताब्दी पुराना है क्या कुछ
चल रहा है। तो किलेदार सन्यासी का ये कहना कि ब्राह्मण जवाहर लाल तक तो ठीक
था, मगर इंदिरा के गैर जिम्मेदार आचरण से देश और काल में सब बदहाली हुई मुझे
काफी दिलचस्प लगा। यहाँ यह भी स्पष्ट कर दूं की इस तर्क से मैं हतप्रभ जरुर
हुआ लेकिन प्रभावित बिल्कुल नहीं। आप जानना चाहते हो क्यों? वो इस लिए की
एक 'ब्राह्मण' (नेहरु जी) को वर्ण व्यवस्था के हिसाब से तो अव्वल राज-कार्य
संभालना ही नहीं चाहिए था! बहरहाल, इस बात का तफसील से साझा मैं इस लिए भी
करना चाहता था की कम से कम मुझे ये साधू महाराज एक सभ्यता और उसके सरोकारों के
जीते जागते प्रतिनिधि लगे। अब ये तो आप सब जानते हैं की आयुध धारी सन्यासियो
के दो गुट कैसे अकबर के समय में आपस में भीड़ गए थे और गवाह के बतौर स्वयं
पादशाह वहां बुलाये गए थे। फिर ईस्ट इण्डिया कम्पनी के ज़माने में अनूप गिरी जी
ने नागा सन्यासियो के अपने दल बल के साथ कैसे उत्तर भारत में अंग्रेज
बहादुर का झंडा बुलंद रखा था। और, उत्तर भारत में मुगलों का सिक्का भले
ही चलता था मगर अठारहवीं सदी तक आते आते व्यापार और लेन-देन के लिहाज से
भी हुकूमत तो इन्हीं आयुध धारी सन्यासियो की ही थी। अंत में, 'किलेदार'
जैसा ओहदा क्या आप को किसी और भी सच्चाई का आभास नहीं देता! खैर, सभ्यता के इस
महापर्व और इस में सार्वजनिक रूप से एक सन्यासी द्वारा की गयी एक नितांत
जातिवादी और एक हद तक 'अश्लील' टिपण्णी का उद्धरण के बतौर इस्तेमाल मैं यहाँ
बस यह साफ करने के लिए कर रहा हूँ की मौजूदा शासन सत्ता और लोकप्रियता को वोट
में बदलने वाली राजनैतिक संरचना चाहे जो भी सोचे-समझे यह कतई जरुरी नहीं
की व्यापक समाज
भी उसकी ही तर्ज पर बराबर सोचता-समझता हो। मैं समझता हूँ की आशीष नंदी जैसे
विचारक और भारतीयता के समाजशास्त्री हमें इसी व्यापक समाज-संस्कृति से
एक आलोचनात्मक संवाद के लिए उकसाते रहे हैं। वो अपने लेखन और चिंतन के जरिये
भी उस सभ्यता से संवाद की गुंजाईश बनाते हैं जिसको सिर्फ पश्चिम के
आधुनिकतावादी चश्में से नहीं समझा जा सकता । और एक हद तक वो कबीर की उस
देशज परंपरा की कड़ी हैं जिन्हें न 'पंडित' से कुछ फाएदा है और न 'मुल्ला' से
कोई लाभ। तब भला क्यों आज नंदी इस तरह से निशाने पर है? ऐसा भी लगता है की
भारतीयता का समाज शास्त्र रचते हुए नंदी अब तक एक सेलेब्रिटी बन गए हैं। तब
हैरत नहीं की विवाद और सेलेब्रिटी का रिश्ता तो हमारे इस दौर और नंदी के खास
सन्दर्भ में चोली-दामन का ही हो सकता है।
मुझे सेनगुप्ता साहब की तरह आशीष नंदी को व्यक्तिगत तौर से जानने का सौभाग्य
अब तक हासिल नहीं हुआ है। वैसे, इस बात का मुझे कोई मलाल भी नहीं है। इसकी एक
वजह तो ये है की नंदी को करीब से जानने के अपने दावों के बावजूद सेनगुप्ता
उन्हें पश्चिम की उन प्रतिभाओं मसलन मार्टिन हैड़ेगर, मिशेल फूको, हन्ना
अरेन्देत, एलेग्जेंडर सोल्यजेनित्स्य्न, और ज्यां पॉल सात्र के समक्ष रखते
हैं जिनका बौद्धिक शिखर से 'पतन' अपने आप में एक मिसाल है। तो सबसे पहले तो यह
समझाना होगा की क्या नंदी वाकई इन नामचीन पश्चिमी विचारकों की
तरह बौद्धिक शिखर से पतित हो गए हैं ? या, नंदी सार्वजनिक बुद्धिजीवी तो हैं
लेकिन एक दूसरी ही जमात के। मेरा अनुरोध है की नंदी को उनकी वास्तविक चिन्तन
परंपरा में ही देखा समझा जाना चाहिए और यह परंपरा है गाँधी और उसके
बाद धरमपाल की। सनद रहे, ये वही धरमपाल जी हैं जिन्होंने उग्र
हिंदुत्ववादिओं को मस्जिद पर हमले के बाद पश्चिमी माडेल पर खड़ी संसद को
नेस्तनाबूंद करने का मंत्र दे डाला था। और ऐसा कह सकने का साहस वो गाँधी जी के
ग्राम स्वराज के दर्शन के ही अलोक में कर सकते थे। नंदी जिस भारतीयता
के समाजशास्त्र के हामी हैं वह जाति और वर्ण व्यवस्था को किसी जड़ परंपरा का
हिस्सा मान कर ख़ारिज नहीं करता। न ही यह उसे सिर्फ उत्पीडन का औजार भर मानता
है। मेरी अपनी सीमित मति के हिसाब से भारतीयता का वह मुहावरा, जिसको नंदी
भी अपने लेखन और चिंतन में बराबर बरतते आये हैं, अनेको बार आधुनिक राष्ट्र-
राज्य की वर्चस्ववादी विचारधारा, इस के तथाकथित समतामूलक प्रयोगों, और
नागरिकता के (व्यव्हार में सिरे से अस्पष्ट, मगर सैद्धांतिक रूप से
पूर्णतः जायज) सामान दावों के खिलाफ भी खड़ा नजर आता है। यहाँ सवाल यह है कि
क्या नंदी जैसे विचारक घनघोर जातिवादी हैं या भारतीयता का वो मुहावरा ही कुछ
ऐसा है जो इसका इस्तेमाल करने वालों को आधुनिकता के तथाकथित समतामूलक विमर्शों
के बरखिलाफ खड़ा कर देता है। तब यह कहाँ तक न्याय संगत है कि हम नंदी को अपनी
सुविधा के हिसाब से सिर्फ सी एस डी एस की ही बौद्धिक धारा में
पूर्णतः स्थापित देखें, या पश्चिमी दार्शनिक और क्रांतिकारी
विचारकों की तुलना में उनसे आलोचना की वो जुबान बरतने का आग्रह करें जो
एकजुटता के व्याकरण से निकलती हो!
-------------- next part --------------
An HTML attachment was scrubbed...
URL: <http://mail.sarai.net/pipermail/deewan/attachments/20130130/59369d08/attachment-0001.html>
More information about the Deewan
mailing list